Gold Purity Test: धनतेरस पर सोना खरीदेंगे तो कैसे जानेंगे शुद्ध है या नहीं? घर पर ही कर लें ये 5 टेस्ट

Dhanteras Gold Buying: सोना खरीदना है या घर पर पहले से सोना पड़ा है तो क्या आपकी उसकी शुद्धता जांचना चाहते हैं? इन 5 आसान टेस्ट से कुछ हद तक पता कर पाएंगे कि सोने में मिलावट है या नहीं। 

Naveen Kumar Pandey
पब्लिश्ड4 Nov 2026, 01:42 PM IST
घर पर भी कुछ हद तक कर सकते हैं सोने की शुद्धता की जांच (AI Image)
घर पर भी कुछ हद तक कर सकते हैं सोने की शुद्धता की जांच (AI Image)(ChatGPT)

Gold purity test at home: धनतेरस पर सोना खरीदने का रिवाज सा चल पड़ा है। सोना इतना मूल्यवान है कि इसमें थोड़ी सी भी मिलावट बड़ा घाटा दिला सकता है। इस कारण सोने की शुद्धता सुनिश्चित करनी ही चाहिए। स्वाभाविक है कि दुकानदार तो अपना माल खोटा तो नहीं कहेगा, इसलिए जरूरी है कि अपनी तरफ से जांच कर लें। तो आइए वो पांच तरीके जानते हैं जिन्हें अपनाकर हम घर में ही जान सकते हैं कि सोना शुद्ध है कि नहीं।

1. BIS हॉलमार्क और 6 अंकों का HUID कोड देखें

ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड्स (BIS) हॉलमार्क भारत में सोने की शुद्धता का एक महत्वपूर्ण मानक है। हॉलमार्क लगी हुई गोल्ड जूलरी में तीन प्रकार के चिह्न होते हैं: बीआईएस लोगो, प्योरिटी ग्रेड और छह अंकों का HUID कोड। आप बीआईएस केयर मोबाइल ऐप से एचयूआईडी नंबर की पुष्टि कर सकते हैं। अगर जूलरी बीआईएस पर रजिस्टर्ड है तो वहां इसकी सारी जानकारी मिल जाएगी। यह भी पता चल जाएगा कि आपने जो जूलरी खरीदी है, उसमें उतना कैरेट ही सोना है या नहीं जितना दुकानदार ने बताया है।

अगर आपने छोटे बाजार या गांव-देहात में सोना का जेवर खरीदा है, जिसमें एचयूडी नंबर नहीं है तो भी आप इसकी शुद्धता का पता बीआईएस के जरिए लगा सकते हैं। आपको पता करना होगा कि बीआईएस से मान्यता प्राप्त एसेइंग और हॉलमार्किंग सेंटर कहां है। सेंटर में आपको 236 रुपये का टेस्टिंग चार्ज देना होगा। लेकिन अच्छा होगा कि आप सेंटर से चार्ज की जानकारी पहले ही ले लें। एक्सपर्ट्स की सलाह है कि एचयूआईडी मार्क वाला सोना ही खरीदें और उसका पर्चा सहेजकर रखें। आगे कोई दिक्कत हुई तो शिकायत करने में पर्चा बहुत काम आएगा।

यह भी पढ़ें | धनतेरस पर सोना खरीदने से पहले करें जरूरी तैयारी, ये 5 गलतियां पड़ सकती हैं भारी

2. चुंबक से करें सोने की शुद्धता की जांच

एक बड़ा चुंबक सोने की ओर ले जाएं। अगर सोना अगर चुंबक की ओर खिंचने लगे तो समझिए कि सोने में खोट है। दरअसल, सोने में चुंबकीय गुण नहीं होता है। इस कारण उसे चुंबक की तरफ आकर्षित नहीं होना चाहिए। अगर जूलरी चुंबक की ओर सट रही है तो इसका मतलब है कि उसमें लोहा या निकेल के कुछ मिश्रधातु की मिलावट है। हालांकि, एक बात ध्यान रहे कि कई ऐसे मिश्रधातु भी हैं जिनमें सोने की तरह ही चुंबकीय गुण नहीं होता है। अगर सोना में वैसे मिश्रधातु मिले होंगे तो चुंबक से जांच में मिलावट का पता नहीं चलेगा। इस कारण, अगर चुंबक से सोने का नहीं सटना इसकी शुद्धता की गारंटी नहीं मानी जा सकती है।

3. पानी से भी कर सकते हैं सोने की जांच

कई सामान्य धातुओं के मुकाबले सोने का घनत्व ज्यादा होता। पानी से सोने की शुद्धता जांचने के लिए एक कांच के ग्लास या अन्य बर्तन में पानी भरें और उसके अंदर सावधानी से जूलरी रख दें। अगर सोना शुद्ध है तो वह डूब जाएगा। अगर जूलरी तैरने लगी तो समझिए दो कारण हो सकते हैं। पहला ये कि जूलरी अंदर से खोखली है और दूसरा ये कि जूलरी सोने के सिवा दूसरे धातु से बनी है। हालांकि, यह तरीका बहुत ठोस नहीं है क्योंकि शुद्ध सोने की जूलरी भी खास डिजाइन के कारण पानी में तैर सकती है।

4. विनेगर भी बता सकता है सोने की शुद्धता

घर पर की जाने वाली जांच में एक और तरीका जूलरी पर कुछ बूंद विनेगर डालने का है। शुद्ध सोने पर विनेगर का कोई असर नहीं होगा। अगर जूलरी का रंग बदल जाए तो निश्चित रूप से सोने में कुछ मिलावट है। हालांकि, इस जांच पर भी पूरी तरह भरोसा इसलिए नहीं कर सकते कि अगर जूलरी पर सोने का परत चढ़ाई गई हो तब भी विनेगर डालने से तुरंत रंग नहीं बदलेगा। ध्यान रहे कि जूलरी पर कोई और केमिकल डालकर जांच करने की भूल नहीं करें क्योंकि उससे जूलरी में लगी दूसरी वस्तुएं, रत्न या सतह की फिनिशिंग खराब हो सकती है।

यह भी पढ़ें | घर की तिजोरी में पड़े सोने से होगी कमाई! जानिए गोल्ड मोनेटाइजेशन स्कीम के नियम

5. सिरैमिक स्क्रैच टेस्ट

सिरैमिक टेस्ट से भी सोने की शुद्धता का पता लगाया जा सकता है। इस तरीके की जांच में जूलरी को थोड़े खुरदरे सिरेमिक सतह पर हल्के से रगड़ा जाता है। अगर सोना शुद्ध है तो सिरैमिक पर सुनहरा निशान पड़ जाएगा। लेकिन सोना अशुद्ध है तो दूसरे रंग का निशान पड़ेगा। यह जांच बहुत सावधानी से करना चाहिए क्योंकि हड़बड़ी में आपकी जूलरी में स्क्रैच पड़ सकता है। खासकर पॉलिश्ड और रत्न जड़ित आभूषणों पर ऐसे प्रयोग करने से बचें।

एक्सपर्ट्स कैसे करते हैं सोने की शुद्धता की जांच?

जूलर्स और ऑथराइज्ड टेस्टिंग सेंटर्स के पास विशेष औजार होते हैं और वो वैज्ञानिक पद्धतियों से भी सोने की शुद्धता जांचते हैं। इनमें कुछ पद्धतियां नीचे बताई जा रही हैं।

एक्स-रे फ्लूरोसीन (XRF) टेस्टिंग: इसमें एक्स-रेज के जरिए गोल्ड कंपोजिशन का पता लगाया जाता है। इस जांच में पता चल जाता है कि जूलरी में सोना कितना है और दूसरे धातु कितनी मात्रा में हैं। हालांकि, सिर्फ सतह की जांच से जूलरी के अंदरूनी हिस्से की सही जानकारी नहीं मिल सकती है।

एसिड और टचस्टोन टेस्ट: इस पारंपरिक पद्धति में जूलर सोने को खास तरह के पत्थर से रगड़ता है और उस दौरान उचित टेस्टिंग एसिड भी डालता है। जूलरी से जो प्रतिक्रिया मिलती है, उसके आधार पर जूलर बता देता है कि सोना पूरी तरह असली है या मिलावटी।

अग्नि परीक्षण: यह सोने की जांच की बहुत ठोस पद्धति मानी जाती है। इसमें एक छोटे नमूने को प्रोसेस करके सोने को अन्य धातुओं से अलग किया जाता है। फिर बचे हुए सोने का वजन करके उसकी शुद्धता तय की जाती है। ध्यान रहे कि इसमें नमूने के लिए जूलरी का बेहद छोटा हिस्सा निकाला जाता है।

कैरेट पैमाने पर सोने की शुद्धता

सोने की शुद्धता को कैरेट में मापा जाता है। बाजार में मिलने वाले सोने में 24 कैरेट सोना सबसे शुद्ध होता है।

कैरेटशुद्धता प्रतिशतशुद्धता अनुपातमुख्य उपयोग
24 कैरेट (999)99.9%999/1000सिक्के और बार (बिस्कुट)
22 कैरेट (916)91.6%916/1000पारंपरिक आभूषण
18 कैरेट (750)75.0%750/1000हीरे और रत्न जड़े आभूषण
14 कैरेट (585)58.5%585/1000दैनिक उपयोग के आधुनिक आभूषण

सोना खरीदना है तो गांठ बांध लें ये बातें

घर में सोने की शुद्धता का परीक्षण करने का कोई उपाय गारंटीड परिणाम नहीं दे सकता। हां, इससे मिलावट का शुरुआती संकेत मिल जाता है। लेकिन कितना मिलावट है या फिर मिलावट है, यह सुनिश्चित नहीं किया जा सकता। इसलिए आपको बीआईएस हॉलमार्क के साथ एचयूआईडी कोड वाली जूलरी ही खरीदनी चाहिए। इस बात का भी ध्यान रखें कि दुकान और दुकानदार भरोसेमेंद हों। उनसे उचित इनवॉइस लेना नहीं भूलें। अगर आपको जूलरी की शुद्धता पर संदेह हो तो किसी मान्यता प्राप्त हॉलमार्किंग सेंटर में जरूर जाना चाहिए। वहीं से आपको पूरी सच्चाई का पता चल पाएगा।

यह भी पढ़ें | सोने की तेजी ने बदल दी निवेश की तस्वीर, ₹1 लाख के SGB की कीमत पहुंची ₹3 लाख!

Disclaimer: यह लेख सिर्फ जानकारी के लिए है। मूल्यवान आभूषण पर कोई ऐसा प्रयोग नहीं करें जिससे नुकसान हो जाए।

About the Author

टेलीवीजन की दुनिया से अखबार का संसार और अब डिजिटल वर्ल्ड। नवीन कुमार पाण्डेय पत्रकारिता की बहुआयामी विधाओं में 17 वर्ष से अधिक का अनुभव रखते हैं। प्रतिष्ठित दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में द्विवर्षीय पीजी डिप्लोमा की डिग्री लेकर वर्ष 2008 से पत्रकारिता की शुरू हुई यात्रा अनवरत जारी है। करियर के एक छोर पर नोएडा तो दूसरे पर दिल्ली है जबकि बीच में पटना और रांची का पड़ाव प्राप्त हुआ है। नवीन नोएडा, पटना, रांची, फिर नोएडा के विभिन्न मीडिया संस्थानों का हिस्सा रहने के बाद मिंट हिंदी से जुड़कर दिल्ली पहुंचे हैं। पूरे पत्रकारीय जीवन में डिजिटल मीडिया का अनुभव सबसे ज्यादा रहा है। पिछला संस्थान नवभारत टाइम्स ऑनलाइन रहा जिसका एक दशक से भी ज्यादा लंबा और बहुत सुहावना साथ रहा। एनबीटी में मेन डेस्क का हिस्सा रहते हुए राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर लंबे समय तक काम किया। बीच में तीन वर्ष बिजनेस सेक्शन को लीड करने में बीते। फिर एआई का दौर आया तो इकनॉमिक टाइम्स, टाइम्स ऑफ इंडिया और नवभारत टाइम्स की ओर से 5-5 सदस्यों की टीम बनाई गई। नवीन ने एनबीटी की टीम की अगुवाई करते हुए तीन वर्षों तक न्यूज रूम में एआई की उपयोगिता पर लंबा रिसर्च किया और कई प्रॉजेक्ट्स जमीन पर उतारे। इस दौरान उन्हें संस्था से इनोवेटिव माइंड का अवॉर्ड भी हासिल हुआ। हमेशा नयेपन की खोज में जुटे रहकर नवीन अपने नाम को सार्थक करने को आज भी प्रयासरत हैं। मिंट हिंदी का संपादकीय नेतृत्व करते हुए बिजनेस के विभिन्न आयामों को छूते हुए राजनीति, कानून, कूटनीति, अंतरराष्ट्रीय संबंध, अर्थव्यवस्था समेत विभिन्न विषयों पर लेख और विचार यहां प्रकाशित करते रहेंगे।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

होममार्केटGold Purity Test: धनतेरस पर सोना खरीदेंगे तो कैसे जानेंगे शुद्ध है या नहीं? घर पर ही कर लें ये 5 टेस्ट
More