Third Party Insurance: अगर आप नई कार या बाइक खरीदने की तैयारी कर रहे हैं, तो अब आपकी जेब पर पहले से थोड़ा ज्यादा खर्च आ सकता है। इसकी वजह वाहन की कीमत नहीं, बल्कि अनिवार्य मोटर इंश्योरेंस का नया नियम है। सुप्रीम कोर्ट ने सड़क सुरक्षा और दुर्घटना पीड़ितों को समय पर मुआवजा सुनिश्चित करने के मकसद से नए वाहनों के लिए थर्ड-पार्टी इंश्योरेंस की अनिवार्य अवधि बढ़ा दी है।
अब नई कार के साथ 4 साल और नई बाइक के साथ 6 साल का थर्ड-पार्टी इंश्योरेंस लेना होगा। अदालत ने यह भी कहा कि देश में बड़ी संख्या में वाहन बिना वैलिड थर्ड-पार्टी इंश्योरेंस के चल रहे हैं, जिससे दुर्घटना पीड़ितों को मुआवजा पाने में मुश्किल होती है।
क्या बदला है नया नियम?
पहले नई कार खरीदने पर 3 साल और नई दोपहिया खरीदने पर 5 साल का थर्ड-पार्टी इंश्योरेंस अनिवार्य था। सुप्रीम कोर्ट के नए आदेश के बाद इसमें एक-एक साल की बढ़ोतरी कर दी गई है।
- नई कार – अब 4 साल का थर्ड-पार्टी इंश्योरेंस अनिवार्य
- नई बाइक – अब 6 साल का थर्ड-पार्टी इंश्योरेंस अनिवार्य
यह नियम वाहन खरीदते या रजिस्ट्रेशन के समय लागू होगा।
थर्ड-पार्टी और कॉम्प्रिहेंसिव इंश्योरेंस में क्या अंतर है?
यही वह सवाल है, जिसे लेकर सबसे ज्यादा भ्रम रहता है। थर्ड-पार्टी इंश्योरेंस केवल दूसरे व्यक्ति, उसके वाहन या संपत्ति को हुए नुकसान की कानूनी भरपाई करता है। यदि आपकी अपनी कार या बाइक दुर्घटना में क्षतिग्रस्त हो जाती है, तो इस पॉलिसी से उसका खर्च नहीं मिलता। वहीं कॉम्प्रिहेंसिव इंश्योरेंस में थर्ड-पार्टी कवर के साथ-साथ आपकी अपनी गाड़ी को दुर्घटना, चोरी, आग, बाढ़ या अन्य प्राकृतिक और मानव-जनित जोखिमों से हुए नुकसान का भी कवर मिलता है।
क्या बाद में पॉलिसी अपग्रेड कर सकते हैं?
हां। यदि आपके पास पहले से लंबी अवधि का थर्ड-पार्टी इंश्योरेंस है, तो आपको पॉलिसी खत्म होने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। आप बीच में ही Standalone Own Damage (SAOD) पॉलिसी खरीदकर उसे कॉम्प्रिहेंसिव सुरक्षा के बराबर बना सकते हैं। दोनों पॉलिसियों की अवधि एक साथ समाप्त होने के हिसाब से कवर दिया जाता है।
क्या डीलर से ही इंश्योरेंस खरीदना जरूरी है?
नहीं। वाहन खरीदने वाला ग्राहक अपनी पसंद की किसी भी बीमा कंपनी या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से मोटर इंश्योरेंस खरीद सकता है। डीलर से इंश्योरेंस लेना अनिवार्य नहीं है। हालांकि, सड़क पर वाहन चलाने से पहले वैध थर्ड-पार्टी इंश्योरेंस होना कानूनन जरूरी है।
सुप्रीम कोर्ट ने यह फैसला क्यों लिया?
अदालत ने कहा कि देश में बड़ी संख्या में वाहन बिना वैध थर्ड-पार्टी इंश्योरेंस के चल रहे हैं। इससे सड़क दुर्घटना के पीड़ितों और उनके परिवारों को मुआवजा पाने के लिए लंबी कानूनी प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है। इसी वजह से अदालत ने इंश्योरेंस अनुपालन बढ़ाने के लिए यह कदम उठाया है। साथ ही "नो इंश्योरेंस, नो फ्यूल" जैसे मॉडल पर पायलट प्रोजेक्ट तैयार करने का भी सुझाव दिया गया है।
नई गाड़ी खरीदने वालों के लिए क्या है सीख?
यदि आप नई कार या बाइक खरीद रहे हैं, तो केवल अनिवार्य थर्ड-पार्टी कवर पर निर्भर रहने के बजाय अपनी जरूरत के अनुसार कॉम्प्रिहेंसिव मोटर इंश्योरेंस पर भी विचार करें। इससे आपकी अपनी गाड़ी को होने वाले नुकसान का वित्तीय जोखिम भी काफी हद तक कम हो सकता है।
सुप्रीम कोर्ट ने दिए निर्देश
जस्टिस संजय करोल और जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा की पीठ ने केंद्र सरकार को एक पायलट प्रोजेक्ट शुरू करने का निर्देश दिया है। इसके तहत पेट्रोल पंपों को गाड़ियों के वैलिड थर्ड-पार्टी इंश्योरेंस से जोड़ा जाएगा। अगर किसी गाड़ी का बीमा वैलिड नहीं पाया जाता है, तो पेट्रोल पंप पर उसे पेट्रोल या डीजल देने से मना कर दिया जाएगा। जब तक गाड़ी मालिक बीमा नहीं करा लेता, तब तक गाड़ी को ईंधन नहीं मिलेगा।