बिहार में हो रहे विधानसभा चुनाव के लिए वैसे तो प्रचार का शोर जोर पकड़ चुका है, तमाम पार्टियों के दिग्गज नेता चुनाव प्रचार के रण में उतर चुके हैं। लेकिन अभी तक कांग्रेस की तरफ से केंद्रीय कमान का कोई बड़ा नेता चुनावी रैली में नजर नहीं आया। अब जाकर बिहार में प्रियंका गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे का चुनावी कार्यक्रम तय किया गया है। ये तीनों नेता बिहार में महागठबंधन की जीत के लिए जोर लगाएंगे। हालांकि अभी तक महागठबंधन की तरफ से बड़े चेहरे के नाम पर सिर्फ तेजस्वी यादव ताबड़तोड़ चुनाव प्रचार करते नजर आ रहे हैं।
कांग्रेस की तिकड़ी चुनाव प्रचार में दिखाएगी दम
कांग्रेस तैयार है अपने तीन बड़े चेहरों के साथ प्रचार के रण में दम दिखाने के लिए। कांग्रेस की तरफ से मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा बिहार में चुनाव प्रचार करने जा रहे हैं। बिहार के प्रभारी AICC सचिव सुशील पासी ने मीडिया को इस बात की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की तरफ से चुनाव प्रचार का मुद्दा विकास होगा, कांग्रेस राज्य की पुरानी गरिमा बहाल करेगी। सुशली पासी ने कहा कि एनडीए खासकर बीजेपी अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए ध्यान भटकाने की कोशिश करेगी। लेकिन कांग्रेस विकास के एजेंडे को लेकर आगे बढ़ेगी।
राहुल गांधी का चुनावी कार्यक्रम तय नहीं
भले ही कांग्रेस की तरफ से जारी 40 स्टार प्रचारकों की सूची में पार्टी के आला नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का नाम शामिल है। पार्टी के नेता राहुल गांधी के जल्दी चुनाव प्रचार में उतरने का दावा कर रहे हैं लेकिन बड़ा सवाल अभी भी बना हुआ है कि आखिर राहुल गांधी चुनाव प्रचार कब शुरू करेंगे। क्योंकि अभी तक राहुल गांधी के बिहार में चुनाव प्रचार करने की तारीख का ऐलान नहीं किया गया है। वहीं महागठबंधन के जारी होने वाले साझा घोषणापत्र के समय भी राहुल गांधी तेजस्वी के साथ रहेंगे या नहीं इसको लेकर भी सस्पेंस बना हुआ है।
छठ के बाद चुनाव प्रचार करेंगे कांग्रेस के दिग्गज
कांग्रेस पार्टी चुनाव प्रचार के रण में उतरने के लिए छठ पर्व के समापन का इंतजार कर रही थी। 28 अक्तूबर को छठ महापर्व के समापन के बाद कांग्रेस के केंद्रीय नेता चुनाव प्रचार में जुट जाएंगे। बिहार में पहले चरण में 6 नवंबर को 121 और 11 नवंबर को दूसरे चरण में 122 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। इस तरह से देखा जाए तो छठ पर्व के समापन के बाद पहले चरण के प्रचार के लिए बमुश्किल एक सप्ताह का समय बच रहा है। पहले चरण के लिए मतदान से 24 घंटे पहले यानी 4 नवंबर को प्रचार का शोर थम जाएगा।
सबसे पहले प्रियंका गांधी चुनाव प्रचार करेंगी
राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और प्रियंका गांधी इन तीनों बड़े नेताओं में सबसे पहले प्रियंका गांधी चुनावी रैली करने जा रही हैं। प्रियंका गांधी 29 और 30 अक्टूबर को अपनी पहली चुनावी रैली करेंगी। प्रियंका गांधी नेपाल से सटे सीमावर्ती इलाकों की हाई प्रोफाइल सीटों पर जनसभा को संबोधित करेंगी। देर से गांधी परिवार के चुनाव प्रचार के रण में उतरने के सवाल पर सुशील पासी ने कहा कि प्रचार की कम अवधि कोई समस्या नहीं है। हमारे नेता थोड़े समय के चुनाव प्रचार में जनता का मूड बदल देंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के तीनों केंद्रीय नेताओं का फोकस खास तौर पर उन सीटों पर होगा जहां कांग्रेस के प्रत्याशी दांव आजमा रहे हैं।
इमरान प्रतापगढ़ी, पप्पू यादव लगा रहे जोर
कांग्रेस की तरफ उत्तर प्रदेश से पार्टी के सांसद इमरान प्रतापगढ़ी और निर्दलीय सांसद पप्पू यादव चुनाव प्रचार में जुटे हैं। इसके अलावा कांग्रेस के राज्यसभा सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह ने भी रविवार को कई रैलियों को संबोधित किया। गौरतलब है कि निर्दलीय सांसद पप्पू यादव कांग्रेस के समर्थन में चुनावी रैली कर रहे हैं और कांग्रेस की 40 स्टार प्रचारकों की सूची में पप्पू यादव का नाम भी शामिल है।
कांग्रेस के कई नेता चुनाव प्रचार में जुटे
भले ही कांग्रेस के केंद्रीय नेताओं की अभी बिहार चुनाव में एंट्री नहीं हुई है, लेकिन बिहार के नेता और प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शकील अहमद खान जैसे कई नेता चुनाव प्रचार कर रहे हैं। 30 अक्टूबर को हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद सिंह सुक्खु भी चुनाव प्रचार करेंगे। मीडिया से बात करते हुए शकील अहमद खान ने कहा कि कांग्रेस बिहार का पुराना गौरव वापस दिलाएगी। उन्होंने कांग्रेस का चुनावी वादा दुहराया। जिसमें 25 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज, महिलाओं के लिए भत्ता, छात्रों के लिए लैपटॉप, 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली, गरीबों को आवास के लिए 3 से 5 डिसमिल जमीन जैसे चुनावी वादे शामिल हैं।