साल 2025 में हुए बिहार विधानसभा चुनाव में 218 करोड़पति प्रत्याशी जीतकर विधायक बने हैं, प्रतिशत के लिहाज से देखें तो ये संख्या बिहार के कुल 243 विधायकों का 90 प्रतिशत के करीब है। साल 2020 के विधानसभा चुनाव में करोड़पति विधायकों की संख्या 81 प्रतिशत थी जिसमें इस बार 9 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। साल 2020 के विधानसभा का चुनाव जीतने वाले कुल 243 विधायकों में से 194 विधायक करोड़पति थे। वहीं इस बार जो सबसे अमीर विधायक बने हैं उनकी संपत्ति अरबों रुपये में है। हैरानी की बात ये है कि बिहार के सबसे अमीर विधायकों की लिस्ट में मोकामा से चुनाव जीते बाहुबली विधायक अनंत सिंह का भी नाम शामिल है। तो आइए जानते हैं बिहार में इस बार विधायक बने सबसे अमीर विधायकों की लिस्ट में इस बार कौन-कौन शामिल है।
सबसे अमीर प्रत्याशी हार गए चुनाव
बिहार विधानसभा चुनाव में वैसे तो करोड़पति बहुत सारे जीते हैं लेकिन जो सबसे अमीर उम्मीदर थे वो चुनाव हार गए। इस बार चुनाव में सबसे ज्यादा धनपति उम्मीदवार कौशल प्रताप थे जो मुकेश सहनी की पार्टी VIP की टिकट पर लौरिया विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे थे। लेकिन उन्हें करीब 30 हजार से ज्यादा वोटों के भारी अंतर से हार का सामना करना पड़ा। कौशल प्रताप के पास 368 करोड़ रुपये की संपत्ति है।
प्रणय कुमार सबसे अमीर विधायक
इस बार बिहार विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करने वाले सबसे अमीर उम्मीदवारों की लिस्ट में पहले पायदान पर कुमार प्रणय हैं जिनके पास 170 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति है। कुमार प्रणय को बीजेपी ने मुंगेर विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया था। प्रणय ने आरजेडी उम्मीदवार अविनाश विद्यार्थी को 18,750 वोटों से मात दी थी।
अनंत सिंह बाहुबली भी मालधनी भी
बिहार विधानसभा चुनाव साल 2025 में जीत दर्ज करने वाले उम्मीदवारों में सबसे अमीरों की लिस्ट में बाहुबली अनंत सिंह का भी नाम शामिल है। चुनाव आयोग को दिए हलफनामे के मुताबिक अनंत सिंह के पास 100 करोड़ रुपये की सपत्ति है। अनंत सिंह ने आरजेडी की टिकट पर चुनाव लड़ रही बाहुबली सूरजभान सिंह की पत्नी वीना देवी को 28,206 वोटों से मात दिया था। अनंत सिंह इस वक्त जेल में बंद हैं, उनपर चुनाव प्रचार के दौरान एक और बाहुबली दुलारचंद यादव की हत्या का आरोप लगा है।
पुष्पांजय तीसरे सबसे अमीर विधायक
इस बार बिहार विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करने वाले सबसे अमीर विधायकों की लिस्ट में डॉ. कुमार पुष्पांजय का नाम भी शामिल है। डॉक्टर पुष्पांजय ने शेखपुर जिले की बरबीघा विधानसभा सीट से जेडीयू की टिकट पर चुनाव लड़ा था और जीत दर्ज की थी। पुष्पांजय के चुनाव आयोग को दिए गए हलफनामे के मुताबिक उनके पास 94 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति है।
करोड़पति विधायकों में मनोरमा देवी
इस बार टॉप अमीर विधायकों की लिस्ट में मनोरमा देवी का नाम भी शामिल हो गया है। मनोरमा देवी को जेडीयू ने गया जिले की बेलागंज विधानसभा सीट से अपना उम्मीदवार बनाया था। उन्होंने आरजेडी उम्मीदवार विश्वनाथ कुमार सिंह को 2882 मतो से मात दी थी। मनोरमा देवी की गिनती जेडीयू के सबसे अमीर नेताओं में होती है। चुनाव आयोग को दिए हलफनामे के मुताबिक मनोरमा देवी के पास 75 करोड़ रुपये की संपत्ति है।