विदेशी कर्ज से क्यों डर रही हैं भारतीय कंपनियां? RBI के आंकड़ों ने बढ़ाई चिंता

पश्चिम एशिया तनाव और महंगी होती वैश्विक उधारी के बीच भारतीय कंपनियों की विदेशी कर्ज जुटाने की रफ्तार धीमी पड़ गई है। RBI के मुताबिक मार्च 2026 में ECB प्रस्ताव घटकर 5.43 अरब डॉलर रह गए। कई बड़ी कंपनियों ने भी अब सतर्क रुख अपनाना शुरू कर दिया है।

Priya Shandilya( विद इनपुट्स फ्रॉम भाषा)
अपडेटेड14 May 2026, 07:43 PM IST
महंगी हो रही विदेशी उधारी, RBI रिपोर्ट में सामने आई कंपनियों की चिंता (सांकेतिक तस्वीर)
महंगी हो रही विदेशी उधारी, RBI रिपोर्ट में सामने आई कंपनियों की चिंता (सांकेतिक तस्वीर)

पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव और ग्लोबल मार्केट में मची उथल-पुथल का असर अब भारत के कॉर्पोरेट जगत पर भी दिखने लगा है। यही वजह है कि विदेशी उधारी, जिसे तकनीकी भाषा में एक्सटर्नल कमर्शियल बॉरोइंग (ECB) कहते हैं, उसमें भारी गिरावट दर्ज की गई है।

विदेशी कर्ज में भारी गिरावट

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, मार्च 2026 में भारतीय कंपनियों ने विदेश से कर्ज लेने के लिए 5.43 अरब डॉलर के प्रस्ताव रखे। यह आंकड़ा सुनने में बड़ा लग सकता है, लेकिन अगर हम इसकी तुलना पिछले साल (मार्च 2025) से करें, तो यह लगभग आधा रह गया है। पिछले साल मार्च में यह आंकड़ा 11.04 अरब डॉलर था। हालांकि, फरवरी 2026 (4.59 अरब डॉलर) के मुकाबले मार्च में थोड़ी बढ़त जरूर दिखी है, लेकिन कुल मिलाकर कंपनियां अभी बड़ा रिस्क लेने से बच रही हैं।

आखिर क्या होता है ECB?

ECB यानी एक्सटर्नल कमर्शियल बॉरोइंग ऐसे विदेशी कर्ज होते हैं, जिन्हें भारतीय कंपनियां या संस्थाएं विदेश की मान्यता प्राप्त संस्थाओं से लेती हैं। आमतौर पर कंपनियां इसका इस्तेमाल नए प्रोजेक्ट शुरू करने, पुराने कर्ज को चुकाने या बिजनेस विस्तार के लिए करती हैं।

कितनी उधारी के लिए आए प्रस्ताव?

RBI के मुताबिक कुल प्रस्तावों में 5.22 अरब डॉलर सामान्य अनुमति वाले थे, जबकि 21.2 करोड़ डॉलर विशेष अनुमति के तहत शामिल थे।आंकड़ों से यह भी पता चला कि पूंजीगत खर्च यानी Capex में सुस्ती की चिंता के बीच मार्च में नई परियोजनाओं के लिए सिर्फ 19 प्रस्ताव दाखिल किए गए। इन परियोजनाओं के जरिए 1.14 अरब डॉलर की विदेशी उधारी जुटाने की योजना बनाई गई। वहीं करीब 1.22 अरब डॉलर का इस्तेमाल पुराने ECB या रुपये में लिए गए कर्ज को दोबारा फाइनेंस करने के लिए प्रस्तावित किया गया है।

किन कंपनियों ने मांगा विदेशी कर्ज?

मार्च महीने में कई बड़ी कंपनियों ने विदेशी बाजार से पैसा जुटाने की योजना पेश की। राजस्थान पार्ट-1 ट्रांसमिशन ने नई परियोजनाओं के लिए 75 करोड़ डॉलर जुटाने का प्रस्ताव दिया। वहीं अडानी ट्रांसमिशन स्टेप-वन ने पुराने कर्ज को चुकाने (Refinancing) के लिए 50 करोड़ डॉलर जुटाने का प्रस्ताव दाखिल किया। वित्तीय कंपनियों में IIFL Finance ने अंतरराष्ट्रीय बाजार से 50 करोड़ डॉलर जुटाने की मंशा जताई। इसके अलावा भारतीय रेल वित्त निगम (IRFC) और बजाज फाइनेंस ने 39.16 करोड़ डॉलर और 30 करोड़ डॉलर के प्रस्ताव दाखिल किए।

क्यों महंगी हो रही विदेशी उधारी?

पिछले कुछ महीनों में अंतरराष्ट्रीय बाजार में उधारी की लागत लगातार बढ़ रही है। अमेरिका के 10 साल के ट्रेजरी बॉन्ड पर मिलने वाला प्रतिफल 0.20% से 0.30% तक बढ़ गया है। इसका असर यह हुआ कि विदेशी और घरेलू उधारी के बीच का अंतर कम होने लगा है। यानी अब विदेशी बाजार से पैसा उठाना पहले जितना सस्ता नहीं रह गया है। यही वजह है कि कई कंपनियां फिलहाल सावधानी बरतती नजर आ रही हैं।

RBI ने कंपनियों को दी हैं कई राहतें

हालांकि RBI ने हाल के महीनों में ECB नियमों को कुछ हद तक आसान भी बनाया है। केंद्रीय बैंक ने कंपनियों को ज्यादा उधारी सीमा, मुद्रा बदलने और कर्ज को गैर-ऋण साधनों में बदलने जैसी सुविधाएं दी हैं। इतना ही नहीं, अब कारोबार पुनर्गठन या दिवाला प्रक्रिया से गुजर रही कंपनियां भी विदेशी उधारी के जरिए फंड जुटा सकती हैं।

अगर पश्चिम एशिया संकट और वैश्विक अनिश्चितता लंबे समय तक बनी रहती है, तो विदेशी बाजार से कर्ज जुटाना और महंगा हो सकता है।इसका असर कंपनियों की विस्तार योजनाओं और नए निवेश पर भी पड़ सकता है। फिलहाल कंपनियां सावधानी से कदम बढ़ाती नजर आ रही हैं।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

होमबिजनेसविदेशी कर्ज से क्यों डर रही हैं भारतीय कंपनियां? RBI के आंकड़ों ने बढ़ाई चिंता
More