Sugar Import Rules Revised: सरकार के इस फैसले से चीनी के दाम में बड़ी राहत, रक्षाबंधन से पहले 18% तक गिरे भाव

Sugar Import Rules Revised: त्योहारों से पहले केंद्र सरकार ने कच्ची चीनी के आयात नियमों में ढील दी है।  सरकार ने कीमतों में उछाल के बीच  31 अक्टूबर की डेडलाइन हटा दी है। 

Shivam Shukla
अपडेटेड26 Aug 2026, 09:14 AM IST
Sugar Import Rules Revised: सरकार के इस फैसले से चीनी के दाम में बड़ी राहत, रक्षाबंधन से पहले 18% तक गिरे भाव
Sugar Import Rules Revised: सरकार के इस फैसले से चीनी के दाम में बड़ी राहत, रक्षाबंधन से पहले 18% तक गिरे भाव

Sugar Import Rules Revised: देश में फेस्टिव सीजन शुरू होने से पहले चीनी के दाम में रिकॉर्ड उछाल देखने को मिला है। अगस्त के महीने में चीनी की कीमतों में 20 से 25 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसी दबाव को कम करने के लिए केंद्र सरकार ने इंपोर्टेड कच्ची चीनी के नियमों में बड़ा फेरबदल किया है। विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT) ने इंपोर्ट्स के लिए 31 अक्टूबर तक चीनी तैयार कर बाजार में बेचने की पुरानी डेडलाइन को हटा दिया है। इससे घरेलू बाजार में चीनी की पर्याप्त सप्लाई सुनिश्चित होगी।

आयातकों को मिली बड़ी राहत

सरकार के नए बदलाव के मुताबिक, अब चीनी रिफाइनरियों को बिल ऑफ एंट्री दाखिल करने की तारीख से दो महीने का समय मिलेगा। इसी अवधि के भीतर उन्हें कच्ची चीनी को साफ यानी रिफाइंड चीनी में बदलकर घरेलू बाजार में बेचना होगा। हालांकि, देश में कच्ची चीनी लाने की अंतिम तारीख अभी भी 31 अक्टूबर ही तय की गई है। इस फैसले के पीछे का बड़ा कारण ब्राजील जैसे प्रमुख उत्पादक देशों से आने वाले जहाजों में लगने वाला समय है। ब्राजील से भारत तक खेप पहुंचने में लगभग 40 से 45 दिन लगते हैं। इसके बाद बंदरगाहों पर अनलोडिंग, कारखानों तक ढुलाई और फिर चीनी को रिफाइन करने में काफी वक्त लगता है।

तेजी से गिरे चीनी के दाम

सरकार के इस फैसले और जमाखोरी के खिलाफ उठाए गए कदमों का असर अब थोक बाजार पर दिखने लगा है। खाद्य सचिव संजीव चोपड़ा के मुताबिक, मिलों से निकलने वाली चीनी के दाम 18 फीसदी गिरकर 55 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गए हैं। पिछले हफ्ते यही भाव रिकॉर्ड 67 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गया था। सरकार का स्पष्ट मानना है कि देश में चीनी का पर्याप्त भंडार मौजूद है और मिलों की तरफ से कृत्रिम रूप से दाम बढ़ाए गए थे, जिन पर अब लगाम लग चुकी है।

आम आदमी पर क्या पड़ेगा असर?

बता दें कि थोक भाव में आई इस गिरावट का पूरा फायदा खुदरा बाजार तक पहुंचने में कुछ दिन का समय लग सकता है। उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, अखिल भारतीय स्तर पर थोक चीनी का औसत दाम 58.29 रुपये प्रति किलोग्राम और खुदरा दाम 63.05 रुपये प्रति किलोग्राम दर्ज किया गया है। आगामी पेराई सत्र (2025-26) में उत्पादन अनुमान घटने की आशंका के बीच सरकार ने करीब एक दशक बाद 10 लाख टन कच्ची चीनी के शुल्क-मुक्त आयात को मंजूरी दी है। इसके साथ ही बड़े उपभोक्ताओं के लिए स्टॉक सीमा तय कर दी गई है और राज्यों को जमाखोरों पर कड़ी निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

होमबिजनेसSugar Import Rules Revised: सरकार के इस फैसले से चीनी के दाम में बड़ी राहत, रक्षाबंधन से पहले 18% तक गिरे भाव
More