बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के मतदान के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने औरंगाबाद की रैली में विपक्ष पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने अब तक के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं, 65 प्रतिशत मतदान ने बता दिया है कि एनडीए की वापसी तय है। पीएम मोदी ने कहा कि बिहार के लोग अब जंगलराज नहीं, विकास राज चाहते हैं।
बिहार को नहीं चाहिए कट्टा सरकार
नक्सलवाद पर प्रहार करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि जब आपने दिल्ली में मोदी को बिठाया, तभी तय किया था कि माओवादी आतंक का सफाया कर दूंगा। आज बिहार नक्सलवाद से मुक्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि जंगलराज वालों के पास सिर्फ कट्टा, फिरौती और गुंडागर्दी की राजनीति बची है। बिहार को कट्टा सरकार नहीं चाहिए।
बिहार को NDA के ईमानदार इरादों पर भरोसा
प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले चरण के मतदान ने साफ कर दिया है कि बिहार का नौजवान आरजेडी के झूठे वादों में नहीं, एनडीए के ईमानदार इरादों पर भरोसा करता है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार हर क्षेत्र की जरूरत के हिसाब से विकास की योजनाएं लेकर चल रही है, कहीं फूड प्रोसेसिंग, कहीं टूरिज़्म तो कहीं टेक्नॉलॉजी और मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा दिया जा रहा है।
एनडीए निभा रही अपने वादे
मोदी ने अपने कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि राम मंदिर का वादा किया था, वो पूरा हुआ; अनुच्छेद 370 हटाने का संकल्प लिया था, वो निभाया और वन रैंक वन पेंशन की गारंटी दी थी, वो भी पूरी की। उन्होंने बताया कि अब तक एक लाख करोड़ रुपए से ज्यादा रिटायर्ड सैनिकों के खातों में दिए जा चुके हैं।
महागठबंधन के लोग धोखेबाज- मोदी
किसानों के लिए बड़ी घोषणा करते हुए मोदी ने कहा कि NDA सरकार बनने पर सालाना सहायता राशि 6,000 से बढ़ाकर 9,000 रुपए कर दी जाएगी। साथ ही कांग्रेस और आरजेडी पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग अपने साथियों को धोखा दे सकते हैं, वे बिहार की जनता के सगे नहीं हो सकते।