
Dividend Stock: शेयर बाजार में निवेश करने वाले हर छोटे-बड़े निवेशक की ख्वाहिश होती है कि उन्हें कंपनियों के मुनाफे में से अच्छा-खासा हिस्सा मिले। जब कोई कंपनी अपने शेयरहोल्डर्स को बंपर डिविडेंड देती है, तो निवेशकों के चेहरे पर चमक आना लाजिमी है। इसी कड़ी में दिग्गज मल्टीनेशनल कंपनी 3M India ने अपने शेयरधारकों को बड़ा तोहफा देने का फैसला किया है। कंपनी ने फाइनल डिविडेंड के साथ स्पेशल डिविडेंड का भी ऐलान किया है। दोनों को मिलाकर निवेशकों को हर शेयर पर कुल ₹506 मिलेंगे।
दिग्गज कंपनी 3M India ने शुक्रवार (22 मई 2026) को अपने निवेशकों के लिए बड़ा ऐलान किया है। कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए प्रति इक्विटी शेयर कुल ₹506 का बंपर डिविडेंड देने की सिफारिश की गई है। इस बड़े पेआउट को कंपनी ने दो हिस्सों में बांटा है। शेयरहोल्डर्स को ₹10 की फेस वैल्यू वाले हर एक शेयर पर ₹160 का फाइनल डिविडेंड मिलेगा और इसके साथ ही ₹346 का स्पेशल डिविडेंड भी दिया जाएगा। 3M इंडिया का मौजूदा डिविडेंड यील्ड 1.61% के आसपास है।
कंपनी ने इस डिविडेंड के लिए 17 जुलाई 2026 को रिकॉर्ड डेट तय किया है। यानी इस तारीख तक जिन निवेशकों के डीमैट खाते में कंपनी के शेयर होंगे, केवल वही इस डिविडेंड के हकदार माने जाएंगे। ध्यान रहे कि इस डिविडेंड पर अंतिम मुहर अगस्त 2026 में होने वाली कंपनी की 39वीं सालाना आम बैठक (AGM) में लगेगी। शेयरहोल्डर्स की मंजूरी मिलते ही, एजीएम की तारीख से अगले 30 दिनों के भीतर यह पैसा सीधे आपके बैंक खाते में क्रेडिट कर दिया जाएगा।
3M इंडिया पहले भी अपने निवेशकों को शानदार डिविडेंड देती रही है। जुलाई 2025 में कंपनी ने फाइनल और स्पेशल डिविडेंड मिलाकर ₹535 प्रति शेयर का भुगतान किया था। वहीं उससे एक साल पहले निवेशकों को ₹685 प्रति शेयर तक का डिविडेंड मिला था। इसके अलावा नवंबर 2022 में कंपनी ने ₹850 प्रति शेयर का स्पेशल डिविडेंड भी दिया था। इसी वजह से डिविडेंड निवेशकों के बीच यह स्टॉक काफी चर्चा में रहता है।
डिविडेंड की इस बड़ी घोषणा के पीछे कंपनी का शानदार बिजनेस परफॉर्मेंस रहा है। 3M India ने जनवरी-मार्च तिमाही (Q4 FY26) के जो नतीजे पेश किए हैं, वे बेहद चौंकाने वाले हैं। कंपनी का शुद्ध मुनाफा (Net Profit) सालाना आधार पर 202% की भारी बढ़त के साथ ₹215 करोड़ पर पहुंच गया है, जो पिछले साल की इसी तिमाही में महज ₹71 करोड़ था। इस मुनाफे में ₹40 करोड़ का वन-टाइम एक्स्ट्रा फायदा भी शामिल है।
कंपनी का ऑपरेशंस से मिलने वाला रेवेन्यू भी 17% बढ़कर ₹1,399 करोड़ हो गया है, जबकि कामकाजी मुनाफा (EBITDA) 12% चढ़कर ₹269 करोड़ रहा। कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर असीम जोशी ने इस कामयाबी का श्रेय ग्राहकों के भरोसे और कर्मचारियों की मेहनत को दिया है। पूरे वित्त वर्ष 2026 की बात करें तो कंपनी की सेल्स में 14.5% की डबल डिजिट ग्रोथ देखी गई है।
3M India का कारोबार सिर्फ एक क्षेत्र तक सीमित नहीं है। कंपनी हेल्थकेयर, इंडस्ट्रियल सेफ्टी, कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, ट्रांसपोर्टेशन और इलेक्ट्रॉनिक्स सॉल्यूशंस जैसे कई सेक्टर्स में काम करती है। यही वजह है कि कंपनी को अलग-अलग बिजनेस से लगातार मांग मिलती रहती है।
शानदार नतीजों और भारी डिविडेंड की खबर आते ही शुक्रवार को बाजार में 3M India के शेयरों को खरीदने की होड़ मच गई। कंपनी का शेयर 3% से ज्यादा की तेजी के साथ ₹33,315 प्रति शेयर के भाव पर बंद हुआ। पिछले एक हफ्ते में यह स्टॉक 6% से ज्यादा चढ़ चुका है।
हालांकि, साल 2026 की शुरुआत से अब तक इसमें करीब 8% की गिरावट देखी गई है, लेकिन लंबी अवधि के निवेशकों के लिए यह शेयर मुनाफे का सौदा रहा है। इसने 3 साल में 36% और 5 साल में 27% से ज्यादा का रिटर्न दिया है। फरवरी 2026 में इस शेयर ने ₹38,300 का अपना 52 हफ्ते का हाई लेवल छुआ था, जबकि जून 2025 में यह ₹28,300 के निचले स्तर पर था।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.