Vidhan Sabha Election 2026: असम, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में आज विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग हुई। असम की 126 विधानसभा सीटों पर वोटिंग हुई। केरल में 140 विधानसभा सीटों पर और पुडुचेरी में 30 विधानसभा सीटों पर वोट डाले गए। यानी 2 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के कुल 296 विधानसभा सीटों पर गुरुवार को वोट डाले गए। असम, केरल और पुडुचेरी में एक ही चरण में मतदान हुआ। तीनों राज्यों मं बंपर वोटिंग हुई। मतदाताओं ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। शाम 5 बजे तक वोटिंग के आंकड़े चुनाव आयोग ने जारी कर दिए हैं।
पुडुचेरी में मन्नादिपेट में पोलिंग बूथ पर कांग्रेस और भाजपा समर्थकों में झड़प हो गई। पुलिस ने भीड़ पर लाठीचार्ज किया। पुडुचेरी के सीएम CM रंगास्वामी वोट डालने के लिए पोलिंग बूथ तक मोटरसाइकिल से पहुंचे। केरल में पूर्व रक्षा मंत्री और कांग्रेस नेता ए.के. एंटनी ने तिरुवनंतपुरम में वोट डाला।
उन्होंने मीडिया से कहा- केरल के लोग भाजपा को पसंद नहीं करते। राज्य में 10 साल के कुशासन की सरकार है। इसलिए इस बार सरकार बदलेगी। वहीं, असम के सीएम हिमंता बिस्व सरमा ने गुवाहाटी में मां कामाख्या मंदिर में पूजा की है। इसके बाद दोपहर में पत्नी के साथ जालुकवारी में वोट डाला।
शाम 5 बजे तक कहां कितनी हुई वोटिंग?
असम में मतदान प्रक्रिया खत्म हो गई है। चुनाव आयोग ने बताया कि शाम 5 बजे तक असम में 84.42 फीसदी वोटिंग हुई। केरल में 75.01 फीसदी मतदान हुए। वहीं पुड्डुचेरी में 86.92 फीसदी मतदान हुआ। असम विधानसभा चुनाव में वोटिंग खत्म होने पर मतदान अधिकारियों ने EVM और VVPAT को सील कर दिया। असम में कुल 2.5 करोड़ मतदाता है। 1.25 करोड़ पुरुष वोटर हैं। 1.25 करोड़ महिला वोटर हैं। 343 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। 18-19 साल आयु वर्ग के करीब 5.75 लाख फर्स्ट टाइम वोटर हैं। असम में 126 सीटों पर 41 पार्टियों के 722 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं केरल में 2.71 करोड़ वोटर 890 उम्मीदवारों में से अपना नेता चुनेंगे। पुडुचेरी में 20 पार्टियां के 294 कैंडिडेट अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
वीडियो बनाने पर कार्रवाई
असम की दीफू सीट पर पोलिंग बूथ के अंदर वीडियो बनाने के मामले में FIR दर्ज की गई है। पीटीआई ने अधिकारियों को बताया कि गुरुवार को सोशल मीडिया पर शेयर एक वीडियो को लेकर एफआईआर दर्ज की गई है। इस वीडियो में कथित तौर पर दीफू सीट पर मतदान केंद्र के अंदर प्रक्रिया दिखाई गई थी।
अधिकारियों ने बताया कि यह शिकायत असम के कार्बी आंगलोंग जिला प्रशासन ने दर्ज की है। इस घटना की जांच शुरू कर दी गई है। मतदान केंद्र के अंदर मोबाइल फोन ले जाना मना है। चुनाव आयोग ने अंदर जाने से पहले मोबाइल फोन और दूसरी चीजें जमा करने की व्यवस्था की है।