बिहार चुनाव में तेजस्वी ने चल दिया स्थाई नौकरी वाला दांव, कमीशनखोरी, भ्रष्टाचार, अपराध पर कसेंगे लगाम- तेजस्वी

बिहार में जारी सत्ता के संग्राम में तेजस्वी यादव ने बड़ा दाव चल दिया है। नेता प्रतिपक्ष ने संविदा कर्मियों और जीविका दीदियों को स्थाई नौकरी और मोटी सैलरी वाला दाव चला है। तेजस्वी यादव ने उन तमाम मुद्दों को अपना बना लिया है जिसे साल 2005 में नीतीश कुमार ने चुनावी मुद्दा बनाया था।

Rajkumar Singh
अपडेटेड22 Oct 2025, 01:04 PM IST
तेजस्वी यादव
तेजस्वी यादव(HT)

स्थाई सरकारी नौकरी, कमीशनखोरी, पलायन, कानून-व्यवस्था और महंगाई के दौर में आर्थिक समानता। ये वो मुद्दे हैं जिसे तेजस्वी यादव पूरे बिहार में चुनाव प्रचार के दौरान भुनाने की पुरजोर कोशिश करेंगे। जिसका ट्रेलर उन्होंने पटना में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दे दिया। तेजस्वी ने हर परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का वादा किया। जीविका दीदियों और संविदा कर्मियों को स्थाई नौकरी का वादा किया। दूसरी तरफ डबल इंजन की सरकार में भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी, बढ़ते अपराध और पलायन को अपना मुद्दा बनाया है और इसी मुद्दे को लेकर नीतीश सरकार पर जोरदार हमला बोला है। इस तरह से तेजस्वी यादव ने विपक्ष की तरफ से चुनावी ऐजेंडे का ट्रेंड सेट कर दिया है।

तेजस्वी का सरकारी नौकरी वाला दाव

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पटना में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई। उम्मीद थी कि इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में वो महागठबंधन में जारी गतिरोध और फ्रेंडली फाइट को लेकर मचे घमासान पर कुछ बोलेंगे। लेकिन महागठबंधन में जारी गतिरोध को छोड़कर हर मुद्दे पर बोले और ऐसे बोले कि उनके इस बयान ने बिहार का चुनावी एजेंडा सेट कर दिया। तेजस्वी यादव ने सरकारी नौकरी वाला दाव चला है। उन्होंने चुनाव जीतने के बाद संविदा कर्मचारियों और जीविका दीदियों को स्थाई सरकारी नौकरी देने का वादा किया।

यह भी पढ़ें | इस बार छोटे दल करेंगे बड़ा खेल तभी बचा रहेगा वजूद!

"जीविका दीदी को 30,000+2000 देंगे"

तेजस्वी यादव ने अपने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जो सबसे बड़ी घोषणा की वो थी जीविका दीदी को स्थाई सरकारी नौकरी। तेजस्वी यादव ने कहा कि उनकी सरकार बनने पर जीविका दीदियों को स्थाई किया जाएगा। और 30,000 रुपये महीने वेतन के तौर पर दिया जाएगा। इसके अलावा उनसे दूसरे काम करवाने के एवज में 2,000 रूपये अतिरिक्त दिए जाएंगे। दो साल तक के लिए ब्याज मुक्त कर्ज दिए जाएंगे और सरकार जीविका दीदियों का पांच लाख रूपये का बीमा करवाएगी। तेजस्वी यादव ने इस मौके पर कहा कि जीविका दीदियों से सारा काम करवाया जाता है ऊपर से अधिकारियों की कमीशनखोरी की वजह से इनके साथ अन्याय होता है।

"संविदा कर्मचारियों को स्थाई नौकरी"

तेजस्वी यादव ने जो दूसरी बड़ी घोषणा की वो है संविदा कर्मचारियों को स्थाई नौकरी। उन्होंने कहा कि जितने संविदा कर्मचारी हैं उनके साथ शोषण होता है। बिना कारण बताए संविदा कर्मचारियों की सेवा समाप्त कर दी जाती है। वेतन से हर महीने 18 प्रतिशत जीएसटी काटा जाता है। महिला कर्मचारियों को जरूरी छुट्टियां नहीं दी जाती है। पूरा सरकारी तंत्र इन्हीं संविदा कर्मचारियों पर टिका है। लेकिन इनकी नौकरी की गारंटी नहीं दी जाती। तेजस्वी ने वादा किया कि उनकी सरकार बनने पर संविदा कर्मचारियों को स्थाई सरकारी नौकरी देंगे।

यह भी पढ़ें | बाहुबलियों के प्रभाव से अछूता नहीं 2025 का चुनाव, चुनावी दंगल में ये 8 दबंग!

20 दिनों के भीतर कानून बनाकर नौकरी देंगे- तेजस्वी

तेजस्वी यादव ने कहा कि उन्होंने 17 महीने उपमुख्यमंत्री रहने के दौरान साढ़े चार लाख नियोजित शिक्षकों को स्थाई नौकरी दी। तेजस्वी जो कहता है वो करता है। महंगाई के दौर में आर्थिक न्याय करके रहेंगे। तेजस्वी ने कहा कि नीतीश कुमार ने 7 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की घोषणा कर दी है वो कहां से देंगे। हम 20 दिनों के भीतर कानून बनाकर हर परिवार को सरकारी नौकरी देंगे। तेजस्वी के साथ बिहार का हर एक परिवार बिहार चलाने का काम करेगा।

माई-बहिन और मां योजना चलाएंगे

तेजस्वी यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान माई-बहिन और मां योजना वाला पुराना वादा दुहराया। उन्होंने कहा कि माई-बहिन योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 2500 रूपये दिए जाएंगे। उन्होंने बिहार में उनकी सरकार बनने पर मां योजना चलाने की भी घोषणा की। तेजस्वी ने मां योजना का मतलब समझाया और कहा कि म से मकान, अ से अन्न, अ से आमदनी सुनिश्चित किया जाएगा। तेजस्वी ने कहा कि आर्थिक न्याय के तौर पर मकान, अन्न और आमदनी की व्यवस्था हमारी सरकार करेगी।

यह भी पढ़ें | मोतिहारी में सासाराम पार्ट-टू तो नहीं होने वाला है?

डबल इंजन की सरकार में भ्रष्टाचार- तेजस्वी

तेजस्वी यादव ने डबल इंजन की केंद्र और राज्य की सरकार पर जमकर निशाना साधा। तेजस्वी ने कहा कि रोजगार के नाम पर सरकार ने 10-10 हजार रूपये की घूस बिहार की जनता को दिया है। 10 हजार रूपये में कौन सा रोजगार होता है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में बिहार में कमीशनखोरी, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, पलायन और अपराध चरम पर पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार बनने पर वो इन सब चीजों पर लगाम लगाएंगे। तेजस्वी ने कहा कि 17 महीने उपमुख्यमंत्री रहते हुए साढ़ चार लाख संविदा शिक्षकों को स्थाई नौकरी देकर दिखाया है। तेजस्वी को मुंह से कुछ कहने की जरूरत नहीं है हम जो कहते हैं वो करके दिखाते हैं।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़Electionबिहार चुनाव में तेजस्वी ने चल दिया स्थाई नौकरी वाला दांव, कमीशनखोरी, भ्रष्टाचार, अपराध पर कसेंगे लगाम- तेजस्वी
More
बिजनेस न्यूज़Electionबिहार चुनाव में तेजस्वी ने चल दिया स्थाई नौकरी वाला दांव, कमीशनखोरी, भ्रष्टाचार, अपराध पर कसेंगे लगाम- तेजस्वी