बेगूसराय की चुनावी रैली में कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और एनडीए सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि 56 इंच की छाती में कुछ नहीं रखा है, वो डरपोक हैं। राहुल गांधी ने अपनी दादी और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का उदाहरण देते हुए कहा कि 1971 में जब अमेरिका ने उन्हें धमकी दी, तब उन्होंने झुके बिना पाकिस्तान को हराकर बांग्लादेश बनवाया। उन्होंने तंज कसा कि मोदी जी ट्रंप के कहने पर ऑपरेशन सिंदूर रोक देते हैं।
बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार से भटकाना चाहते हैं मोदी
राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर उद्योगपतियों के दबाव में काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि मोदी सिर्फ ट्रंप से नहीं बल्कि अडानी-अंबानी से भी डरते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को रील बनाने की सलाह देकर मोदी असली मुद्दों बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार से भटकाना चाहते हैं।
नालंदा विश्वविद्यालय जैसा विश्वस्तरीय संस्थान बनाएंगे
राहुल गांधी ने वादा किया कि अगर बिहार और केंद्र में इंडिया गठबंधन की सरकार बनती है तो शिक्षा के क्षेत्र में क्रांति लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि हम नालंदा विश्वविद्यालय जैसा विश्वस्तरीय संस्थान बनाएंगे, जहां दुनिया भर के छात्र पढ़ने आएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस की सरकार किसी एक जाति या वर्ग की नहीं होगी, बल्कि हर तबके के विकास के लिए काम करेगी। राहुल ने जनता से अपील की कि बिहार इस बार बदलाव का प्रतीक बने और समानता, शिक्षा व रोजगार के नए युग की शुरुआत करे।
मछुआरा समुदाय के लोगों से मिले राहुल
रैली को संबोधित करने के बाद राहुल गांधी ने बेगूसराय में VIP पार्टी के अध्यक्ष मुकेश सहनी के साथ मछुआरा समुदाय के लोगों से भी मुलाकात की। राहुल ने कहा कि बिहार की नदियां, नहरें, तालाब और उनमें जीवन बसाते मछुआरे, प्रदेश की अर्थव्यवस्था का अहम हिस्सा हैं। राहुल ने मछुआरा समाज के अधिकारों और सम्मान के लिए हर कदम पर साथ खड़े होने का वादा किया।