अक्टूबर-दिसंबर 2025 में घटी बेरोजगारी दर, सरकार ने जारी किया ताजा आंकड़ा

Latest Unemployment Rate: पिछला वर्ष खत्म होते-होते देश में बेरोजगारी की स्थिति सुधरी है। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार पिछले वर्ष अक्टूबर से दिसंबर महीने के बीच शहरी और ग्रामीण, दोनों क्षेत्रों में बेरोजगारी की दर घटी। 

एडिटेड बाय Naveen Kumar Pandey( विद इनपुट्स फ्रॉम भाषा)
अपडेटेड10 Feb 2026, 08:02 PM IST
देश में बेरोजगारी दर का ताजा आंकड़ा जारी (सांकेतिक तस्वीर)
देश में बेरोजगारी दर का ताजा आंकड़ा जारी (सांकेतिक तस्वीर)

पिछले वर्ष अक्टूबर से दिसंबर तिमाही में देश में बेरोजगारी दर में मामूली गिरावट आई है। मंगलवार को जारी एक सरकारी सर्वेक्षण के मुताबिक 2025 की आखिरी तिमाही में शहरों में 15 वर्ष और उससे अधिक आयु के व्यक्तियों के बीच बेरोजगारी की दर 6.7 प्रतिशत रही। इससे पिछली तिमाही में यह आंकड़ा 6.9 प्रतिशत था।

शहरी के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्र में भी घटी बेरोजगारी

राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) के त्रैमासिक आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (पीएलएफएस) के अनुसार, ग्रामीण क्षेत्रों में 15 वर्ष और उससे अधिक आयु के लोगों के बीच बेरोजगारी दर अक्टूबर-दिसंबर, 2025 में घटकर चार प्रतिशत रह गई। यह आंकड़ा इससे पिछली तिमाही (जुलाई-सितंबर 2025) में 4.4 प्रतिशत था। ग्रामीण क्षेत्रों में पुरुषों और महिलाओं, दोनों के बीच बेरोजगारी दर में कमी आने से यह सुधार हुआ है।

क्यों घटी बेरोजगारी, सरकारी सर्वेक्षण ने बताया

आंकड़ों के अनुसार, ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार करने वाले व्यक्तियों का अनुपात अक्टूबर-दिसंबर, 2025 के दौरान बढ़कर 63.2 प्रतिशत हो गया, जो जुलाई-सितंबर तिमाही में 62.8 प्रतिशत था। शहरी क्षेत्रों में भी अपना रोजगार करने वालों की हिस्सेदारी 39.3 प्रतिशत से बढ़कर 39.7 प्रतिशत हो गई। वहीं, शहरी क्षेत्रों में बेरोजगारी दर में गिरावट मुख्य रूप से शहरी पुरुषों की बेरोजगारी दर कम होने से आई है, जो जुलाई-सितंबर, 2025 के 6.2 प्रतिशत से घटकर समीक्षाधीन तिमाही में 5.9 प्रतिशत रह गई।

यह भी पढ़ें | अब गुरुग्राम से कनॉट प्लेस पहुंचेंगे 10 मिनट में, जल्द चलेगी एयर टैक्सी

किसी ना किसी काम में जुटे हैं 57.4 करोड़ लोग

कार्यबल के वितरण के मामले में ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि क्षेत्र का दबदबा बना रहा, जहां 58.5 प्रतिशत श्रमिक कार्यरत थे। शहरी क्षेत्रों में तृतीयक क्षेत्र ने अक्टूबर-दिसंबर, 2025 के दौरान 61.9 प्रतिशत श्रमिकों को रोजगार दिया।

स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के जनसंख्या अनुमानों के आधार पर एनएसओ के आंकड़ों ने देश में कुल श्रमिकों की संख्या भी आंकी है। जुलाई-सितंबर, 2025 के दौरान औसतन 56.2 करोड़ लोग कार्यरत थे, जो अक्टूबर-दिसंबर, 2025 में बढ़कर 57.4 करोड़ हो गए। इनमें 40.2 करोड़ पुरुष और 17.2 करोड़ महिलाएं शामिल हैं।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़बिजनेसअक्टूबर-दिसंबर 2025 में घटी बेरोजगारी दर, सरकार ने जारी किया ताजा आंकड़ा
More
बिजनेस न्यूज़बिजनेसअक्टूबर-दिसंबर 2025 में घटी बेरोजगारी दर, सरकार ने जारी किया ताजा आंकड़ा