राघोपुर में राबड़ी देवी पहुंचीं, छोटे बेटे और महागठबंधन की तरफ से मुख्यमंत्री का चेहरा तेजस्वी यादव के लिए। उन्होंने राघोपुर की जनता से तेजस्वी यादव को जिताने की अपील की। उन्होंने कई इलाकों में घूम-घूमकर लोगों से तेजस्वी के लिए वोट मांगा। राबड़ी देवी ने कहा कि महागठबंधन की सरकार बनेगी और तेजस्वी यादव जब मुख्यमंत्री बनेंगे तो हर परिवार के एक सदस्य को स्थाई नौकरी दी जाएगी। राबड़ी देवी जब राघोपुर में पहुंची तो छोटे बेटे तेजस्वी यादव के लिए वोट मांगे। अब सवाल ये उठ रहा है कि क्या राबड़ी देवी अपने बड़े बेटे के लिए चुनाव प्रचार करने महुआ जाएंगी?
शायद दशकों बाद राबड़ी देवी अपने पुराने विधानसभा क्षेत्र राघोपुर पहुंचीं, लेकिन इस बार वो अपने बेटे तेजस्वी यादव के लिए वोट मांगने पहुंचीं। लोगों ने भारी संख्या में मतदान कर तेजस्वी यादव को जिताने की अपील की। राघोपुर वही विधानसभा क्षेत्र है जहां से कभी राबड़ी देवी भी चुनाव लड़ चुकी हैं, यहीं से वो चुनाव जीतकर बिहार की मुख्यमंत्री बनीं। लालू यादव भी यहीं से चुनाव जीतकर मुख्यमंत्री बने हैं। इस तरह से राघोपुर सीट एक तरह से लालू परिवार की पारिवारिक सीट रही है। लालू और राबड़ी के बाद इनके छोटे बेटे तेजस्वी यादव भी यहां से लगातार दो बात जीतकर विधायक और उप-मुख्यमंत्री बन चुके हैं और इस बार लगातार तीसरी बार जीत की हैट्रिक लगाने के लिए मैदान में उतरे हैं।
राबड़ी देवी का राघोपुर में चुनाव प्रचार करने का वीडियो खूब वायरल हो रहा है, इस वीडियो में दिख रहा है वो कई इलाकों में घूम-घूमकर अपने बेटे के लिए वोट मांग रही हैं। इसी दौरान बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री को असहज स्थिति का भी सामना करना पड़ा। जब उनसे मिलने पहुंचे लोगों ने राबड़ी देवी से राघोपुर विधानसभा क्षेत्र की अनदेखी का आरोप लगाते हुए शिकायतों की बौछार कर दी। लोगों के शिकायत करने की भी तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल है।
स्थानीय लोगों ने राबड़ी देवी से कहा कि यहां से लालू यादव फिर राबड़ी देवी और अब इन दोनों के बेटे तेजस्वी यादव दो-दो बार विधायक बन चुके हैं, तीसरी बार जीत के लिए जोर लगा रहे हैं लेकिन तेजस्वी यादव ने राघोपुर की जनता पर कभी ध्यान नहीं दिया। जैसे ही राबड़ी देवी की गाड़ी राघोपुर के पहाड़पुर पूर्वी पंचायत पहुंची, वहां की जनता ने राबड़ी की गाड़ी को रोक कर मां राबड़ी से बेटे तेजस्वी यादव की जमकर शिकायत की। लोगों ने कहा, आप लोग हमेशा राघोपुर को सौतेला मानते हैं, तेजस्वी यादव क्षेत्र में भी नहीं आते हैं, यहां तक कि बाढ़ में भी मिलने नहीं आते हैं, बाढ़ के समय तेजस्वी यादव डांस करते हैं लेकिन हमसे मिलने यहां नहीं आते हैं।
जनता की शिकायत सुनने के बाद राबड़ी देवी ने कहा कि राघोपुर मेरा घर है वहीं तेजस्वी का बचाव करते हुए कहा कि तेजस्वी पूरे बिहार में घूम रहे हैं। जिसपर लोगों ने कहा कि वो राघपुर कभी नहीं आते। जिसके बाद राबड़ी देवी ने कहा कि तेजस्वी राघोपुर का सबसे प्यारा बेटा है। लेकिन राबड़ी की बातों को काटते हुए कुछ लोगों ने कहा कि उनके यहां की ग्रामीण सड़कें बदहाल हैं। बरसात के मौसम में बढ़ की समस्या झेलनी पड़ती है, लोगों के घरों में पानी घुस जाता है। लेकिन आजतक तेजस्वी यादव ने उनके क्षेत्र में ध्यान नहीं दिया। तमाम शिकायतें सुनने के बाद राबड़ी देवी ने कहा कि इस बार चुनाव जीतने के बाद वो राघोपुर की जनता की सारी समस्याएं दूर करेंगे।
राबड़ी देवी के दोनों बेटे चुनाव लड़ रहे हैं, राघोपुर से तेजस्वी यादव महागठबंधन से मुख्यमंत्री का चेहरा हैं लेकिन उनके बड़े बेटे तेज प्रताप इसी वैशाली जिले की महुआ विधानसभा सीट से अपनी नई पार्टी बनाकर चुनावी मैदान में उतरे हैं। उन्हें किसी भी तरीके से चुनाव प्रचार में परिवार का साथ नहीं मिल रहा है। वो अकेले घूम-घूमकर चुनाव प्रचार कर रहे हैं। तेज प्रताप के खिलाफ भी तेजस्वी ने आरजेडी उम्मीदवार उतारा है, जिसकी वजह से तेज प्रताप नाराज बताए जा रहे हैं और बदले में उन्होंने भी अपनी पार्टी का एक उम्मीदवार तेजस्वी के खिलाफ उतार दिया है। हालांकि लालू परिवार का साथ तेज प्रताप को नहीं मिल रहा है, लेकिन राबड़ी देवी जैसे तेजस्वी की मां हैं उसी तरह से वो तेज प्रताप की भी मां हैं, ऐसे में सवाल तो उठना लाजमी है कि क्या राबड़ी देवी ने जैसे तेजस्वी के लिए चुनाव प्रचार किया उसी तरीके से एक मां के तौर पर तेज प्रताप के लिए भी चुनाव प्रचार करेंगी।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.