20 नवंबर को नीतीश कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, एक दिन बाद मंत्रियों के विभागों का बटवारा कर दिया गया है। इस बार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जगह सम्राट चौधरी को गृह मंत्रालय की कमान दी गई है। वहीं पिछली बार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय को उनका पुराना मंत्रालय दिया गया है। 20 नवंबर को नीतीश कैबिनेट के 26 मंत्रियों ने शपथ ली थी, जिनमें से 18 मंत्रियों को इनके विभाग दे दिए गए हैं।
20 साल बाद नीतीश गृहमंत्री नहीं
नीतीश कुमार साल 2005 में मुख्यमंत्री बने थे तभी से गृह मंत्रालय का प्रभार उन्हीं के पास था लेकिन 20 साल बाद पहली बार गृह मंत्रालय का प्रभार नीतीश कुमार की जगह बीजेपी के सम्राट चौधरी को मिला है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खुद सभी मंत्रियों के विभागों का बंटवारा किया है। पिछली बार डिप्टी सीएम रहे सम्राट चौधरी इस बार डिप्टी सीएम के साथ गृह मंत्रालय का प्रभार भी संभालेंगे।
नीतीश के साथ 26 मंत्रियों ने ली थी शपथ
पटना के गांधी मैदान में हुए शपथग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अलावा 26 और मंत्रियों ने शपथ ली थी। जिनमें से 18 मंत्रियों के विभागों का बंटवारा किया गया है, जबकि 8 मंत्रियों को उनके विभागों का बंटवारा अभी बाकी है। हालांकि सबसे ज्यादा चर्चा नीतीश कुमार के हाथ से गृह मंत्रालय का प्रभार बीजेपी के मंत्री के हाथ में देने की चर्चा तेज है।