Maharashtra Civic Polls Date: महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनावों का ऐलान हो गया है। तय कार्यक्रम के मुताबिक, 12 जिला परिषदों और 125 पंचायत समितियों के चुनाव पांच फरवरी को होंगे। वहीं, मतगणना सात फरवरी को की जाएगी। यह कार्यक्रम हाई कोर्ट की तरफ से स्थानीय निकाय चुनावों के लिए मतदान प्रक्रिया पूरी करने की 31 जनवरी की समय सीमा को दो सप्ताह तक बढ़ाने के एक दिन बाद घोषित किया गया।
आचार संहिता लागू
साल 2024 के विधानसभा चुनावों के बाद से सत्तारूढ़ ‘महायुति’ और विपक्षी गठबंधनों के बीच राजनीतिक मुकाबले का यह तीसरा दौर है। इस बार ग्रामीण निकायों पर नियंत्रण हासिल करने के लिए सभी दल जोर लगाएंगे। राज्य निर्वाचन आयोग (SEC) के आयुक्त दिनेश वाघमारे के संवाददाता सम्मेलन में चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।
इन जिलों में काराए जाएंगे चुनाव
ये चुनाव 12 जिलों की जिला परिषदों और उनसे संबंधित 125 पंचायत समितियों में होंगे, जिनके लिए लगभग 25,482 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। चुनाव रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, पुणे, सातारा, सांगली, कोल्हापुर, सोलापुर, छत्रपति संभाजीनगर, धाराशिव, लातूर और परभणी जिलों में कराए जाएंगे। आयुक्त ने बताया कि मतदान पांच फरवरी को सुबह साढ़े सात बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक होगा। मतगणना सात फरवरी को की जाएगी।
EVM के जरिए होगी वोटिंग
वाघमारे ने कहा कि इन चुनावों के लिए निर्वाचन आयोग की तरफ से एक जुलाई 2025 तक तैयार की गई मतदाता सूची का इस्तेमाल किया जाएगा। नियमों के अनुसार, मतदाता सूचियों को जिला परिषद और पंचायत समिति के निर्वाचन क्षेत्रों के लिए अलग-अलग कर दिया गया है, और इस स्तर पर नाम जोड़े या हटाए नहीं जा सकते हैं। मतदान के लिए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) का इस्तेमाल होगा।
16 से 18 जनवरी होगा नामांकन
वाघमरे ने कहा कि नामांकन पत्र 16 से 18 जनवरी के बीच स्वीकार किए जाएंगे, उनकी जांच 19 जनवरी को होगी और नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख 21 जनवरी है। उन्होंने बताया कि चुनाव चिन्ह 22 जनवरी को आवंटित किए जाएंगे और उम्मीदवारों की अंतिम सूची उसी दिन प्रकाशित की जाएगी। वाघमरे ने बताया कि लगभग 2.09 करोड़ मतदाता मतदान के पात्र हैं, जिनमें 1.02 करोड़ महिलाएं शामिल हैं।