बिहार विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे राजनीतिक गर्मी भी चरम पर है। आज कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी, बीजेपी और एनडीए पर तीखा हमला बोला। राहुल का यह भाषण कई तीखे राजनीतिक तंज और गूंजते सवालों से भरा रहा। राहुल ने अपने भाषण में बिहार के विकास, बेरोजगारी, स्वास्थ्य व्यवस्था, उद्योग और केंद्र की नीतियों पर सवाल खड़े किए। राहुल गांधी ने अपने भाषण की शुरुआत बिहार की मेहनतकश जनता की तारीफ से की। उन्होंने कहा कि मैं जिस प्रदेश में भी जाता हूं, मुझे बिहार के लोग दिखाई देते हैं। दुबई हो, बेंगलुरु या मुंबई बिहार के लोगों ने इन शहरों का इंफ्रास्ट्रक्चर अपने खून-पसीने से बनाया है। लेकिन सवाल है कि आखिर क्या कमी है कि यही मेहनत और ऊर्जा बिहार को बनाने में नहीं लग पा रही? राहुल ने कहा कि बिहार के युवाओं में क्षमता है लेकिन व्यवस्था ऐसी है कि उनकी प्रतिभा को मौका नहीं मिलता। उन्होंने नीतीश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले 20 सालों में बिहार में विकास की बातें बहुत हुईं लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है। न उद्योग हैं, न रोजगार, न गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, न स्वास्थ्य सेवाएं।
राहुल गांधी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब स्वतंत्र नहीं हैं, उनकी सरकार दिल्ली से रिमोट पर चलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार कहते हैं कि उन्होंने बिहार को बदल दिया है लेकिन सच्चाई यह है कि बिहार में शिक्षा और स्वास्थ्य की हालत बदतर है। दिल्ली के AIIMS में बिहार के मरीजों की लंबी लाइन लगी रहती है। जो लोग बिहार के अस्पताल में इलाज करवाने जाते हैं, वे वापस नहीं आते। राहुल ने कटाक्ष करते हुए कहा कि नीतीश कुमार केवल नाम के मुख्यमंत्री हैं, जबकि असल सरकार नरेंद्र मोदी और अमित शाह चला रहे हैं।
नालंदा में राहुल गांधी ने कहा कि आज भारत में असमानता की खाई गहराती जा रही है। उन्होंने कहा कि एक हिंदुस्तान अडानी-अंबानी और नरेंद्र मोदी का है, जहां साफ पानी, सरकारी ठेके और उद्योग हैं। दूसरा हिंदुस्तान गरीब, किसान और मजदूरों का है, जहां गंदा पानी, महंगाई और बेरोजगारी है। उन्होंने कहा कि अमीर और अमीर बनते जा रहे हैं, गरीब और गरीब। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जब नरेंद्र मोदी के लिए तालाब में साफ पानी भरा जाता है, तो वहीं मां यमुना का पानी गंदा और प्रदूषित छोड़ दिया जाता है।
राहुल गांधी ने अमित शाह के उस बयान पर पलटवार किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि बिहार में उद्योग लगाने के लिए जमीन नहीं है। राहुल ने कहा कि जब अडानी चाहते हैं, तो किसानों से जमीन छीन ली जाती है और सिर्फ 1 रुपए में उन्हें दे दी जाती है। लेकिन जब बात गरीबों और युवाओं की होती है, तो सरकार कहती है कि जमीन नहीं है।
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी की विदेश नीति और अमेरिका से संबंधों पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी एक महिला थीं लेकिन उनमें इस मर्द (नरेंद्र मोदी) से ज्यादा हिम्मत थी। 1971 में इंदिरा गांधी अमेरिका के आगे नहीं झुकीं। लेकिन आज नरेंद्र मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के आगे झुक गए। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि ट्रंप ने मोदी को फोन कर ऑपरेशन रुकवाया और मोदी ने दो दिनों में रुकवा दिया। राहुल बोले कि ट्रंप ने मोदी का 50 बार अपमान किया, लेकिन मोदी में इतना दम नहीं है कि वो कह सकें कि ट्रंप झूठ बोल रहे हैं।
राहुल गांधी ने मोदी के उस बयान पर तंज कसा है, जिसमें सस्ता इंटरनेट देकर उन्हें रील बनाने की बात कही थी। राहुल ने कहा कि नरेंद्र मोदी युवाओं से कहते हैं कि सस्ता इंटरनेट देकर उन्हें अवसर दिया गया है। लेकिन सच्चाई ये है कि आपकी रील का पैसा अंबानी की जेब में जा रहा है। सड़क, रेलवे, एयरपोर्ट, सीमेंट सब कुछ अडानी-अंबानी के हवाले कर दिया गया है।
राहुल गांधी ने कहा कि बिहार में जनता अब विकास के झूठे दावों और गठबंधनों की अदला-बदली से ऊब चुकी है। उन्होंने कहा कि बीजेपी और जेडीयू की जोड़ी सिर्फ कुर्सी बचाने में लगी है, जबकि असली मुद्दे शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य पीछे छूट चुके हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और गठबंधन की लड़ाई न्याय और असमानता के खिलाफ है। हम अमीर और गरीब के अलग-अलग दो हिंदुस्तान नहीं चाहते। हम एक ऐसा भारत चाहते हैं जहां सबको समान अवसर मिले, जहां हर युवा अपने राज्य में सम्मान के साथ काम कर सके।
CM नीतीश कुमार के गृह जिला नालंदा में राहुल गांधी का सीधे नीतीश और मोदी दोनों पर हमला बिहार की सियासत में नई गर्मी लेकर आया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राहुल गांधी अब बिहार चुनाव को गरीब बनाम अमीर और स्थानीय बनाम कॉरपोरेट के फ्रेम में पेश कर रहे हैं। अब देखना होगा कि बिहार की जनता इस दो हिंदुस्तान की बहस को कितना गंभीरता से लेती है और क्या राहुल गांधी की यह हुंकार चुनावी रण में कांग्रेस को नई ताकत दे पाएगी।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.