Adani Group Stocks Rally: शेयर बाजार में आज रिकॉर्ड तेजी देखने को मिल रही है। सेंसेक्स- निफ्टी लगभग 3.5% की तेजी के साथ कामकाज कर रहे हैं। इसी बीच, दिग्गज उद्योगपति गौतम अडानी की कंपनियों के शेयरों में भी बायिंग देखी गई, जिससे कुछ ही घंटों में अडानी ग्रुप का मार्केट कैपिटलाइजेशन लगभग 96,000 करोड़ रुपये बढ़ गया। दरअसल, अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी ने अमेरिकी अदालत में अपने खिलाफ चल रहे धोखाधड़ी के मामले को खारिज करने की अपील की है। इस खबर के सामने आने के बाद निवेशक अडानी ग्रुप के शेयरों को जमकर खरीद रहे हैं।
किस मामले को खारिज करने की मांग?
गौतम अडानी ने अमेरिकी प्रतिभूति और विनिमय आयोग (SEC) की तरफ से दायर नागरिक धोखाधड़ी के मामले को खारिज करने के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। इस पर सुनवाई करते हुए अमेरिकी जिला अदालत ने अडानी की प्री-मोशन कॉन्फ्रेंस की मांग को स्वीकार कर लिया है। बता दें कि नवंबर 2024 में SEC ने गौतम अडानी और उनके भतीजे सागर अडानी पर गंभीर आरोप लगाए थे। SCE ने अरोप लगाया था किअडानी ग्रीन एनर्जी को फायदा पहुंचाने के लिए भारतीय सरकारी अधिकारियों को करोड़ों डॉलर की रिश्वत देने की योजना बनाई गई थी।
अडानी ग्रुप के शेयरों में 13% तक की रैली
बुधवार को बाजार खुलते ही अडानी ग्रुप के शेयरों में जोरदार बायिंग देखी गई। अडानी ग्रीन एनर्जी के शेयरों ने 13% तक की भारी बढ़त दर्ज की। BSE पर यह शेयर 1,046 रुपये के लेवल तक जा पहुंचा। वहीं, अडानी एंटरप्राइजेज के शेयरों में भी 11% की तेजी आई और यह 2,090 रुपये के भाव पर पहुंच गया। इसके अलावा, अंबुजा सीमेंट और अडानी एनर्जी के शेयरों में भी 10% का अपर सर्किट लगा। वहीं, अडानी पोर्ट्स, अडानी पावर और ACC में 6-8% की तेजी देखी गई, जबकि NDTV शेयर 12% तक चढ़े।
ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म ने बढ़ाया टार्गेट प्राइस
गौरतलब है कि ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म Macquarie ने अडानी ग्रीन एनर्जी के लिए अपना टार्गेट प्राइस बढ़ाकर 1,320 रुपये कर दिया है। ब्रोकरेज का मानना है कि कंपनी की क्षमता विस्तार की योजनाएं बहुत ठोस हैं। फाइनेंशियल ईयर 2026 के आखिर तक कंपनी ने 5 गीगावाट (GW) से ज्यादा की क्षमता जोड़ी है, जो इसकी मजबूती को दिखाता है। एनालिस्टों ने 2030 तक कंपनी की क्षमता का अनुमान 30 GW से बढ़ाकर 40 GW कर दिया है।
डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल केवल जानकारी के लिए है। ऊपर दिए गए विचार और सिफारिशें, व्यक्तिगत विश्लेषकों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, न कि मिंट के। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि वे कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से जांच करें।