
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का फाइनल राउंड अब बस कुछ घंटों दूर है। राज्य की 243 सीटों के नतीजे 14 नवंबर यानी कल आएंगे। इसके लिए प्रशासनिक तैयारी पूरी कर ली गईं हैं। गौरतलब है कि इस बार बिहार विधानसभा चुनाव 6 और 11 नवंबर को दो चरणों में हुआ था, जिसमें रिकॉर्ड 67.13% मतदान दर्ज किया गया। यानी बिहार की जनता ने इस बार नए जोश और उम्मीद के साथ लोकतंत्र का पर्व मनाया है। राज्य के सभी 38 जिलों में 46 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। हर जिले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी, सबसे पहले पोस्टल बैलेट्स की गिनती होगी, उसके बाद EVM खुलेंगे। बिहार की 243 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत का जादुई आंकड़ा 122 सीटों का है।
मतगणना से ठीक पहले तेजस्वी यादव ने आज देर शाम पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि हम स्पष्ट बहुमत से सरकार बना रहे हैं। हर धर्म, हर जाति, हर वर्ग ने महागठबंधन को वोट दिया है। हमारे कार्यकर्ता काउंटिंग सेंटर पर पूरी सतर्कता से रहेंगे। अगर किसी अधिकारी ने 2020 जैसी गड़बड़ी की, तो जनता जवाब देगी। तेजस्वी ने भाजपा और प्रशासन पर भी निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा नेताओं और गोदी मीडिया ने झूठा माहौल बनाया है। कुछ अधिकारी डर के साये में हैं, लेकिन जो ईमानदार हैं उन्हें डरने की जरूरत नहीं हैं। दूसरी ओर, NDA के दिग्गज नेता दावा कर रहे हैं कि बिहार ने फिर से पीएम नरेंद्र मोदी के विकास और सीएम नीतीश कुमार की स्थिरता और नेतृत्व पर भरोसा जताया है।
राज्य में शांति और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े बना दिया है। केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल और बिहार पुलिस की संयुक्त तैनाती की गई है। राज्य के बाहर से आईं 106 कंपनियां सुरक्षा ड्यूटी में लगी हैं। मतगणना केंद्रों पर दोहरी सुरक्षा व्यवस्था है अंदर CAPF और बाहर राज्य पुलिस की निगरानी की गई है। कुल 4,372 काउंटिंग टेबल लगाई गई हैं। प्रत्येक टेबल पर एक सुपरवाइजर, एक काउंटिंग असिस्टेंट और एक ऑब्जर्वर होंगे। इसके अलावा 18,000 से अधिक एजेंट पूरी प्रक्रिया पर नजर रखेंगे। 243 रिटर्निंग ऑफिसर्स और 243 ऑब्जर्वर्स को मतगणना की निगरानी का जिम्मा सौंपा गया है।
महागठबंधन के सीएम फेस तेजस्वी यादव, बिहार के दोनों डिप्टी CM सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, विजय कुमार चौधरी, श्रवण कुमार, मंगल पांडेय, मदन सहनी, नितिन नबीन, महेश्वर हजारी, सुनील कुमार, रत्नेश सदा, केदार प्रसाद गुप्ता, सुरेन्द्र मेहता, संजय सरावगी, डॉ. सुनील कुमार, जिवेश कुमार, राजू कुमार सिंह और कृष्ण कुमार मंटू के अलावा अनंत सिह, अमरेन्द्र पांडेय, श्रेयसी सिंह, पूर्व उप मुख्यमंत्री रेणु देवी, पूर्व उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, RLM के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा की पत्नी स्नेह लता, अनिल कुमार, HAM के अध्यक्ष जीतन राम मांझी की बहू दीपा कुमारी और समधन ज्योति देवी, अवध बिहारी चौधरी, डॉ. रामानंद यादव, वीणा देवी, ललित कुमार यादव, विजेन्द्र चौधरी, रेणु कुशवाहा, खेसारी लाल यादव, आलोक मेहता, भाई वीरेन्द्र, अनिरूद्ध यादव, अवधेश राय, अब्दुल जलील मस्तान, बीमा भारती, कौशल यादव, पूर्णिमा यादव, राजेश राम, तेज प्रताप यादव, मैथिली ठाकुर, खेसारी लाल यादव जैसे नामचीन चेहरों की किस्मत का फैसला कल होगा। अब पूरा बिहार देखना चाहता है कि 14 नवंबर की सुबह EVM किसके पक्ष में मुस्कुराती है।
अधिकतर एग्जिट पोल्स में NDA सरकार को स्पष्ट बहुमत दिया है। लेकिन एग्जैक्ट पोल जानने के लिए बिहार बेताब है। पटना से लेकर पूर्णिया तक, गया से लेकर सिवान तक, हर राजनीतिक गलियारे में बस एक ही सवाल गूंज रहा है कि क्या बिहार में सत्ता फिर नीतीश कुमार और एनडीए की होगी या शुक्रवार की सुबह तेजस्वी यादव के नेतृत्व में बदलाव की कहानी लिखेगा।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.