SBI Research Report: इतिहास में पहली बार डॉलर के मुकाबले रुपये में गिरावट दर्ज की जा रही है। SBI की एक रिसर्च रिपोर्ट में कहा गया है कि डॉलर के मुकाबले रुपये में जितनी तेज गिरावट हाल के दिनों में देखने को मिली है, वैसी पहले कभी नहीं देखी गई थी। एक डॉलर के भाव को 85 से 90 रुपये तक पहुंचने में इस बार सिर्फ 349 दिन लगे, जबकि इससे पहले डॉलर-रुपये के एक्सचेंज रेट में 5 रुपये का अंतर आने में इससे काफी अधिक वक्त लगता रहा है।
रुपये में इससे पहले सबसे तेज गिरावट तब देखी गई थी, जब एक डॉलर का भाव 70 से 75 रुपये तक पहुंचने में 581 दिन यानी करीब 19 महीने लगे थे। वहीं, 1 डॉलर का भाव 65 से 70 रुपये तक पहुंचने में तो पूरे 1815 दिन यानी 5 साल से भी ज्यादा वक्त लगा था। 1 डॉलर का रेट 75 से 80 रुपये तक पहुंचने में 917 दिन (ढाई साल) और 80 से 85 रुपये तक पहुंचने में 819 दिन यानी 2 साल से ज्यादा वक्त लगा था।
रुपये की होगी दमदार वापसी
चालू वित्त वर्ष की दूसरी छमाही में रुपया दमदार वापसी कर सकता है। डॉलर के मुकाबले इसकी कीमत में मजबूती देखने को मिल सकती है। यह जानकारी एसबीआई रिसर्च की ओर से बुधवार को जारी एक रिपोर्ट में दी गई। एसबीआई रिसर्च ने कहा कि वैश्विक अस्थिरता और भारत-अमेरिका के बीच व्यापार समझौते में देरी के कारण हाल के महीनों में डॉलर के मुकाबले रुपए में गिरावट दर्ज की गई है।
गुरुवार को डॉलर के मुकाबले रुपये में मजबूती
हालांकि, गुरुवार को डॉलर के मुकाबले रुपये में मजबूती देखने को मिली और यह 90.25 के स्तर पर पहुंच गया। एसबीआई की रिपोर्ट के अनुसार, दिनों की संख्या के लिहाज से रुपये में मौजूदा गिरावट अब तक की सबसे तेज गिरावटों में से एक है। एक साल से भी कम समय में रुपया प्रति डॉलर 85 से गिरकर 90 तक आ गया है।