सरकार जब पत्रकारों के लिए कुछ अच्छा करती है, तो चर्चा भी होती है। ऐसा ही एक फैसला हाल ही में बिहार सरकार ने लिया है, जिससे सेवानिवृत्त पत्रकारों को बड़ी राहत मिली है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ‘बिहार पत्रकार सम्मान’ योजना के तहत सेवानिवृत्त पत्रकारों की मासिक पेंशन में ₹9,000 की बढ़ोतरी करने की शनिवार को घोषणा की।
अब मिलेंगे 15 हजार रुपये मासिक पेंशन
अब बिहार सरकार में पंजीकृत सभी पात्र सेवानिवृत्त पत्रकारों को पहले मिलने वाले ₹6,000 की बजाय ₹15,000 प्रतिमाह पेंशन दी जाएगी। यह निर्णय बिहार में इस वर्ष के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले लिया गया है।
मुख्यमंत्री कुमार ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, “मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि बिहार पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के तहत अब सभी पात्र पत्रकारों को हर महीने छह हजार रुपये की जगह 15 हजार रुपये पेंशन की राशि प्रदान करने का विभाग को निर्देश दिया गया है।”
आश्रितों को भी मिलेगा लाभ
उन्होंने आगे कहा, “साथ ही बिहार पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के अंतर्गत पेंशन प्राप्त कर रहे पत्रकारों की मृत्यु होने की स्थिति में उनके आश्रित पति/पत्नी को जीवनपर्यंत प्रतिमाह तीन हजार रुपये की जगह 10 हजार रुपये की पेंशन राशि दिए जाने का निर्देश दिया है।”
उन्होंने यह भी जोड़ा, “लोकतंत्र में पत्रकारों की अहम भूमिका होती है। वे लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं। पत्रकारों की सुविधाओं का हम शुरू से ध्यान रख रहे हैं ताकि वे निडर और निष्पक्ष होकर काम कर सकें।”
सरकार का यह कदम न सिर्फ पत्रकारों को राहत देगा, बल्कि नए पत्रकारों के लिए भी एक भरोसे की मिसाल बनेगा। उम्मीद है कि आगे भी इस तरह की योजनाएं पत्रकार समुदाय के लिए आती रहेंगी।