
एनडीए ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को अपना साझा चुनावी घोषणापत्र जारी किया। अब घोषणापत्र की बातों से ज्यादा घोषणापत्र जारी करने के तरीकों पर चर्चा खूब हो रही है। कांग्रेस की तरफ से जयराम रमेश ने कहा कि 26 सेकेंड में कैसा घोषणापत्र जारी होता है। वो भी पत्रकारों से बिना बात किए बिना सवाल जवाब के। कांग्रेस की तरफ से जयराम रमेश के तंज के बाद बारी थी आरजेडी की, सो पार्टी की तरह से निशाना साधा मुख्यमंत्री के चेहरे तेजस्वी यादव ने। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को घोषणापत्र नहीं सॉरी पत्र जारी करना चाहिए। अब नीतीश कुमार का इन तमाम आलोचनाओं के बाद जवाब आया है।
26 सेकेंड में चुनावी घोषणापत्र जारी करने के सवाल पर जवाब देने का जिम्मा खुद नीतीश कुमार ने संभाला। उन्होंने एक चार मिनट का वीडिया जारी कर पहले तो लोगों ने एनडीए के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उसके बाद बारी थी महागठबंधन को जवाब देने की, नीतीश ने वीडियो में कहा कि, आरजेडी के शासनकाल में बिहार और बिहारी शब्द को शर्म और गाली हुआ करती थी। आज बिहार और बिहारी कहलाना गर्व की बात है। नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार और बिहारी को शर्म के गर्त से निकालकर गर्व के शिखर तक उन्होंने पहुंचाया है।
नीतीश कुमार ने अपने जारी वीडियो में कहा कि बिहार के विकास की रफ्तार को बनाए रखने के लिए एनडीए सरकार बहुत जरूरी है। सोशल मीडिया एक्स पर जारी नीतीश कुमार के वीडियो में उन्होंने कहा कि, नवंबर 2005 में उनकी सरकार के गठन के बाद से राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति में ‘‘उल्लेखनीय सुधार हुआ है। लोग जानते हैं कि 2005 से पहले बिहार की स्थिति क्या थी। हमने सत्ता में आने के बाद कानून-व्यवस्था की बहाली को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और राज्य में कानून का राज स्थापित किया। आज ‘बिहारी’ होना राज्यवासियों के लिए गर्व की बात है।’’
नीतीश कुमार ने कहा कि उनकी सरकार ने महिलाओं, हिंदुओं, मुसलमानों, सवर्णों, दलितों, पिछड़े वर्गों और समाज के कमजोर तबकों के सशक्तीकरण के लिए अनेक कदम उठाए हैं। आप लोग 2005 से मुझे सेवा का अवसर देते आ रहे हैं। हमने बिहार के सर्वांगीण विकास के लिए कई कदम उठाए हैं और ये प्रयास आगे भी जारी रहेंगे। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि राज्य और केंद्र में राजग की सरकार रहने से बिहार ने ‘‘तीव्र विकास’’ किया है।
नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में बुनियादी सुविधाओं से लेकर इंसानी सुविधाओं के विकास के लिए एनडीए सरकार का बने रहना जरूर है, इसलिए आप सब राजग को एक और मौका दें ताकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के सहयोग से ‘डबल इंजन की सरकार’ विकास के कार्यों को आगे बढ़ा सके।’’ उन्होंने कहा कि यदि राजग की सरकार फिर से सत्ता में आई तो राज्य में विकास की गति और तेज होगी।
नीतीश कुमार ने कांग्रेस और आरजेडी पर एक साथ निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने अपने पूरे राजनीतिक करियर में अपने परिवार के लिए कुछ नहीं किया। जबकि कांग्रेस और आरजेडी का ध्येय ही राजनीति की मदद से परिवार के लिए सब कुछ करना है। हमने राज्य के विकास को ही हमेशा प्राथमिकता दी है। मैं आप सबसे आग्रह करता हूं कि राजग उम्मीदवारों को वोट दें और हमें एक बार फिर सेवा का अवसर दें ताकि बिहार को ‘विकसित बिहार’ बनाकर देश के अग्रणी राज्यों में शामिल किया जा सके।
इस तरह से राजनीति के धुरंधर और पुराने खिलाड़ी नीतीश कुमार ने अपने प्रतिद्वंदियों को जवाब दिया। नीतीश कुमार ने अपने बयान के जरिए विपक्ष के वार पर पलटवार करने के साथ ही उनकी सेहत को लेकर उठ रहे सवाल का भी जवाब देने की कोशिश की। बिहार में मतदान की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। पहले चरण का मतदान 6 नवंबर और दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होना है जबकि 14 नवंबर को वोटों की गिनती होगी और इसी तीन नतीजे आएंगे। अब देखना है किस दल और नेता कि दावे, वादे और बातों पर वोटर भरसा करता है किसकी सरकार बनती है।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.