बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग के बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने आज गोविंदगंज में जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्र और बिहार सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि हम कांग्रेस के कार्यकर्ता हैं, जिन्हें महात्मा गांधी ने रास्ता दिखाया और गांधीजी को यह रास्ता दिखाने वाले बिहार के ही पूर्वज थे। प्रियंका गांधी ने कहा कि बिहार के लोगों को अपनी ऐतिहासिक भूमिका को समझना चाहिए, क्योंकि इस देश के निर्माण में बिहारवासियों का अमूल्य योगदान रहा है।
गरीबों के भविष्य से हो रहा खिलवाड़
प्रियंका गांधी ने कहा कि जब भारत में रास्ते तक नहीं बने थे, तब बिहार के लोग अंग्रेजी हुकूमत से लड़ रहे थे। महात्मा गांधी जी को भी सत्याग्रह का रास्ता इसी धरती से मिला था। उन्होंने युवाओं के मुद्दे पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि बिहार और यूपी में युवा बार-बार परीक्षा देते हैं, लेकिन पेपर लीक हो जाता है। उनके जीवन के कई साल बेरोजगारी और भ्रष्टाचार में बर्बाद हो जाते हैं। यह सरकार युवाओं, किसानों और गरीबों के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है।
पीएम मोदी नाप रहे पोस्टर में फोटो
प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी जी को विपक्ष के पोस्टर में फोटो नापने से फुर्सत नहीं है। क्या देश के प्रधानमंत्री के पास यही काम रह गया है? उन्होंने कहा कि BJP ने हरियाणा में पूरी सरकार चोरी कर ली, जहां 25 लाख फर्जी वोट पाए गए। यही वोट चोरी लोकतंत्र को कमजोर कर रही है और यही भाजपा का असली चेहरा है।
अब जनता को उठना होगा
अपने भाषण में प्रियंका गांधी ने जनता से अपील की कि बिहार में ऐसी सरकार चुनें जो महिलाओं, युवाओं, किसानों और गरीबों के लिए काम करे, न कि वोट चोरी करे। उन्होंने कहा कि अगर BJP-JDU के लोग पैसे देकर वोट खरीदना चाहते हैं, तो ले लो, लेकिन वोट अपने परिवार के भविष्य के लिए दो। प्रियंका गांधी ने कहा कि 20 साल में बिहार में कुछ नहीं बदला। अब जनता को उठना होगा, क्योंकि जब जनता खामोश रहती है, तो सत्ता मनमानी करने लगती है।
मोदी-शाह को सिर्फ सत्ता की कुर्सी दिखती है
प्रियंका ने एक भावनात्मक उदाहरण देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में एक बुजुर्ग महिला ने बताया कि उन्होंने मेरी दादी को खीर खिलाई थी, लेकिन आज के प्रधानमंत्री किसी गरीब के घर नहीं जाते। वे अपनी थाली और खाना साथ लेकर पहुंचते हैं, यह BJP का अहंकार और जनता के प्रति दूरी दिखाता है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह को अब जनता का दर्द नहीं दिखता, उन्हें सिर्फ सत्ता की कुर्सी दिखती है।