लोंगोवाल: पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) फिर से साथ आ सकते हैं। इस बात के संकेत लगातार मिल रहे हैं। ताजा मामले में अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर ने ऐसा कुछ कहा जिससे पंजाब में बीजेपी-अकाली दल गठबंधन की अटकलों को हवा मिल गई है। उन्होंने कहा कि पंजाब की तरक्की के लिए दिल्ली से बेहतर संबंध तो होनी चाहिए।
एनडीए में होगी अकाली दल की वापसी?
सांसद ने गुरुवार को पंजाब की तरक्की के लिए दिल्ली से बेहतर संबंध की इच्छा जताकर एनडीए में वापसी का संकेत दे दिया है। सांसद ने यह संकेत यहां संत हरचंद सिंह लोंगोवाल की शहादत की 41वीं बरसी के मौके पर आयोजित शिअद के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दिया। उन्होंने कहा, 'गुरु साहिब कृपा करें। बोलना मेरा काम नहीं है, इसलिए मैं अपनी जुबान रोक रही हूं। आपको खुद ही पता चल जाएगा।'
हरसिमरत ने कहा, 'ईश्वर हम पर कृपा करें और लोग हमें हिम्मत दें। ऐसे समझौतों के जरिए, जिनसे विकास और तरक्की से जुड़े काम दिल्ली से किए जाते थे, एक बार फिर पंजाब में उसी विकास और तरक्की की नींव रखी जा रही है, जिससे पंजाब और पंजाब के लोगों को लाभ होगा।'
पीएम से मिले थे सुखबीर सिंह बादल
इस महीने की शुरुआत में, शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से उनके कार्यालय में मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद से शिअद के भाजपा के साथ गठबंधन करने की अटकलें शुरू हो गई थीं। शिअद पहले भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का हिस्सा था लेकिन अब रद्द हो चुके तीन कृषि कानूनों को लेकर वह गठबंधन से अलग हो गया था।