माल्या और नीरव मोदी समेत 15 भगोड़ों पर ₹58,000 करोड़ का बैंक कर्ज, सरकार ने दिया हिसाब

Fugitive economic offenders list: केंद्र सरकार ने विजय माल्या और नीरव मोदी जैसे 15 लोगों को भगोड़ा आर्थिक अपराधी (FEO) घोषित किया है। ये अपराधी पब्लिक सेक्टर के बैंकों के 58,082 करोड़ रुपये के बकाएदार हैं। इनमें से अब तक 19,187 करोड़ रुपये की वसूली हो चुकी है।

Naveen Kumar Pandey
अपडेटेड2 Dec 2025, 12:03 PM IST
विजय माल्या और नीरव मोदी।
विजय माल्या और नीरव मोदी।

Pubic sector banks recovery: केंद्र सरकार ने 15 लोगों को भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित किया है, जिनमें शराब कारोबारी विजय माल्या और हीरा व्यापारी नीरव मोदी शामिल हैं। वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने सोमवार को लोकसभा में बताया कि 31 अक्तूबर, 2025 तक के डेटा के अनुसार, इन सभी अपराधियों पर पब्लिक सेक्टर के बैंकों का कुल 58,082 करोड़ रुपये बकाया है।

इस बकाया राशि में 26,645 करोड़ रुपये मूलधन है, और 31,437 करोड़ रुपये एनपीए (NPA) घोषित होने की तारीख से 31 अक्तूबर, 2025 तक का ब्याज शामिल है। सरकार के जवाब के मुताबिक, इन भगोड़े अपराधियों से 31 अक्तूबर, 2025 तक 19,187 करोड़ रुपये की राशि वसूल की जा चुकी है। यह जानकारी एक प्रश्न के जवाब में दी गई, जिसे दौसा से कांग्रेस सांसद मुरारी लाल मीणा ने लोकसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान उठाया था।

यह भी पढ़ें | GDP ग्रोथ 8.2% पर और सरकार का घाटा भी बढ़ रहा है, इसका मतलब क्या है?

नौ अपराधी बड़े बैंक फ्रॉड में शामिल

मंत्री पंकज चौधरी ने बताया कि इन 15 भगोड़े आर्थिक अपराधियों में से नौ पब्लिक सेक्टर के बैंकों के खिलाफ किए गए बड़े फाइनेंशियल फ्रॉड के मामलों में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इस लिस्ट में विजय माल्या और नीरव मोदी जैसे हाई-प्रोफाइल नाम भी शामिल हैं। मंत्री का जवाब लोकसभा की वेबसाइट पर उपलब्ध है।

माल्या और नीरव मोदी पर मुख्य आरोप

विजय माल्या पर उनकी बंद हो चुकी किंगफिशर एयरलाइंस के लिए भारतीय पब्लिक सेक्टर के बैंकों के कंसोर्टियम से 9,000 करोड़ रुपये से अधिक का लोन लेकर फ्रॉड करने का आरोप है। वहीं, नीरव मोदी और उसके मामा मेहुल चोकसी पर पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के खिलाफ 13,000 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप है। यह भारत के इतिहास के सबसे बड़े बैंकिंग फ्रॉड्स में से एक है।

क्या है भगोड़ा आर्थिक अपराधी अधिनियम 2018?

सरकार ने भगोड़ा आर्थिक अपराधी अधिनियम (FEO Act), 2018 इसलिए लाया था ताकि आर्थिक अपराधी भारतीय अदालतों के क्षेत्राधिकार से बाहर रहकर कानून की प्रक्रिया से बच न सकें। यह कानून उन मामलों में अधिकारियों को अपराध की आय (Proceeds of Crimes) और संपत्तियों को जब्त करने का अधिकार देता है, जहां मामले में शामिल राशि 100 करोड़ रुपये से अधिक हो।

यह भी पढ़ें | भगोड़े मेहुल चोकसी का नया अड्डा होगा मुंबई का आर्थर रोड जेल!

FEO लिस्ट में कौन-कौन शामिल?

सरकार द्वारा भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित किए गए लोगों की लिस्ट में ये नाम शामिल हैं...

  • विजय माल्या
  • नीरव मोदी
  • नितिन जे संदेसरा
  • चेतन जे संदेसरा
  • दीप्ति सी संदेसरा - (स्टर्लिंग बायोटेक फ्रॉड केस)
  • सुदर्शन वेंकटरमन
  • रामानुजम शेषरत्नम - (जायलॉग सिस्टम्स लिमिटेड के पूर्व प्रमोटर)
  • पुष्पेश कुमार बैद
  • हितेश कुमार नरेंद्रभाई पटेल

संदेसरा बंधुओं को सुप्रीम कोर्ट से राहत

नितिन और चेतन संदेसरा ने इंडियन ओवरसीज बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के साथ कुछ बकाया सेटल किए हैं। पिछले हफ्ते, सुप्रीम कोर्ट ने स्टर्लिंग बायोटेक बैंक फ्रॉड मामले में संदेसरा बंधुओं के खिलाफ सभी क्रिमिनल प्रोसीडिंग्स को रद्द करने का निर्देश दिया था। हालांकि, इसके लिए उन्हें कर्ज देने वाले बैंकों को 'पूर्ण और अंतिम भुगतान' के तौर पर 5,100 करोड़ रुपये जमा करने की शर्त रखी गई।

कोर्ट ने कहा, 'अगर याचिकाकर्ता (संदेसरा बंधु) वन-टाइम सेटलमेंट (OTS) के तहत तय राशि जमा करने को तैयार हैं, और पब्लिक का पैसा कर्ज देने वाले बैंकों को वापस मिल जाता है, तो क्रिमिनल प्रोसीडिंग्स जारी रखने का कोई उपयोगी मकसद नहीं होगा।'

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़Businessमाल्या और नीरव मोदी समेत 15 भगोड़ों पर ₹58,000 करोड़ का बैंक कर्ज, सरकार ने दिया हिसाब
More
बिजनेस न्यूज़Businessमाल्या और नीरव मोदी समेत 15 भगोड़ों पर ₹58,000 करोड़ का बैंक कर्ज, सरकार ने दिया हिसाब