
बिहार चुनाव 2025 में आज पीएम मोदी ने मुजफ्फरपुर में एक जनसभा को संबोधित किया। मोदी ने अपने संबोधन में राजद और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। मोदी ने कहा कि NDA यानि सुशासन, NDA यानि जनता की सेवा, NDA यानि विकास की गारंटी।
बिहार विधानसभा चुनाव में सियासी पारा लगातार चढ़ रहा है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुजफ्फरपुर में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए राजद और कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। बारिश के बावजूद उमड़ी भारी भीड़ को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आप लोगों की बोली लीची जैसी मीठी है। बारिश के बाद भी आप आए, ये भीड़ बता रही है कि बिहार में फिर NDA सरकार बनेगी। NDA यानि सुशासन, NDA यानि जनता की सेवा, NDA यानि विकास की गारंटी।
पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार बिहार की संस्कृति और परंपराओं को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि हम छठ महापर्व को मानवता के महापर्व के रूप में UNESCO की विश्व विरासत सूची में शामिल कराने के लिए लगातार कोशिश कर रहे हैं। यह हर बिहारी और हर हिंदुस्तानी के लिए गर्व का विषय होगा। आपका ये बेटा दुनिया में छठी मईया की जय-जयकार कराने में लगा है। तो दूसरी तरफ कांग्रेस और RJD के लोग छठी मईया का अपमान कर रहे हैं। क्या कोई चुनाव में वोट पाने के लिए छठी मईया का अपमान कर सकता है? क्या बिहार और हिंदुस्तान की माताएं जो निर्जला उपवास करती हैं, वो ऐसा अपमान सहन करेंगी?
विकसित भारत के सपने को रेखांकित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि विकसित भारत के लिए बिहार का विकसित होना जरूरी है। लेकिन RJD और कांग्रेस कभी बिहार को विकास की राह पर नहीं ला सकते। इन लोगों ने बिहार पर कई सालों तक राज किया और सिर्फ विश्वासघात किया। इनकी पहचान कट्टा, क्रूरता, कटुता, कुशासन और करप्शन रहा है, यही जंगलराज की पहचान है। मोदी ने कहा कि जहां कट्टा और क्रूरता का राज हो, वहां कानून दम तोड़ देता है। जहां कटुता बढ़ाने वाले लोग हों, वहां समाज में सद्भाव असंभव है। जहां कुशासन और करप्शन हो, वहां विकास और सामाजिक न्याय की उम्मीद नहीं की जा सकती। पीएम ने कहा कि इन लोगों के राज में गरीब का हक लूटा गया और सिर्फ कुछ परिवार फलते-फूलते रहे। ऐसे लोग बिहार का भला नहीं कर सकते।
राजद शासन पर कटाक्ष करते हुए मोदी ने कहा कि बिहार को आगे बढ़ाने के लिए उद्यम चाहिए, उद्योग चाहिए। लेकिन सोचिए, जिनका इतिहास जमीन कब्जाने का रहा हो, वो उद्योग को जमीन देंगे क्या? जिन्होंने बिहार को लालटेन युग में रखा, वो बिजली देंगे क्या? जिन्होंने रेल को लूटा, वो कनेक्टिविटी बढ़ाएंगे क्या? जिन्होंने भ्रष्टाचार के रिकॉर्ड तोड़े, वो कानून का राज ला सकते हैं क्या?
पीएम मोदी ने NDA सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि आज बिहार में रेल के इंजन बन रहे हैं, डेयरी के बड़े-बड़े प्लांट लग रहे हैं, मखाना अब दुनिया भर में जा रहा है। ये सब NDA के सुशासन की पहचान है।
राजद शासनकाल को याद करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि जंगलराज के दिनों को याद कीजिए, जब अपराध अपने चरम पर था। आप मुजफ्फरपुर के लोग गोलू अपहरण कांड कभी नहीं भूल सकते। 2001 में स्कूल जाते एक छोटे बालक का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी गई थी। RJD के राज में करीब 35 से 40 हजार अपहरण हुए थे। सोचिए, उस दौर में आम लोगों का जीवन कितना भयभीत था। उन्होंने कहा कि आज भी राजद और कांग्रेस की मानसिकता वही है। रोते-बिलखते मां-बाप से न तब फर्क पड़ता था, न अब। इनके प्रचार गीतों में आज भी छर्रा, कट्टा, दुनाली की बातें हैं, यही इनकी सोच का प्रतिबिंब है।
मोदी ने कहा कि कल इन दोनों लोगों ने भर-भर कर गालियां दी हैं। जो लोग नामदार हैं, वो इस कामदार को गालियां तो देंगे ही। कामदार को गाली दिए बिना नामदार का खाना हजम नहीं होता है। दलित और पिछड़े को गाली देना तो ये नामदार अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझते हैं। इसलिए ही ये लोग मुझे 24 घंटे दुत्कारते रहते हैं, गालियां देते रहते हैं। क्योंकि इनको बर्दाश्त नहीं होता कि एक पिछड़ा, गरीब घर से निकला, चाय बेचने वाला व्यक्ति आज यहां पहुंच गया है।
पीएम मोदी ने कहा कि बिहार की जनता अब बहुत जागरूक है और वह ऐसे जंगलराज को कभी वापस नहीं लाएगी। उन्होंने सभा में उपस्थित लोगों से NDA उम्मीदवारों को जीत दिलाने की अपील की।
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.