तेजस्वी यादव का 30 हजार वाला नया दाव! खगड़िया के मंच से पीएम मोदी-अमित शाह पर जमकर बरसे, कहा एनडीए के पास विजन नहीं

बिहार विधानसभा चुनाव के महासंग्राम में एनडीए की तरफ से बड़े-बड़े सूरमा जीत के लिए जोर लगा रहे हैं। दूसरी तरफ महागठबंधन की तरफ से अकेले तेजस्वी यादव प्रचार के मैदान में दम दिखा रहे हैं। एनडीए की तरफ से महागठबंधन पर ताबड़तोड़ हमले किए जा रहे हैं, जिसका जवाब अकेले तेजस्वी दे रहे हैं।

Rajkumar Singh
अपडेटेड25 Oct 2025, 04:19 PM IST
तेजस्वी यादव
तेजस्वी यादव(HT)

बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार में तेजस्वी यादव जुटे हैं, वो लगातार चुनावी रैलियां कर रहे हैं। शुक्रवार से शुरू हुआ उनकी रैलियों का अभियान आज भी जारी रहा। तेजस्वी यादव ने हर रोज बिहार में कम से कम तीन चुनावी रैलियां करने का प्लान बनाया है। इसी कड़ी में आज खगड़िया की रैली में तेजस्वी यादव ने हुंकार भरी। उन्होंने अपने संबोधन में एक तरफ अपने चुनावी घोषणापत्र की बातों का जिक्र किया तो दूसरी तरफ एनडीए के हर वार पर पलटवार किया। तेजस्वी जहां भी जा रहे हैं वो जनता को ये विश्वास दिलाने की पुरजोर कोशिश कर रहे हैं कि भ्रष्टाचार और अपराध का साय भी उनकी सरकार पर नहीं पड़ेगा।

खगड़िया से तेजस्वी की एनडीए को ललकार

खगड़िया की चुनावी रैली में महागठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने शनिवार को कहा कि बिहार को ‘नंबर एक’ बनाने के लिए राज्य में निवेश आकर्षित करने, शिक्षा को बढ़ावा देने और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की आवश्यकता है। लगे हाथ उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि हमारे चाचा अब बूढ़े हो गए हैं और बिहार का नेतृत्व करने में सक्षम नहीं हैं। दूसरी तरफ तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि- नीतीश चाचा को मोदी जी और शाह जी ने हाईजैक कर लिया है।

यह भी पढ़ें | छोटे भाई तेजस्वी से नाराज तेज प्रताप! कहा, मरना मंजूर लेकिन RJD में नहीं जाऊंगा

एनडीए के पास कोई विजन नहीं है- तेजस्वी

खगड़िया में एक जन सभा को संबोधित करते हुए तेजस्वी ने कहा कि वो केवल सरकार बनाने नहीं आए हैं बल्कि खगड़िया, परबत्ता और बिहार को बनाने आए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में पिछले 20 साल से राज कर रही एनडीए सरकार के पास कोई दृष्टि नहीं है और वो उनकी योजनाओं की नकल कर रही है। तेजस्वी ने कहा कि भले ही बिहार सरकार उनकी योजनाओं की नकल कर रही है लेकिन उन्हें नकल करना भी नहीं आता है।

महिलाओं को 30,000 सालाना वाला दाव

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि उनकी सरकार बनने के बाद महिलाओं को सालाना 30 हजार रुपए दिए जाएंगे, जो एनडीए सरकार की तरफ से दिए गए 10 हजार रुपये के कर्ज से अलग होगा। तेजस्वी ने दावा किया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि बिहार में जमीन की कमी के कारण कारखाने नहीं लगाए जा सकते। उन्होंने कहा कि वह बेरोजगार डिग्री धारकों की पीड़ा को समझ सकते हैं।

यह भी पढ़ें | बीजेपी ने चली ये कैसी चाल? 6 जिलों में नहीं उतारे एक भी उम्मीदवार

"सरकार बनने के 20 दिनों के भीतर पूरा करेंगे वादा"

तेजस्वी ने कहा कि महागठबंधन सरकार बनने के 20 दिनों के भीतर हर घर को सरकारी नौकरी देने का कानून लाया जाएगा और 20 महीनों के भीतर नौकरियां दे दी जाएंगी। तेजस्वी ने तमाम चुनावी घोषणाओं को पूरा करने के लिए संसाधन जुटाने के सवाल पर कहा कि कुछ दिन इंतजार कीजिए, मैं बताऊंगा पैसा कहां से लाया जाएगा। गौरतलब है कि एनडीए की तरफ से तेजस्वी यादव के हर परिवार के एक सदस्य को स्थाई नौकरी देने के वादे पर सवाल उठाया जा रहा है। एनडीए की तरफ से कहा जा रहा है कि तेजस्वी के वारे को पूरा करने के लिए 7 लाख करोड़ रुपये की जरुरत है। जबकि पूरे बिहार का सालाना बजट करीब तीन लाख करोड़ रुपये है।

हेलिकॉप्टर नहीं उतरने देने पर भड़के तेजस्वी

खगड़िया में अमित शाह की रैली होने की वजह से तेजस्वी यादव के हेलिकॉप्टर को उतरने की इजाजत नहीं दी गई। जिसको लेकर तेजस्वी यादव ने केंद्रीय गृहमंत्री पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उन्हें प्रचार करने से रोकने की साजिश की जा रही है, केंद्र सरकार तानाशाही रवैया अपना रही है।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़Electionतेजस्वी यादव का 30 हजार वाला नया दाव! खगड़िया के मंच से पीएम मोदी-अमित शाह पर जमकर बरसे, कहा एनडीए के पास विजन नहीं
More
बिजनेस न्यूज़Electionतेजस्वी यादव का 30 हजार वाला नया दाव! खगड़िया के मंच से पीएम मोदी-अमित शाह पर जमकर बरसे, कहा एनडीए के पास विजन नहीं
OPEN IN APP