निकट भविष्य में नई इलेक्ट्रिक कार खरीदने की प्लानिंग कर रहे हैं तो यह खबर आपके काम की है। भारत का इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) बाजार 2026 में एक बड़े बदलाव की ओर बढ़ रहा है। आने वाले समय में 20 लाख रुपये से कम कीमत वाली इलेक्ट्रिक कारों की भरमार देखने को मिल सकती है। बता दें कि कंपनियां आम ग्राहकों को ध्यान में रखकर बेहतर रेंज, नए फीचर्स और किफायती कीमतों वाली कारें लाने की तैयारी में हैं। मारुति सुजुकी, टोयोटा, टाटा और वियतनाम की कंपनी विनफास्ट जैसे बड़े नाम इस रेस में शामिल हैं। आइए जानते हैं 2026 में लॉन्च होने वाली ऐसी ही कुछ ईवी के बारे में विस्तार से।
मारुति ई विटारा
सबसे ज्यादा चर्चा में है मारुति सुजुकी ई विटारा जिसके साथ कंपनी पहली बार फुल-इलेक्ट्रिक सेगमेंट में एंट्री करेगी। यह एसयूवी हुंडई क्रेटा इलेक्ट्रिक, महिंद्रा BE6, MG ZS EV और टाटा कर्व EV जैसी गाड़ियों को टक्कर देगी। कंपनी इसमें 49kWh और 61kWh के दो बैटरी ऑप्शन दे सकती है। यह एक बार चार्ज करने पर कार 543 किलोमीटर तक की रेंज देगी। सेफ्टी के मामले में भी इसे 5-स्टार रेटिंग मिलने की बात कही जा रही है, जो इसे फैमिली खरीदारों के लिए और आकर्षक बनाएगी।
अर्बन क्रूजर एबेला
मारुति की ही टेक्नोलॉजी पर बेस्ड टोयोटा अर्बन क्रूजर एबेला भी भारतीय बाजार में दस्तक देने को तैयार है। इसमें भी 49kWh और 61kWh बैटरी पैक मिलेंगे। खास बात यह है कि टोयोटा इसे Battery-as-a-Service (BaaS) ऑप्शन के साथ पेश कर सकती है, जिससे शुरुआती कीमत कम रखी जा सकेगी। दूसरी ओर विनफास्ट की लिमो ग्रीन एक अलग तरह की पेशकश होगी। यह 5+2 सीटिंग वाली MPV-कम-क्रॉसओवर है जो करीब 450 किलोमीटर की रेंज ऑफर कर सकती है।
विनफास्ट VF3
लो-बजट EV चाहने वालों के लिए विनफास्ट VF3 काफी दिलचस्प ऑप्शन बन सकती है। यह एक कॉम्पैक्ट, बॉक्सी डिजाइन वाली इलेक्ट्रिक कार होगी, जिसकी कीमत 8 से 10 लाख रुपये के बीच रहने की उम्मीद है। वहीं, टाटा भी पीछे नहीं है। कंपनी की पंच ईवी फेसलिफ्ट आने वाले समय में नए डिजाइन एलिमेंट्स के साथ पेश की जा सकती है। हालांकि, इसमें 25 kWh और 35 kWh बैटरी वाले मौजूदा पावरट्रेन ही रहने की संभावना है।