Year-Ender 2025: साल 2025 तमाम खट्टी-मीठी यादों को हमारे बीच छोड़कर रुखसत हो रहा है। राजनैतिक लिहाज से यह साल बेहद ही महत्पूर्ण रहा। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और बिहार में विधानसभा चुनाव हुए, तो वहीं चार राज्यों की 13 राज्यसभा सीटों के लिए भी चुनाव हुए। कुल मिलाकर साल 2025 में कई जगह चुनाव हुए। इसी साल उपराष्ट्रपति के चुनाव हुए। कई राज्यों में विधानसभा के चुनाव हुए। वहीं कई जगह उपचुनाव भी हुए। इस साल कई लोग राजनीति में पहली बार आए। यहां हम कुछ ऐसे लोगों के नाम बता रहे हैं तो चुनाव के दौरान सुर्खियों में थे। भले ही उन्हें हार मिली हो या जीत।
1. मैथिली ठाकुर
बिहार की मशहूर सिंगर मैथिली ठाकुर ने अपने पहले विधानसभा चुनाव में शानदार जीत हासिल की है। इस जीत के साथ 25 वर्षीय ठाकुर बिहार की सबसे युवा विधायक बन गई हैं। वह अलीनगर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर मैदान में थीं। मैथिली ठाकुर बिहार के मधुबनी जिले के बेनीपट्टी ब्लॉक के उरेन गांव की रहने वाली हैं। उनका जन्म 25 जुलाई 2000 को हुआ था। उनके पिता रमेश ठाकुर भी संगीतकार और उनके पहले गुरु भी हैं। मैथिली की मां हाउसमेकर हैं। मैथिली के दो भाई ऋषभ और अयाची हैं।
2. खेसारी लाल यादव
मशहूर भोजपुरी अभिनेता और गायक शत्रुघ्न यादव को लोग खेसारी लाल यादव के नाम से जानते हैं। बिहार विधानसभा चुनाव में खेसारी लाल यादव भी ताल ठोक रहे थे। खेसारी लाल को राजद से टिकट मिला था। लेकिन सियासी मैदान को हार का सामाना करना पड़ा । छपरा विधानसभा सीट से खेसारी लाल यादव चुनाव हार गए।
3. हरीश खुराना
दिल्ली के पूर्व सीएम मदन लाल खुराना के बेटे हरीश खुराना बेहद सादगी से दिल्ली के मोती नगर विधान सभा क्षेत्र से चुनाव में उतरे। खुराना को बीजेपी से टिकट मिला था। उन्होंने आम आदमी पार्टी के दो बार से विधायक रहे शिव चरण गोयल को हरा दिया। पार्टी को इस बार हरीश खुराना पर पूरा भरोसा था। दो बार की हार के बाद भी उन्हें मैदान में उतारा गया। हरीश खुराना को कुल 57364 वोट मिले, उन्होंने आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी शिव चरण गोयल को 11537 वोटों से हरा दिया। हरीश खुराना अब अपने पिता की विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं।
4. जय प्रकाश सिंह
हिमाचल प्रदेश के पूर्व अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADG) डा. जय प्रकाश सिंह ( J P Singh) ने बिहार विधानसभा चुनाव में अपनी किस्मत आजमाई, लेकिन उनकी जमानत जब्त हो गई। जेपी सिंह ने चुनाव लड़ने के लिए ऐच्छिक सेवानिवृति (वीआरएस) ली थी। मगर उन्हें करारी हार मिली है। प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने उन्हें टिकट दिया। जेपी सिंह बिहार की छपरा सीट से चुनाव लड़े। लेकिन उन्हें मात्र 3433 वोट मिल पाए। जेपी सिंह छपरा सीट पर 10 उम्मीदवारों में चौथे नंबर पर रहे।
साल 2000 बैच के IPS अधिकारी
10 जुलाई 1967 को बिहार में जन्मे जेपी सिंह हिमाचल कैडर के 2000 बैच के IPS अधिकारी रहे हैं। 31 जनवरी 2025 को ही वह ADG प्रमोट किए गए। ADG बनने के 5 महीने बाद ही उन्होंने चुनाव लड़ने का फैसला किया और जुलाई 2025 में समय से पहले रिटायरमेंट ले लिया था। उनकी रिटायरमेंट 31 जुलाई 2027 को तय थी। यानी दो साल पहले ही जेपी सिंह ने नौकरी छोड़ दी। जेपी सिंह बीए, एलएलबी, के साथ पुलिस मैनेजमेंट में मास्टर डिग्री धारक हैं।
5. सौरभ थपलियाल
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सदस्य, सौरभ थपलियाल ने जनवरी 2025 में देहरादून में मेयर का चुनाव जीता। उनकी जीत ऐतिहासिक थी क्योंकि उन्होंने देहरादून के नगर निगम चुनावों में अब तक के सबसे बड़े अंतर से जीत हासिल की।