Bihar Election: कहां हो रहीं गोपनीय बैठकें?, क्यों बंद कराए जा रहे CCTV?, तेजस्वी के दावों से बिहार की सियासत में सनसनी!

बिहार चुनाव में दूसरे चरण से पहले तेजस्वी ने NDA पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि हार के डर से गृहमंत्री अधिकारियों को धमका रहे हैं और कुछ अफसर गुप्त बैठकें कर रहे हैं। तेजस्वी ने दावा किया कि मुख्यमंत्री आवास से भ्रष्ट अधिकारी पुलिस को महागठबंधन समर्थकों को डिटेन करने का निर्देश दे रहे हैं।

Rishabh Shukla
पब्लिश्ड10 Nov 2025, 09:49 AM IST
महागठबंधन के सीएम फेस तेजस्वी यादव
महागठबंधन के सीएम फेस तेजस्वी यादव (HT)

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे और अंतिम चरण के मतदान से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। इसी क्रम में नेता प्रतिपक्ष और महागठबंधन के सीएम फेस तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो जारी कर एनडीए और केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। तेजस्वी ने अपने पोस्ट में लिखा कि पहले चरण के बाद एनडीए खेमे में भारी गमगीन माहौल है। हार के ख़ौफ़ में गृह मंत्री अधिकारियों से मिलकर और फोन पर धमकी दे रहे हैं। जहां वे ठहरते हैं, उस होटल के CCTV कैमरे बंद करा दिए गए हैं और देर रात अधिकारियों को बुलाया जा रहा है।

महागठबंधन के कार्यकर्ताओं को डिटेन करने का आरोप

तेजस्वी यादव ने आगे आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री आवास से बिना मुख्यमंत्री की जानकारी के कुछ प्रभावशाली अधिकारी और ED के चंगुल में फंसे महाभ्रष्ट अधिकारी पुलिस और प्रशासन को निर्देश दे रहे हैं कि महागठबंधन समर्थित बूथों पर वोटिंग के दिन तक कार्यकर्ताओं को डिटेन किया जाए। उन्होंने दावा किया कि संबंधित रेंज के अधिकारियों की मीटिंग चल रही है और बिहार के कई ईमानदार अफसर इस तरह के दबाव को स्वीकार नहीं कर रहे हैं। तेजस्वी ने कहा कि कई अधिकारी ऐसे लोगों के फोन आने के स्क्रीनशॉट तक भेज रहे हैं।

यह भी पढ़ें | वोट चोरी करती है बीजेपी, किशनगंज में राहुल गांधी ने लगाया बड़ा आरोप

दो गुजराती करना चाहते हैं बिहार पर कब्जा

अपने पोस्ट में तेजस्वी ने बिहार की जनता से अपील की कि वे संविधान विरोधी गतिविधियों और वोट चोरी की किसी भी कोशिश को नाकाम करें। उन्होंने कहा कि बदलाव निश्चित है, बिहार के अधिकारी संविधान सम्मत तरीके से अपने कर्तव्यों का पालन करें। तेजस्वी ने केंद्र सरकार पर भी तीखा वार करते हुए लिखा कि दो गुजराती किसी भी तरह से बिहार पर कब्जा करना चाहते हैं। वे बिहार को अपना उपनिवेश बनाना चाहते हैं लेकिन बिहार की जनता उन्हें कड़ा सबक सिखाने के लिए एकजुट है।

यह भी पढ़ें | तेज प्रताप यादव को वाई प्लस सिक्योरिटी, BJP में एंट्री की तैयारी?

बिहार में लोकतंत्र की डकैती नहीं होने देंगे

तेजस्वी ने अपने पोस्ट में कहा कि गणतंत्र की जननी बिहार में लोकतंत्र की डकैती नहीं होने दी जाएगी। जनता हर प्रकार से वोट चोरी और प्रशासनिक दबाव की कोशिशों को नाकाम करने के लिए तैयार है। तेजस्वी यादव का यह बयान चुनाव के दूसरे चरण से ठीक पहले आया है, जब राज्य की 122 सीटों पर 11 नवंबर को मतदान होना है और 14 नवंबर को परिणाम आएंगे।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़ElectionBihar Election: कहां हो रहीं गोपनीय बैठकें?, क्यों बंद कराए जा रहे CCTV?, तेजस्वी के दावों से बिहार की सियासत में सनसनी!
More
बिजनेस न्यूज़ElectionBihar Election: कहां हो रहीं गोपनीय बैठकें?, क्यों बंद कराए जा रहे CCTV?, तेजस्वी के दावों से बिहार की सियासत में सनसनी!