
नई दिल्ली: भारत ने इस वर्ष 2026 में रूसी कच्चे तेल की खरीद को जिस तेजी से बढ़ाया, उससे वैश्विक तेल बाजार में एक महत्वपूर्ण बदलाव का पता चलता है। साल की शुरुआत में जहां भारतीय रिफाइनर रूसी तेल की खरीद घटाकर करीब 1 मिलियन बैरल प्रतिदिन तक ले आ गए थे, वहीं जून और जुलाई में आयात 2.6 मिलियन बैरल प्रतिदिन से ऊपर पहुंच गया। लेकिन यह तेजी लंबे समय तक कायम नहीं रही। अगस्त में रूसी तेल की भारतीय खरीद करीब 1.87 मिलियन बैरल प्रतिदिन रहने का अनुमान है।
फाइनैंशियल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इस वर्ष जून और जुलाई महीनों में भारत ने प्रतिदिन 2.6 मिलियन बैरल से अधिक रूसी कच्चा तेल खरीदा। फरवरी में यह स्तर करीब 1 मिलियन बैरल प्रति दिन तक गिर गया था। खाड़ी में संघर्ष और होर्मुज जलडमरूमध्य के जरिए मध्य पूर्व से कच्चे तेल की आपूर्ति में बाधा के बाद भारतीय रिफाइनरियों ने रूसी आपूर्ति की ओर तेजी से रुख किया।
Kpler के अनुसार जुलाई में भारत के कच्चे तेल के कुल आयात में रूसी तेल का हिस्सा रिकॉर्ड 50.83% रहा। अप्रैल-जुलाई 2026 की पूरी अवधि में यह औसत 43.25% था, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में रूस की हिस्सेदारी करीब 37% थी। यह बदलाव केवल रूस के पक्ष में नहीं हुआ। इसी अवधि में मध्य पूर्व के देशों की हिस्सेदारी लगभग 43% से घटकर 30% रह गई, जबकि लैटिन अमेरिका की हिस्सेदारी 3.5% से बढ़कर 12.7% हो गई। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) भी इराक को पीछे छोड़कर भारत का दूसरा सबसे बड़ा क्रूड सप्लायर बन गया।
जून-जुलाई का रिकॉर्ड स्तर यह मानने का पर्याप्त आधार नहीं है कि भारत और रूस के बीच तेल व्यापार एक नई स्थायी सामान्य स्थिति में पहुंच गया है। अगस्त में भारत का रूसी तेल आयात करीब 1.87 मिलियन बैरल प्रति दिन रहने का अनुमान है। यह जून-जुलाई के 2.7 मिलियन बैरल प्रति दिन से अधिक के स्तर की तुलना में करीब एक-तिहाई कम है।
इस गिरावट की एक बड़ी वजह चीन है। चीन को मिडल ईस्ट से मिलने वाली कुछ आपूर्ति में व्यवधान के बाद वहां के रिफाइनरियों ने रूसी कच्चे तेल के लिए अधिक आक्रामक तरीके से बोली लगानी शुरू कर दी। अगस्त में चीन का समुद्र के रास्ते आने वाले रूसी तेल का आयात करीब 1.25 मिलियन बैरल प्रति दिन रहने का अनुमान है, जबकि जुलाई में यह करीब 1.42 मिलियन बैरल प्रति दिन था। इसके अलावा चीन को पाइपलाइन के जरिए भी लगभग 1 मिलियन बैरल प्रति दिन रूसी तेल मिलता है।
परंपरागत रूप से भारत और चीन रूसी तेल के अलग-अलग हिस्सों पर ज्यादा निर्भर रहे हैं। चीन मुख्य रूप से रूस के पूर्वी बंदरगाहों से एस्पो (ESPO) क्रूड खरीदता है, जबकि भारत यूरोपीय बंदरगाहों से यूरल्स (Urals) खरीदता है।
लेकिन अगस्त में चीन ने रूसी यूरोपियन बंदरगाहों से अपनी खरीद बढ़ाई। इसका सीधा असर भारतीय रिफाइनरियों पर पड़ा। भारत के लिए यूरोपीय बंदरगाहों से उपलब्ध रूसी बैरल्स की मात्रा अगस्त में लगभग 30% घटकर करीब 1.82 मिलियन बैरल प्रति दिन रह गई। इसका मतलब है कि रूस भारत के लिए एक महत्वपूर्ण वैकल्पिक सप्लायर जरूर है, लेकिन वह ऐसा सप्लायर नहीं है जिसके पास भारत के लिए असीमित अतिरिक्त तेल उपलब्ध हो।
रूस पर निर्भरता की सबसे बड़ी कमजोरी यही है। रूसी कच्चे तेल पर भारत की निर्भरता को केवल जियोपॉलिटिकल अलायंस या स्ट्रैटिजिक पार्टनरशिप के नजरिए से देखना गलती होगी। यह सबसे पहले एक कमर्शियल रिश्ता है। जब रूसी कच्चे तेल पर प्रतिबंधों के कारण छूट बढ़ी, तब भारतीय रिफाइनरियों के लिए रूसी कच्चे तेल की खरीद फायदेमंद हो गई। इस वर्ष जनवरी के आसपास रूस का कच्चा तेल, सऊदी या इराकी क्रूड से लगभग 9 से 10 डॉलर प्रति बैरल सस्ता था।
लेकिन यही अर्थशास्त्र अब उलटी दिशा में भी काम कर सकता है। यदि चीन और भारत, दोनों रूसी तेल के लिए प्रतिस्पर्धा करते हैं, तो रूसी विक्रेताओं को भारतीय रिफाइनरियों को पहले जैसा बड़ा डिस्काउंट देने की मजबूरी नहीं होगी। इसलिए रूस से अधिक तेल खरीदना कोई एनर्जी सिक्यॉरिटी नहीं है। अगर किसी एक सप्लायर की आपूर्ति पर निर्भरता बढ़ती है और उसी सप्लायर के बैरल्स के लिए दूसरे बड़े खरीदार से प्रतिस्पर्धा शुरू हो जाती है, तो सप्लाई सिक्यॉरिटी के साथ-साथ प्राइस सिक्यॉरिटी भी कमजोर हो सकती है।
इसलिए, अगले कुछ महीनों में सबसे महत्वपूर्ण संकेतक केवल यह नहीं होगा कि भारत कितनी ज्यादा मात्रा में रूस से कच्चा तेल खरीदता है। ज्यादा महत्वपूर्ण होगा कि कच्चे तेल की कीमत पर भारत कितनी छूट हासिल कर पाता है, भारत पहुंचने पर रूसी कच्चे तेल की लागत कितनी पड़ती है, और चीन कितनी ज्यादा मात्रा में रूसी तेल की डिमांड करता है।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.
MoreOops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.