Bihar Election: सीतामढ़ी से मोदी का सियासी वार, कहा, पहले चरण में जंगलराज वालों को 65 वोल्ट का झटका, NDA की जीत तय

सीतामढ़ी में PM मोदी ने NDA की रैली में विपक्ष पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि पहले चरण में जंगलराज वालों को 65 वोल्ट का झटका लगा है। बिहार ने विकास और NDA को वोट दिया है। मोदी ने RJD पर कट्टा संस्कृति फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि NDA सरकार शिक्षा, स्टार्टअप और रोजगार की दिशा में काम कर रही है।

Rishabh Shukla
पब्लिश्ड8 Nov 2025, 01:22 PM IST
सीतामढ़ी में पीएम मोदी की जनसभा
सीतामढ़ी में पीएम मोदी की जनसभा(Social Media)

बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सीतामढ़ी की जनसभा में महागठबंधन पर तीखा हमला बोला। पीएम मोदी ने कहा कि पहले चरण में बिहार के मतदाताओं ने जंगलराज की राजनीति को नकार दिया है और NDA के पक्ष में अभूतपूर्व जनसमर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि पहले चरण में जंगलराज वालों को 65 वोल्ट का झटका लगा है। बिहार के नौजवानों ने विकास को चुना है, NDA को चुना है। बिहार की बेटियों ने NDA की रिकॉर्ड विजय पक्की कर दी है।

मां सीता की धरती से भावनात्मक जुड़ाव

पीएम मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत मां सीता की भूमि को नमन करते हुए की। उन्होंने कहा कि मां सीता की इस पुण्य भूमि पर आना मेरे लिए सौभाग्य है। आज का दिन मुझे 8 नवंबर 2019 की याद दिलाता है, जब मैं यहां आया था और अगले ही दिन अयोध्या पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला आया था। मैंने तब सीता मैया से रामलला के पक्ष में निर्णय की प्रार्थना की थी और वह पूरी हुई। उन्होंने कहा कि मां सीता के आशीर्वाद से ही बिहार विकसित होगा। यह चुनाव तय करेगा कि आने वाले सालों में बिहार के बच्चों और बेटियों का भविष्य कैसा होगा।

यह भी पढ़ें | बिहार में दूसरे चरण का चुनाव प्रचार अंतिम दौर में, दिग्गजों ने झोंकी ताकत

जंगलराज नहीं, अब चाहिए स्टार्टअप राज

प्रधानमंत्री ने RJD पर तीखा वार करते हुए कहा कि उनके नेताओं के मंचों पर मासूम बच्चों से रंगदार बनने के नारे लगवाए जा रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि बिहार का बच्चा रंगदार बने या डॉक्टर, इंजीनियर, जज बने? पीएम मोदी ने कहा कि NDA सरकार बिहार के युवाओं को हथियार नहीं बल्कि किताब, लैपटॉप और खेल का सामान दे रही है। अब बिहार में हैंड्स अप कहने वालों के लिए जगह नहीं है, अब यहां स्टार्टअप कहने वाले नौजवान चाहिए।

राहुल गांधी पर मोदी ने कसा तंज

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के विकास मॉडल की मिसाल देते हुए कहा कि NDA जो वादा करती है, वो पूरा करती है। उन्होंने कहा कि कभी बिहार दूसरे राज्यों से मछली मंगवाता था, लेकिन आज यहां की मत्स्य पालन परियोजनाओं ने राज्य को आत्मनिर्भर बना दिया है। मोदी ने कहा कि अब बिहार में बड़े-बड़े लोग मछली देखने आते हैं। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोग यहां तालाब में मछली ढूंढने आते हैं लेकिन दरअसल वे इन तालाबों में वोट ढूंढ रहे हैं। उन्हें बिहार की मिट्टी की खुशबू नहीं, सिर्फ कुर्सी की चिंता है।

यह भी पढ़ें | दूसरे चरण में चमकता धन और दाग, 43% उम्मीदवार करोड़पति, 32% पर आपराधिक मामले

विकास और विरासत दोनों की दिशा में आगे बिहार

पीएम मोदी ने कहा कि NDA सरकार ने नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार का टूटा हुआ भरोसा लौटाया है। अब निवेशक बिहार आना चाहते हैं। सड़कें बेहतर हो रही हैं, रेल और हवाई कनेक्टिविटी बढ़ी है, बिजली की स्थिति सुधरी है। रीगा शुगर मिल फिर से शुरू हुई है और नई फैक्ट्रियां लग रही हैं।

RJD और कांग्रेस औद्योगिक पिछड़ेपन के लिए जिम्मेदार

गन्ना किसानों की चर्चा करते हुए पीएम ने कहा कि NDA सरकार ने इथेनॉल उत्पादन को बढ़ावा दिया है ताकि किसानों को सीधा लाभ मिले। पीएम मोदी ने NDA की सरकार बनने पर विकास की गति को और तेज करने का वादा किया। उन्होंने RJD और कांग्रेस पर बिहार के औद्योगिक पिछड़ेपन के लिए जिम्मेदार ठहराया। इन लोगों ने 15 साल तक सिर्फ ताले लगाए, उद्योग बंद किए, अस्पताल और कॉलेज ठप कर दिए। जंगलराज वालों के मुंह से विकास की बातें सिर्फ सफेद झूठ हैं।

छठ पर्व को नौटंकी कहने वालों को जनता सजा देगी

पीएम मोदी ने छठ पर्व पर कांग्रेस नेता के बयान को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व बिहार की माताओं-बहनों की तपस्या का पर्व है। कांग्रेस के नामदार कहते हैं कि ये ड्रामा है, नौटंकी है। ये हमारी परंपरा और संस्कृति का अपमान है। ऐसे लोगों को जनता जरूर सजा देगी।

यह भी पढ़ें | बिहार की सियासत का सफर, 1952 से 2025 तक बदलते सत्ता समीकरणों की कहानी

रामायण सर्किट से जुड़ेगा सीतामढ़ी, पुनौरा धाम बनेगा विश्वस्तरीय तीर्थ

जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार के सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि हम विकास भी कर रहे हैं और विरासत को भी सम्मान दे रहे हैं। सीतामढ़ी से अयोध्या को जोड़ने वाली रामायण सर्किट परियोजना पर काम चल रहा है। सीतामढ़ी की माता सीता का मायका पुनौरा धाम अब विश्वस्तरीय तीर्थ बनेगा।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़ElectionBihar Election: सीतामढ़ी से मोदी का सियासी वार, कहा, पहले चरण में जंगलराज वालों को 65 वोल्ट का झटका, NDA की जीत तय
More
बिजनेस न्यूज़ElectionBihar Election: सीतामढ़ी से मोदी का सियासी वार, कहा, पहले चरण में जंगलराज वालों को 65 वोल्ट का झटका, NDA की जीत तय