
बिहार विधानसभा चुनाव में दूसरे चरण के लिए 11 नवंबर को मतदान होगा, जिसके लिए चुनाव आयोग ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है। दूसरे चरण के दर्जनों विधानसभा सीटों पर खासकर एनडीए के लिए मुकाबला कड़ा देखने को मिलता रहा है। साल 2020 में दूसरे चरण की 20 जिलों में से 7 जिले ऐसे हैं जहां पर एनडीए के किसी भी पार्टी के प्रत्याशी का खाता नहीं खुल था। यानी 7 जिलों में एनडीए का सुपड़ा साफ हो गया था। हालांकि दूसरे चरण के दो जिले ऐसे भी हैं जहां महागठबंधन का भी खाता नहीं खुला था। जिले देखते हुए कहा जा सकता है कि असली चुनौती तो अब शुरू हो रही है।
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में राज्य के 20 जिलों की 122 सीट पर होने वाले मतदान के लिए प्रचार शाम पांच बजे थम जाएगा। इसके बाद इन जिलों में किसी भी प्रकार की सभा, रैली या रोड शो पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। दूसरे चरण में जिन 20 जिलों में मतदान होगा उनमें पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, नवादा, गया, औरंगाबाद, जहानाबाद, अरवल, कैमूर और रोहतास शामिल हैं।
पहले चरण के चुनाव में, आजादी के बाद सर्वाधिक 65 प्रतिशत से अधिक वोटिंग को देखते हुए दूसरे चरण में भी रिकॉर्ड मतदान होने की उम्मीद है। पहले चरण में महिलाओं ने पुरुषों से ज्यादा मतदान किया। कुल मतदान प्रतिशत 65.08 फीसदी रहा। महिलाओं का मतदान प्रतिशत 69.04 जबकि पुरुषों का 61.56 फीसद रहा। इस लिहाज से देखें तो पहले चरण में पुरुषओं के मुकाबले 7.48 प्रतिशत ज्यादा महिलाओं ने वोटिंग की। पहले चरण में मीनापुर सीट पर सबसे ज्यादा 77.54 प्रतिशत मतदान हुआ।
दूसरे चरण में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कई मंत्री चुनाव लड़ रहे हैं, जिनमें सुपौल से बिजेंद्र प्रसाद यादव, चकाई से सुमित कुमार सिंह, झंझारपुर से नीतीश मिश्रा, अमरपुर से जयंत राज, छातापुर से नीरज कुमार सिंह बबलू, बेतिया से रेणु देवी, धमदाहा से लेशी सिंह, हरसिद्धि से कृष्णनंदन पासवान और चैनपुर से जमा खान शामिल हैं।
दूसरे चरण में महागठबंधन की ओर से राजद के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम, कटिहार की कदवा सीट से कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान और CPI(ML) विधायक दल के नेता महबूब आलम उम्मीदवार हैं।
दूसरे चरण में एनडीए के घटक दलों से बीजेपी के 53 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होना है। पहले चरण में बीजेपी के 48 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में बंद हो चुकी है। जेडीयू के 44, चिराग पासवान की पार्टी LJP(R) के 15, उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी RLM के 4 और जीतन राम मांझी की पार्टी HAM के 6 उम्मीदवार दूसरे चरण में चुनावी मैदान में हैं।
एनडीए के स्टार प्रचारकों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, बीजेपी के बिहार के चुनाव प्रभारी एवं केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और जीतन राम मांझी शामिल रहे। इन्होंने एनडीए की तरफ से जीत के लिए पूरा जोर लगाया।
दूसरी ओर, महागठबंधन में आरजेडी 72 सीटों पर, कांग्रेस 37 सीटों पर, मुकेश सनी की वीआईपी 10 सीटों और अन्य सहयोगी दल पांच सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। प्रचार की कमान आरजेडी नेता और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी और CPI(ML) के महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने संभाली।
दूसरे चरण में राज्य के 20 जिलों की 122 विधानसभा सीट पर 11 नवंबर को सुबह सात बजे से मतदान होगा। इस चरण में 1302 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनमें 136 महिलाएं, 1165 पुरुष और एक थर्ड जेंडर प्रत्याशी शामिल हैं। कुल 3 करोड़ 70 लाख 13 हजार 556 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
दूसरे चरण में 45,399 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 40,073 ग्रामीण और 5326 शहरी बूथ हैं। क्षेत्रफल के लिहाज से इस चरण का सबसे छोटा विधानसभा क्षेत्र भागलपुर 23.887 वर्ग किलोमीटर है, जबकि सबसे बड़ा चैनपुर 1814.15 वर्ग किलोमीटर है। मतदाताओं की संख्या के अनुसार मखदुमपुर में सबसे कम 2 लाख 47 हजार 574 और हिसुआ में सबसे अधिक 3 लाख 67 हजार 667 मतदाता हैं।
दूसरे चरण में सबसे ज्यादा संवेदनशील विधानसभा क्षेत्रों और बूथ की पहचान की गई है। इमामगंज विधानसभा क्षेत्र की 7 बूथों पर मतदान दोपहर 3 बजे तक और 354 बूथों पर 4 बजे तक होगा। बोधगया की 200 बूथ पर 4 बजे तक और 106 बूथ पर शाम 5 बजे तक मतदान होगा। वहीं चैनपुर, रजौली, गोविंदपुर, सिकंदर, जमुई, झाझा और चकाई की सभी बूथों पर शाम 4 बजे तक वोटिंग कराई जाएगी।
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.