Trump news: अगले साल भारत आएंगे अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप, क्या ट्रेड डील पर फाइनल होगी बातचीत?

Donald Trump news: डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी की तारीफ करते हुए उन्हें अपना अच्छा दोस्त बताया और संकेत दिया कि वे अगले साल भारत आ सकते हैं। अब सबकी नजर इस बात पर है कि क्या उनकी इस यात्रा से भारत-अमेरिका के बीच चल रही ट्रेड डील को अंतिम रूप मिलेगा या नहीं।

Priya Shandilya
अपडेटेड7 Nov 2025, 11:01 AM IST
मोदी की तारीफ में बोले ट्रंप- ‘वो मेरे दोस्त हैं’, भारत यात्रा का दिया संकेत
मोदी की तारीफ में बोले ट्रंप- ‘वो मेरे दोस्त हैं’, भारत यात्रा का दिया संकेत(Reuters)

Donald Trump news: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफों के पुल बांधे हैं। उन्होंने मोदी को एक महान व्यक्ति और अपना दोस्त बताया। वैसे तो ट्रंप अक्सर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हैं, पर इस बार लगता है वे अपनी दोस्ती निभाने भारत आएंगे। दरअसल, ट्रंप ने इशारा दिया है कि वे अगले साल भारत की यात्रा पर आ सकते हैं, ताकि दोनों देशों के बीच व्यापारिक रिश्तों को और मजबूत किया जा सके।

प्रधानमंत्री मोदी एक महान इंसान हैं और मैं भारत जाऊंगा: ट्रंप

ट्रंप व्हाइट हाउस में मीडिया से बात कर रहे थे, जब उन्होंने वजन घटाने की दवाओं की कीमत घटाने पर नई डील की घोषणा की। इसी दौरान उन्होंने पीएम मोदी से बातचीत को लेकर कहा, “उन्होंने कहा, "मोदी जी ने रूस से खरीदना काफी हद तक बंद कर दिया है। वो मेरे दोस्त हैं और हम बात करते रहते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक महान इंसान हैं। वो चाहते हैं कि मैं भारत आऊं। हम इसे तय करेंगे, मैं जाऊंगा... प्रधानमंत्री मोदी एक महान इंसान हैं और मैं भारत जाऊंगा।"

जब उनसे पूछा गया कि क्या वो अगले साल भारत जाने का प्लान बना रहे हैं, तो ट्रंप ने जवाब दिया, "हो सकता है, हां।" इससे पहले, इकोनॉमिक टाइम्स ने एक सूत्र के हवाले से बताया था कि बहुप्रतीक्षित ट्रेड डील को लेकर गहन बातचीत चल रही है और उसका फ्रेमवर्क जल्द तय किया जाएगा।

ट्रेड डील को लेकर बातचीत जारी

ट्रंप की ये टिप्पणी ऐसे समय आई है जब भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को लेकर लगातार बातचीत चल रही है। दोनों देशों के बीच मार्च से अब तक पांच राउंड की चर्चा हो चुकी है। इस ट्रेड डील का मकसद है कि मौजूदा 191 बिलियन डॉलर के व्यापार को बढ़ाकर 2030 तक 500 बिलियन डॉलर तक पहुंचाया जाए। दोनों देशों के नेताओं ने फरवरी में इस समझौते का खाका तय किया था।

पीयूष गोयल ने की थी हाई-लेवल मीटिंग्स

सितंबर में वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल अमेरिका गए थे, जहां उन्होंने इस डील पर कई उच्चस्तरीय वार्ताएं कीं। उनके साथ मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, विशेष सचिव और भारत के मुख्य वार्ताकार राजेश अग्रवाल भी मौजूद थे। इसके पहले, अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली में भारत के अधिकारियों के साथ बैठक की थी, जिसमें दोनों पक्षों ने ‘पॉजिटिव और फॉरवर्ड-लुकिंग’ चर्चा की और डील को जल्द से जल्द फाइनल करने पर सहमति जताई।

रूस से तेल आयात पर अमेरिका की आपत्ति

अमेरिका की एक बड़ी चिंता है भारत का रूस से तेल आयात करना। फिलहाल भारत अपनी करीब 34% कच्चे तेल की जरूरत रूस से पूरी करता है, जबकि करीब 10% तेल और गैस अमेरिका से आता है। ट्रंप चाहते हैं कि भारत रूस से तेल खरीद कम करे और अमेरिका व उसके सहयोगी देशों से ज्यादा खरीदे। इसी मुद्दे पर उन्होंने पहले भारत के निर्यात पर 25% टैरिफ भी लगाया था।

भारत-अमेरिका ट्रेड का बढ़ता ग्राफ

वर्तमान में अमेरिका भारत का सबसे बड़ा निर्यात बाजार है। वित्त वर्ष 2025 में भारत ने अमेरिका को 86.51 बिलियन डॉलर का माल एक्सपोर्ट किया। अमेरिका उन गिने-चुने देशों में है, जिनसे भारत को व्यापार में अच्छा खासा सरप्लस मिलता है।

पीयूष गोयल ने कहा, “हमें उम्मीद है कि नवंबर तक समझौता हो जाएगा।” अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या ट्रंप की संभावित भारत यात्रा से इस डील को फाइनल रूप मिल पाता है।

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़न्यूज़Trump news: अगले साल भारत आएंगे अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप, क्या ट्रेड डील पर फाइनल होगी बातचीत?
More
बिजनेस न्यूज़न्यूज़Trump news: अगले साल भारत आएंगे अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप, क्या ट्रेड डील पर फाइनल होगी बातचीत?