TCS Layoffs: भारत की सबसे बड़ी IT सर्विस कंपनियों में शामिल टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने ग्लोबल लेवल पर करीब 12,000 कर्मचारियों की छंटनी का ऐलान किया था। यह कंपनी के कुल वर्कफोर्स का करीब 2 फीसदी है। जून 2025 के अंत तक TCS में कुल 6,13,069 कर्मचारी थे। गौरतलब है कि हाल ही में अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी ने 5,000 नए कर्मचारियों की भर्ती भी की थी। इस बीच भारत के श्रम मंत्रालय ने कंपनी को नोटिस भेज दिया था। इससे कंपनी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। मंत्रालय ने कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों को 1 अगस्त को पूछताछ के लिए बुलाया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, श्रम मंत्रालय का यह कदम आईटी कर्मचारियों के संगठन ‘नैसेंट इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी एम्प्लॉईज सीनेट ( Nascent Information Technology Employees Senate - NITES)’ की तरफ से चीफ लेबर कमिश्नर को दी गई शिकायत के बाद उठाया गया है। इधर ये भी कहा जा रहा है कि आईटी मंत्रालय भी पूरी स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं और सूचना-प्रौद्योगिकी कंपनी के संपर्क में है।
नोटिस में इन मुद्दों का किया गया है जिक्र
CNBC Awaaz की रिपोर्ट के अनुसार, श्रम मंत्रालय ने TCS को दो प्रमुख मुद्दों पर तलब किया है। इसमें पहला है कि आखिर कंपनी अपने वर्कफोर्स के 2 फीसदी यानी यानी 12000 कर्मचारियों की छंटनी क्यों कर रहा है? वहीं दूसरा मामला ये है कि कंपनी ने 6000 प्रोफेशनल्स की भर्ती का मामला अटका दिया है। ये वो लोग हैं, जिन्हें कंपनी ने ऑफर लेटर दे दिया, लेकिन ज्वाइनिंग नहीं कराई।
ऐसे में चीफ लेबर कमिश्नर ने NITES की शिकायत पर एक्शन लेते हुए कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों को 1 अगस्त को पेश होने के निर्देश दिए हैं। मंत्रालय ने इन दोनों मामलों में विस्तार से जवाब मांगा है। बता दें कि NITES ने 28 जुलाई कंपनी की ओर से छंटनी का ऐलान की कड़ी आलोचना की है। NITES ने इसे अमानवीय, अनैतिक और पूरी तरह से अवैध कहा है।
NITES ने श्रम मंत्रालय से की छंटनी रोकने की अपील
NITES ने चेतावनी दी कि अगर TCS जैसी बड़ी कंपनी को बिना उचित प्रक्रिया के छंटनी की अनुमति मिलती है, तो यह उद्योग के लिए खतरनाक मिसाल बन जाएगी। NITES ने सरकार से इस मामले का तत्काल संज्ञान लेने, टीसीएस को नोटिस जारी करने, सभी छंटनी रोकने की अपील की है। NITES ने कहा कि आईटी कंपनी टीसीएस के इस फैसले से ज्यादातर मिड और सीनियर लेवल के प्रोफेशनल्स प्रभावित होंगे। ये वो लोग हैं, जिन्होंने कंपनी में 20 साल तक निष्ठापूर्वक अपनी सेवाएं दी है। टीसीएस ने कर्मचारियों को बिना नोटिस दिए सरकार को बगैर सूचित किए हुए हजारों लोगों की छंटनी करने की तैयारी कर ली है।