पटना: बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। यहां से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार अभिषेक कुमार 'बंटी' ने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली है। बीजेपी ने उनकी जगह दूसरे कैंडिडेट के नाम की घोषणा भी कर दी है। बांकीपुर विधानसभा के विधायक पद से नितिन नवीन ने इस्तीफा दिया है जिसके बाद इस सीट पर उपचुनाव हो रहा है।
अभिषेक कुमार 'बंटी' ने शुक्रवार को पटना में संवाददाता सम्मेलन में कहा, 'भारतीय जनता पार्टी ने मुझे बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का उम्मीदवार बनाया था। इसके लिए मैं केंद्रीय नेतृत्व और प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करता हूं। हालांकि, पारिवारिक कारणों से मैं विधानसभा उपचुनाव लड़ने में असमर्थ हूं। अतः मेरा विनम्र अनुरोध है कि मेरी उम्मीदवारी वापस लेने का अनुरोध स्वीकार किया जाए।'
भाजपा नेता ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी को पत्र भी भेज दिया है। अभिषेक कुमार 'बंटी' ने गुरुवार को ही अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था और अगले दिन यानी आज, शुक्रवार को उन्होंने अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली।
दूसरी तरफ, बीजेपी ने बांकीपुर से नीरज कुमार सिन्हा को बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव का अपना नया उम्मीदवार घोषित किया है। बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव ने बांकीपुर के अलावा मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा के लिए हो रहे उपचुनाव में आशुतोष तिवारी को पार्टी कैंडिडेट बनाने का ऐलान किया है।
ध्यान रहे कि भाजपा ने नितिन नवीन को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाकर राज्यसभा की सदस्यता दिला दी है। इस कारण नितिन नवीन ने बांकीपुर विधानसभा की सीट छोड़ दी। वहीं, मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट से तत्कालीन कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को अप्रैल में दिल्ली की एक अदालत ने कोऑपरेटिव बैंक धोखाधड़ी तीन साल की सजा सुनाई थी। इस सजा के कारण कांग्रेस विधायक की विधानसभा सदस्यता रद्द हो गई और यह सीट खाली हो गई।