Bihar Chunav Result 2025: NDA की ऐतिहासिक जीत पर PM मोदी का बड़ा बयान, बोले- बिहार में कट्टा सरकार की वापसी अब कभी नहीं

बिहार में एनडीए की ऐतिहासिक जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह जनादेश विकास मॉडल और सुशासन पर जनता के भरोसे की मुहर है। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि कट्टा सरकार और जंगलराज की वापसी अब असंभव है। मोदी ने कहा कि बिहार अगले 25 सालों में स्वर्णिम विकास यात्रा पर अग्रसर होगा।

Rishabh Shukla
पब्लिश्ड14 Nov 2025, 09:28 PM IST
भाजपा कार्यालय में पीएम मोदी का संबोधन
भाजपा कार्यालय में पीएम मोदी का संबोधन (HT)

बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की ऐतिहासिक जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और कहा कि यह जनादेश बिहार की नई सोच और विकास के प्रति विश्वास की जीत है। उन्होंने साफ कहा कि अब बिहार में कट्टा सरकार कभी वापस नहीं आएगी। जनता ने बंपर वोटिंग कर विकास के मॉडल को चुना है। प्रधानमंत्री मोदी ने याद दिलाया कि चुनाव प्रचार के दौरान जब उन्होंने जंगलराज और कट्टा राज का मुद्दा उठाया था, तब आरजेडी ने चुप्पी साध ली थी, लेकिन कांग्रेस आहत हो गई थी। उन्होंने कहा कि आज का परिणाम बता रहा है कि बिहार ने स्पष्ट कर दिया है कि कट्टा संस्कृति की वापसी नामुमकिन है। बिहार ने विकसित और समृद्ध भविष्य के लिए वोट दिया है।

बिहार ने उड़ा दिया गर्दा

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने विजय को जनविश्वास की जीत बताया। उन्होंने कहा कि ये प्रचंड जीत, ये अटूट विश्वास, बिहार के लोगों ने गर्दा उड़ा दिया है। हम तो जनता के सेवक हैं, जनता-जनार्दन ने दिल खोलकर आशीर्वाद दिया है। इसलिए आज बिहार ने फिर कह दिया फिर एक बार एनडीए सरकार। पीएम मोदी के अनुसार यह जीत 2010 के बाद एनडीए को मिला सबसे बड़ा जनादेश है। उन्होंने बिहार की जनता को नमन करते हुए कहा कि यह जनादेश विकास, सुशासन और स्थिरता की जीत है।

पीएम मोदी ने दिया MY का नया फॉर्मूला

पीएम मोदी ने विपक्ष द्वारा प्रचारित पुराने MY (मुस्लिम-यादव) फार्मूले पर प्रहार करते हुए कहा कि इस चुनाव ने इसे ध्वस्त कर दिया है और बिहार ने एक नया, सकारात्मक MY फॉर्मूला दिया है यानी महिला और युवा। उन्होंने कहा कि बिहार के युवा हर धर्म और जाति से आते हैं, उनके सपनों, आकांक्षाओं और उम्मीदों की एकजुट आवाज ने जंगलराज की राजनीति को पूरी तरह खारिज कर दिया।

बिहार ने SIR को अपनाया

पीएम मोदी ने मतदाता सूची के शुद्धिकरण (SIR) पर भी विपक्षी दलों को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि युवा मतदाता अब चुनाव प्रक्रिया की पवित्रता को बहुत गंभीरता से ले रहे हैं। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से मतदाता सूची के शुद्धिकरण में सक्रिय सहयोग की अपील की।

लोकतंत्र की जीत, बिहार की नई दिशा

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस जीत ने न केवल एनडीए के प्रति विश्वास को मजबूत किया है, बल्कि चुनाव आयोग की विश्वसनीयता पर भी मुहर लगाई है। उन्होंने याद दिलाया कि पहले नक्सल प्रभावित इलाकों में मतदान दोपहर तक समाप्त हो जाता था, लेकिन इस बार बिहार ने रिकॉर्ड उत्साह दिखाया है। उन्होंने कहा कि बिहार वो भूमि है जिसने भारत को लोकतंत्र की जननी होने का गौरव दिया है। आज उसी धरती ने लोकतंत्र पर हमला करने वाली ताकतों को धूल चटा दी है। यहां फिर साबित हुआ है कि झूठ हारता है, जनविश्वास जीतता है।

छठी मइया से माफी न मांगने वालों को बिहार ने जवाब दिया

पीएम मोदी ने आरजेडी और कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि जिन्होंने छठ पूजा जैसी परंपरा को ड्रामा कहा, उन्हें बिहार ने कभी माफ नहीं किया। उन्होंने कहा कि बिहार अपने संस्कारों, अपनी संस्कृति और अपनी परंपराओं का सम्मान जानता है। जिन लोगों ने दशकों तक बिहार को बदनाम किया, आज जनता ने उन्हें करारा जवाब दिया है।

अगले 25 साल बिहार की स्वर्णिम यात्रा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घोषणा की कि नई एनडीए सरकार बिहार को अगले 25 वर्षों में स्वर्णिम विकास यात्रा पर आगे बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि बिहार अब बुनियादी ढांचे, रोजगार, उद्योग और सामाजिक न्याय के नए युग में प्रवेश कर रहा है।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़ElectionBihar Chunav Result 2025: NDA की ऐतिहासिक जीत पर PM मोदी का बड़ा बयान, बोले- बिहार में कट्टा सरकार की वापसी अब कभी नहीं
More
बिजनेस न्यूज़ElectionBihar Chunav Result 2025: NDA की ऐतिहासिक जीत पर PM मोदी का बड़ा बयान, बोले- बिहार में कट्टा सरकार की वापसी अब कभी नहीं
OPEN IN APP