BMC Election Result 2026: महाराष्ट्र के महानगर पालिकाओं के चुनाव में भाजपा गठबंधन एकतरफा जीत की ओर है। रुझानों में 29 नगर पालिकाओं में से 24 में भाजपा गठबंधन को बढ़त मिली हुई है। मुंबई के बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) में भाजपा+शिवसेना (शिंदे) अलायंस कुल 227 सीटों में से 118 सीटों पर आगे चल रहा है। वहीं ठाकरे ब्रांड का हाल बेहाल नजर आ रहा है। इसबीच मुंबई महानगर पालिका में दिग्गज परिवारों को तगड़ा झटका लगा रहा है।
इस बार मुंबई के मतदाताओं ने लगभग सभी प्रमुख दलों के स्थापित नेताओं और उनके परिजनों को करारा झटका दिया है। चुनावी नतीजों को देखते हुए यह कहा जा रहा है कि भाई-भतीजावाद का मुद्दा मतदाताओं के बीच बड़ा फैक्टर बना और जनता ने सभी दलों को साफ संदेश दे दिया है।
शिंदे गुट की शिवसेना को झटका
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राज्य के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे को मुंबई में तीन बड़े राजनीतिक झटके लगे हैं। सांसद रवींद्र वाइकर की बेटी, पूर्व सांसद राहुल शेवाले की भाभी और शिवसेना नेता सदा सरवंकर के बेटे को चुनाव में हार का सामना करना पड़ा है। इसके अलावा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता नवाब मलिक के भाई कैप्टन मलिक भी चुनाव हार गए हैं। अरुण गवली की बेटी योगिता गवली और सिद्धिविनायक ट्रस्ट के अध्यक्ष सदा सरवंकर के बेटे समाधान सरवंकर को हार का सामना करना पड़ा है।
नहीं चला वंशावाद का जादू
वार्ड नंबर 185 में बीजेपी के रवि राजा को हार का सामना करना पड़ा है। वह बीएमसी में विपक्ष के नेता रह चुके हैं। रवि 2024 में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए थे। वार्ड नंबर 194 में शिवसेना को हार का सामना करना पड़ा है। इसी तरह पूर्व विधायक और सिद्धिविनायक ट्रस्ट के अध्यक्ष सदा सरवंकर के बेटे समाधान सरवंकर को शिकस्त मिली है। शिवसेना को एक और झटका वार्ड नंबर 73 में मिला है। यहां सांसद रविंद्र वायकर की बेटी दिप्ती वायकर को हार मिली है।
अरुण गावली परिवार को भी झटका
भायखला और दगड़ी चॉल इलाके में मजबूत पकड़ रखने वाले अरुण गावली परिवार को भी इस बार मतदाताओं ने नकार दिया है। योगिता गवली ने अपने पिता अरुण गवली की बनाई रीजनल पार्टी अखिल भारतीय सेना (ABS) के टिकट पर भायखला-चिंचपोकली इलाके के वार्ड 207 से चुनाव लड़ा था। ज़ोरदार कैंपेन और सेंट्रल मुंबई में अपने परिवार के लंबे समय से चले आ रहे प्रभाव के बावजूद, वह जीत हासिल नहीं कर पाईं। उन्हें बीजेपी उम्मीदवार रोहिदास लोखंडे ने हराया।
महाराष्ट्र में BJP ने लहराया विजय का परचम
महाराष्ट्र में महानगर पालिकाओं में हो रहे चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने शानदार प्रदर्शन किया है। इधर मुंबई महानगर पालिका में 25 साल से ज्यादा समय से राज कर रहे ठाकरे ब्रांड को तगड़ा झटका लगा है। बीएमसी से ठाकरे बंधु की विदाई लगभग तय हो गई है। बीजेपी प्रचंड जीत की ओर आगे बढ़ रही है।