
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के प्रचार में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कटिहार के कदवा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी वोट चोर हैं और उनके साथ तीन और लोग हैं; ज्ञानेश कुमार, विवेक जोशी और एस.एस. संधू। ये सभी चुनाव आयोग के ऊंचे अधिकारी हैं, जो देश के संविधान और लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। प्रियंका गांधी ने जनता से अपील की कि इन नामों को याद रखें; जो लोग संविधान और लोकतंत्र के साथ विश्वासघात कर रहे हैं। प्रियंका ने कहा कि बिहार में 65 लाख मतदाताओं के नाम हटाए गए और इसमें प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह के साथ चुनाव आयोग के अधिकारी ज्ञानेश कुमार, विवेक जोशी और एसएस संधू भी शामिल हैं। ऐसे लोगों को देश कभी माफ नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस और महागठबंधन वही लड़ाई लड़ रहे हैं जो महात्मा गांधी ने लड़ी थी, सच्चाई और अधिकारों की लड़ाई।
प्रियंका गांधी ने कहा कि संविधान ने जनता को वोट देने का अधिकार दिया है, जिससे सरकार बनती है। लेकिन जब बीजेपी को अहसास हुआ कि जनता उसके खिलाफ खड़ी है, तो उसने वोट चोरी की राजनीति शुरू कर दी। उन्होंने कहा कि BJP अब जनता की ताकत से डरने लगी है। इसलिए चुनाव आयोग और सरकारी तंत्र का इस्तेमाल करके जनता के अधिकारों को कमजोर किया जा रहा है।
चुनावी जनसभा में प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश के ललितपुर की एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि एक किसान दो दिन तक खाद के लिए लाइन में खड़ा रहा, न खाया-न पिया, आखिरकार उसकी मौत हो गई। यही है बीजेपी सरकार की सच्चाई, जहां किसान भूख और कर्ज से मर रहे हैं और सरकार सिर्फ भाषण दे रही है।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर सीधा प्रहार करते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री होकर मोदी कट्टा, गोली, फिरौती, रंगदारी जैसी बातें करते हैं। उनका स्तर इतना नीचे गिर चुका है कि वे अपने पद की गरिमा भी नहीं रख पा रहे। उन्होंने कहा कि मोदी अब जनता के बीच अपना भरोसा खो चुके हैं। देश उनकी झूठ और नफरत की राजनीति को पहचान चुका है।
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि यह चुनाव सिर्फ सरकार बदलने का नहीं, बल्कि लोकतंत्र को बचाने का आंदोलन है। उन्होंने कहा कि अब देश के लोग चुप नहीं रहेंगे। जो जनता के अधिकार छीनने की कोशिश करेगा, उसे जवाब जरूर मिलेगा।प्रियंका की जनसभा में तीखे हमलों ने बिहार की चुनावी जंग को और गरमा दिया है
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.