बिहार में हो रहे विधानसभा चुनाव में पहले चरण के मतदान के लिए नामांकन का सिलसिला शुक्रवार को थम गया. अब बारी से धुआंधार चुनाव प्रचार की। नामांकन करने वाले तमाम उम्मीदवार अब प्रचार के रण में उतर आए हैं। अपने नामांकन पत्र में तमाम उम्मीदवारों ने अपनी-अपनी संपत्ति का ब्योरा दिया है। जिसमें इस बात का खुलासा हुआ है कि पहले चरण में मैदान में उतरने वाले किस उम्मीदवार की कितनी संपत्ति है। इस लिस्ट में बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव जैसे कई धुरंधर नेताओं के नाम शामिल हैं। लेकिन पहले चरण में चुनाव मैदान में उतरने वाले सबसे अमीर उम्मीदवार हैं शिशिर कुमार। बिहार विधानसभा के पहले चरण में 6 नवंबर को 121 सीटों पोट डाले जाएंगे। जबकि दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होगा और वोटों की गिनती 14 नवंबर को की जाएगी।
शिशिर कुमार सबसे अमीर विधानसभा प्रत्याशी
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में मैदान में उतरे शिशिर कुमार सबसे अमीर प्रत्याशी हैं. नामांकन में दिए हलफनामे के मुताबिक शिशिर कुमार 23 करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक हैं। शिशिर कुमार पटना की मेयर सीता साहू के बेटे हैं। उन्होंने बीजेपी से बगावत कर पटना साहिब विधानसभा सीट से निर्दलीय पर्चा भरा है. शिशिर कुमार बीजेपी से टिकट की मांग कर रहे थे लेकिन उन्हें टिकट नहीं मिला, जिसके बाद उन्होंने बगावत कर दी है और राजधानी की इस प्रमुख सीट पर पार्टी की मुश्किल बढ़ा दी है। शिशिर कुमार मौजूदा विधायक नंदकिशोर यादव के करीबी बताए जाते हैं। बीजेपी ने इस सीट पर इस बार नंदकिशोर यादव की जगह रत्नेश कुशवाहा को मैदान में उतारा है। पटना साहिब बीजेपी का मजबूत गढ़ माना जाता है।
सम्राट चौधरी के पास भी करोड़ों की संपत्ति
बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी भी करोड़ों रुपये की संपत्ति के मालिक हैं. चुनाव आयोग में दिए हलफनामे के मुताबिक सम्राट चौधरी के पास 10 करोड़ रुपये की संपत्ति है। जिसमें करीब एक करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 8.28 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है। चुनाव आयोग में दिए हलफनामे के मुताबिक बिहार के डिप्टी सीएम पर दो आपराधिक मामले हैं. सम्राट पर साल 2023 में एक मामला पटना में ही दर्ज हुआ था, उनपर निषेधाज्ञा कानून का मामला दर्ज है। सम्राट चौधरी तारापुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।
तेजस्वी यादव भी हैं करोड़पति उम्मीदवार
लालू यादव के छोटे बेटे और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी करोड़ों रुपये की संपत्ति के मालिक हैं। नामांकन के दौरान दिए हए हलाफनामे के मुताबिक तेजस्वी यादव के पास आठ करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति है जिसमें से 6.12 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 1.88 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है। इसके अलावा तेजस्वी यादव की पत्नी राजश्री यादव के पास कुल 1.88 करोड़ रुपये की संपत्ति है. जिसमें करीब 60 लाख रुपये की अचल संपत्ति शामिल है। तेजस्वी यादव के पास 1.5 लाख और उनकी पत्नी राजश्री के पास एक लाख रुपये नगद हैं।
लालू के बड़े लाल तेज प्रताप भी हैं करोड़पति
लालू परिवार और आरजेडी से बेदखल किए गए लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप के पास भी पैसों की कोई कमी नहीं है. तेज प्रताप महुआ विधानसभा सीट से अपनी अलग पार्टी बनाकर चुनाव लड़ रहे हैं। चुनाव आयोग को दिए हलफनामे के मुताबिक तेज प्रताप के पास कुल 2.88 करोड़ रुपये की संपत्ति है. जिसमें से करीब 92 लाख रुपये की चल संपत्ति और 1.96 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है। पिछले पांच साल में तेज प्रताप की संपत्ति में बहुत मामूली बढ़ोतरी हुई है।