
बिहार विधानसभा चुनान में प्रचार के रण में अब भोजपुरी का जोरदार तड़का लगाने जा रहे हैं पावर स्टार पवन सिंह, थोड़ी देर से ही सही लेकिन अब पवन सिंह चुनाव प्रचार के मैदान में उतरने जा रहे हैं। पवन सिंह बीजेपी की स्टार प्रचारकों की लिस्ट में शामिल हैं और अब उन्होंने प्रचार के रण में उतरने के लिए पार्टी के आला नेताओं से मुलाकात की है। जिसके बाद बीजेपी की तरफ से भोजपुरी स्टार्स का जलवा चुनाव प्रचार के मैदान में देखने को मिलेगा। अब सबकी नजर टिकी है छपरा जिले पर जहां पवन सिंह और खेसारी लाल की चुनाव के मैदान में एक-दूसरे के खिलाफ जोर आजमाइश करते नजर आएंगे।
भोजपुरी फिल्मों के पावर स्टार कहे जाने वाले बीजेपी नेता पवन सिंह तैयार हैं बिहार में चल रहे सत्ता के संग्राम में जोर आजमाइश के लिए। पवन सिंह ने इसी सिलसिले में पटना में पार्टी के आला नेताओं से मुलाकात की। जिसके बाद उन्होंने कहा कि बिहार में चुनाव प्रचार की रणनीति को लेकर पार्टी के आला नेताओं के साथ बातचीत हुई। पवन सिंह ने बिहार चुनाव प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, बीजेपी के वरिष्ठ नेता विनोद तावड़े और राष्ट्रीय महामंत्री ऋतु राज सिन्हा से मुलाकात की। मुलाकात के बाद पवन सिंह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर जय एनडीए, जय बिहार पोस्ट किया। पवन सिंह अपने चुनाव प्रचार अभियान का आगाज शाहाबाद विधानसभा सीट से करने वाले हैं। पवन सिंह ने जय एनडीए, जय बिहार का नारा दिया है।
बीजेपी की तरफ से भोजपुरी स्टार्स की तीन तिकड़ी पहले से चुनाव प्रचार के रण में उतर चुकी है। बीजेपी सांसद मनोज तिवारी, रवि किशन और आजमगढ़ से पूर्व सांसद दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ पहले से प्रचार के रण में भोजपुरी का तड़का लगा रहे हैं। जिसमें पवन सिंह के शामिल हो जाने के बाद ये भोजपुरी की चौकड़ी चुनावी मैदान में खूब रंग जमाने वाली है। भोजपुरी के इन चारों स्टार प्रचारकों की बिहार में बड़ी संख्या में फैन फॉलोइंग है, इन चारों के एकजुट चुनाव प्रचार करने से एनडीए के पक्ष में माहौल बनने के कयास लगाए जा रहे हैं।
जब पवन सिंह ने चुनाव प्रचार के रण में उतने की घोषणा कर दी है तो उनकी भोजपुरी के एक और दिग्गज अभिनेता खेसारी लाल के साथ टक्कर की पूरी संभावना बन रही है। गौरतलब है कि खेसारी लाल छपरा विधानसभा सीट से आरजेडी की टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं, वो पार्टी और महागठबंधन की तरफ से एक मात्र प्रचारक भी हैं जो भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में सुपर स्टार का तमगा हासिल कर चुके हैं। गौरतलब है कि राजनीति से इतर फिल्म इंडस्ट्री में भी पवन सिंह और खेसारी लाल के बीच लंबे समय से कोल्ड वार देखने को मिल रहा है। दोनों अभिनेताओं की तरफ से सार्वजनिक मंच से एक-दूसरे के खिलाफ लगातार बयानबाजी भी की जाती रही है। ऐसे में इस बात की पूरी संभावना है कि पवन सिंह छपरा में खेसारी लाल के खिलाफ चुनाव प्रचार करेंगे, अगर ऐसा होता से तो मुकाबला दिलचस्प होगा।
पवन सिंह की जैसे ही बीजेपी में वापसी हुई थी उनकी पत्नी का पवन सिंह के लखनऊ स्थित घर पर पहुंचकर गंभीर आरोप लगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। जिसके बाद पवन सिंह ने सफाई देते हुए कहा था कि उनकी पत्नी ज्योति सिंह ने बीजेपी से विधानसभा का टिकट दिलाने के लिए ये सब ड्रामा किया था। पवन सिंह ने पत्नी ज्योति से सोशल मीडिया के जरिए सवाल पूछा कि वो अभी तक उनसे मिलने क्यों नहीं आईं। उनके बीजेपी में शामिल होते ही टिकट दिलाने के लिए दबाव डालने पहुंच गईं। हालांकि इसके बाद ज्योति सिंह ने भी मीडिया में सफाई दी थी। ज्योति सिंह रोहतास जिले की काराकाट विधानसभा सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ रही हैं। ज्योति सिंह और पवन सिंह के बीच तलाक का मामला चल रहा है, वो बलिया में अपने पिता के घर पर रहती हैं।
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.