Bihar Government: बिहार में नई सरकार का काउंटडाउन शुरू, पटना में सियासी हलचल तेज, नीतीश फिर संभालेंगे कमान

बिहार में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। आज एनडीए विधायक दल का नेता चुना जाएगा, जबकि गुरुवार को गांधी मैदान में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा, जिसमें पीएम मोदी और कई केंद्रीय नेता शामिल होंगे। जदयू और भाजपा की विधायक दल की बैठकें आज होंगी, जिसमें नीतीश के नाम पर सहमति तय है।

Rishabh Shukla
पब्लिश्ड19 Nov 2025, 10:59 AM IST
सीएम नीतीश कुमार
सीएम नीतीश कुमार(HT)

बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों में ऐतिहासिक जीत के बाद अब नई सरकार के गठन की तैयारियां तेज हो गई हैं। नई सरकार के गठन की तैयारियों के बीच एनडीए आज विधायक दल के नेता का चुनाव करेगा। मुख्यमंत्री आवास पर होने वाली इस अहम बैठक में एनडीए के सभी घटक दल भाग लेंगे। नेता के चयन के बाद कल यानी 20 नवंबर को राजधानी पटना के गांधी मैदान में नए मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और मंत्रिपरिषद के सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। नई सरकार के गठन से पहले राजनीतिक गतिविधियां चरम पर हैं और अगले 24 घंटे बिहार की राजनीति में बेहद अहम साबित होने वाले हैं।

JDU-BJP की बैठकें आज

इससे पहले आज जदयू और भाजपा दोनों अपने-अपने विधायक दलों की बैठक करेंगी। अब से थोड़ी देर में जदयू विधायकों की बैठक मुख्यमंत्री आवास पर शुरू होगी। इस बैठक में जदयू अपने विधायक दल के नेता के रुप में नीतीश कुमार का चयन करेगी। जबकि दोपहर बाद भाजपा की बैठक प्रदेश मुख्यालय में होगी, जहां भाजपा विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय नेतृत्व ने यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है, जबकि अर्जुन राम मेघवाल और साध्वी निरंजन ज्योति सह-पर्यवेक्षक होंगे। जानकारी के मुताबिक विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद नीतीश कुमार राजभवन पहुंचकर एक हाथ से सीएम पद से इस्तीफा देंगे, तो दूसरे हाथ से सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।

BJP-JDU दोनों ने किया विधानसभा अध्यक्ष पद पर दावा

सूत्रों के मुताबिक भाजपा और जदयू, दोनों ने ही विधानसभा अध्यक्ष पद पर दावा किया है। जदयू के विजय चौधरी और भाजपा के प्रेम कुमार अध्यक्ष पद के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। फिलहाल विधानसभा में भाजपा के नंद किशोर यादव अध्यक्ष, जबकि जदयू के नरेंद्र नारायण यादव उपाध्यक्ष हैं ।

पीएम मोदी शपथ ग्रहण में होंगे शामिल

जानकारी के मुताबिक शपथ ग्रहण समारोह को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी चल रही है। पीएम नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री तथा अन्य कई गणमान्य नेता समारोह में शामिल होंगे। सुरक्षा से लेकर भीड़ प्रबंधन तक की व्यवस्था को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि गृह मंत्री अमित शाह भी आज शाम पटना पहुंचेंगे। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान मंगलवार को ही पटना आ चुके हैं। इधर दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, ललन सिंह और जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा के साथ शीर्ष स्तर की बैठक हुई, जिसमें मंत्रिमंडल गठन, संभावित चेहरों और उपमुख्यमंत्री पद को लेकर मंथन किया गया।

नीतीश ने लिया गांधी मैदान का जायजा

इन सबके बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कल गांधी मैदान पहुंचकर शपथ मंच, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन और वीवीआईपी मूवमेंट की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित कई मंत्री और शीर्ष अधिकारी निरीक्षण के दौरान मौजूद थे। शपथ ग्रहण में दो लाख से ज्यादा लोगों के उपस्थिति रहने की संभावना जताई जा रही है। बता दें कि कुल 243 सदस्यीय विधानसभा में NDA ने 202 सीटें जीतकर सत्ता हासिल की है, जिसमें भाजपा को 89, जदयू को 85, लोजपा (रामविलास) को 19, हम को पांच और रालोमो को चार सीटें मिली हैं। जबकि महागठबंधन महज 35 सीटों पर सिमट गया है।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़ElectionBihar Government: बिहार में नई सरकार का काउंटडाउन शुरू, पटना में सियासी हलचल तेज, नीतीश फिर संभालेंगे कमान
More
बिजनेस न्यूज़ElectionBihar Government: बिहार में नई सरकार का काउंटडाउन शुरू, पटना में सियासी हलचल तेज, नीतीश फिर संभालेंगे कमान