Bihar Assembly Elections: बिहार चुनाव के लिए बीजेपी के प्रत्याशियों की पहली लिस्ट आ गई है। पहली सूची में 71 उम्मीदवारों के नाम हैं। इनमें उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को तारापुर से जबकि उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा को लखीसराय से टिकट मिले हैं। नितिन नबीन को बांकीपुर, मंगल पाण्डेय को सिवान और रेणु देवी को बेतिया से टिकट दिए गए हैं। जमुई की विधायक श्रेयसी सिंह पर भी पार्टी ने दोबारा दांव लगाया है।
विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव का कटा टिकट
बीजेपी ने 7 बार के विधायक रहे विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव का टिकट काट दिया है। वो पटना साहिब से विधायक हैं। पटना साहिब से उनकी जगह रत्नेश कुशवाहा को टिकट दिया गया है। टिकट नहीं मिलने पर नंदकिशोर यादव ने कहा कि उन्हें पार्टी से कोई शिकायत नहीं है वो पार्टी के फैसले के साथ हैं। नंदकिशोर ने कहा कि पार्टी ने मुझे बहुत कुछ दिया है नई पीढ़ी का स्वागत है।
नंदकिशोर का टिकट कटा तो मंडल को क्यों मिला?
कयास लगाए जा रहे हैं कि उम्र का हवाला देते हुए नंदकिशोर यादव का टिकट काटा गया है। ऐसे में सवाल उठता है कि राम नारायण मंडल को टिकट क्यों दिया गया है। राम नारायण भी बीजेपी के बुजुर्ग नेताओं में से एक हैं और वो पूर्व मंत्री रह चुके हैं। राम नारायण को बांका से प्रत्याशी बनाया गया है।
शाहनवाज हुसैन को नहीं मिला टिकट
बीजेपी के पूर्व केंद्रीय मंत्री और मुस्लिम चेहरा शाहनवाज हुसैन को भी टिकट नहीं मिला है। शाहनवाज भागलपुर या किशनगंज से टिकट की मांग कर रहे थे। भागलपुर से रोहित पांडेय और किशनगंज से स्विटी सिंह को टिकट दिया गया है।
बीजेपी ने 9 महिलाओं को दिया टिकट
बीजेपी ने अपनी 71 उम्मीदवारों की पहली सूची में 9 महिलाओं को टिकट दिया है। जमुई से श्रेयसी सिंह, प्राणपुर से निशा सिंह, नरपतगंज से देवंती यादव, किशनगंज से स्विटी सिंह, परिहार से गायत्री देवी, कोढ़ा से कविता देवी, बेतिया से रेणु देवी, औराई से रमा निषाद और वारिसलीगंज से अरुणा देवी को टिकट मिला है।
रामकृपाल यादव को मिला टिकट
बीजेपी के पूर्व सांसद रामकृपाल यादव को पाटलीपुत्र से टिकट दिया गया है। वो 2024 में हुए लोकसभा का चुनाव हार गए थे।
सम्राट चौधरी तारापुर से प्रत्याशी
बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को तारापुर से टिकट दिया गया है। तारापुर सीट पहले जेडीयू के पास थी। इस सीट को इसबार बीजेपी ने जेडीयू से लिया है।
विजय सिन्हा, मंगल पांडेय को टिकट
बिहार के दूसरे डिप्टी सीएम विजय सिन्हा को लखीसराय से प्रत्याशी बनाया गया है। वहीं बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय को सीवान से टिकट दिया गया है। बीजेपी की मौजूदा लिस्ट में 6 मंत्रियों को दोबारा टिकट मिला है। पार्टी ने अपनी पहली सूची में जातीय समीकरण का बखूबी ध्यान रखा है।