
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और भाजपा के स्टार प्रचारक योगी आदित्यनाथ ने आज बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए प्रत्याशी प्रमोद कुमार के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार को अब अपराधियों की नहीं, विकास की सरकार की जरूरत है और वह केवल एनडीए दे सकता है। चिर-परिचित अंदाज में योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जब बुलडोजर चलता है तो माफियाओं की हड्डी और पसली एक हो जाती है। यूपी में अपराधी पस्त है, नौजवान मस्त है। अब बिहार को भी अपराधमुक्त बनाना है।
योगी ने कहा कि पहले चरण के मतदान में जनता ने साफ कर दिया है कि अब बिहार को लालटेन की रोशनी नहीं बल्कि एनडीए की एलईडी लाइट में जगमगाना है। उन्होंने कहा कि 14 नवंबर को फिर एक बार एनडीए की सुशासन, विकास और सुरक्षा वाली सरकार लौटेगी। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में पिछले 20 वर्षों में बिहार ने सड़कों, रेल, एयरपोर्ट, मेट्रो और आईआईटी-एम्स जैसी सुविधाओं के साथ नई ऊंचाइयां छुई हैं। अब यह विकास तभी जारी रहेगा जब अपराधियों को सत्ता से दूर रखा जाएगा।
योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और राजद पर निशाना साधते हुए कहा कि इन पार्टियों ने बिहार की प्रतिभा और मेधा का शोषण किया, जिस कारण यह राज्य शिक्षा और विकास में पिछड़ गया। उन्होंने कहा कि नालंदा, आर्यभट्ट और चाणक्य की धरती को पिछड़ा बनाना कांग्रेस-राजद सरकारों का पाप है।
सीएम योगी ने राममंदिर का जिक्र करते हुए कहा कि अयोध्या में जब रामलला का मंदिर बना, तो सीतामढ़ी में मां जानकी के मंदिर का काम भी एनडीए सरकार ने शुरू किया। उन्होंने बताया कि 6,155 करोड़ रुपए की लागत से राम-जानकी मार्ग स्वीकृत हो चुका है और अब गोरखपुर से सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे मोतिहारी होते हुए जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत अब मजबूर नहीं, मजबूत है। जो देश की सुरक्षा को चुनौती देगा, उसे यमराज का टिकट मिलना तय है। सीएम योगी ने जनता से अपील की कि वे एनडीए प्रत्याशी को भारी मतों से जिताएं ताकि बिहार में सुशासन, विकास और सुरक्षा की सरकार कायम रह सके।
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.