Aequs Share Price: शेयर बाजार में आज Aequs Limited के शेयरों ने शानदार लिस्टिंग दी है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर इसके शेयर 140 रुपये के भाव पर लिस्ट हुए। वहीं, इसका इश्यू प्राइस 124 रुपये प्रति शेयर था। यानी निवेशकों को पहले ही दिन 13 प्रतिशत का मुनाफा हुआ है।
104 गुना बुक हुआ आईपीओ
इस सार्वजनिक पेशकश में निवेशकों ने जमकर पैसा लगाया था। इसे तीन दिनों की बोली के दौरान 104 गुना सब्सक्राइब किया गया था। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के हिस्से को 122.93 गुना ज्यादा बोलियां मिलीं, जबकि नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) के हिस्से को 83.61 गुना ज्यादा बुक किया गया। इसके अलावा, खुदरा निवेशकों का हिस्सा भी 81.03 गुना से ज्यादा भरा।
फ्रेश और OFS का मिश्रण था IPO
एयरोस्पेस सेक्टर की कंपनी Aequs Limited का इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) 3 दिसंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था, जबकि 5 दिसंबर को बंद हुआ। इस इश्यू के माध्यम से कंपनी ने 921.81 करोड़ रुपये की रकम जुटाई। इसमें 670 करोड़ रुपये का फ्रेश इक्विटी इश्यू शामिल था, जबकि 251.81 करोड़ रुपये का ऑफर फॉर सेल (OFS) था।
इस काम में जुटी है कंपनी
कर्नाटक स्थित एयक्वेस अपने स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन (SEZ) में एक पूरी तरह से इंटीग्रेटेड एयरोस्पेस प्रीसिजन मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम चलाती है। यानी यह हवाई जहाजों के लिए महत्वपूर्ण कंपोनेंट्स बनाने का काम करती है। इसके साथ ही कंपनी स्ट्रक्चरल पार्ट्स, इंजन कंपोनेंट्स, लैंडिंग गियर सिस्टम, इंटीरियर, कार्गो मॉड्यूल जैसे महत्वपूर्ण पार्ट्स की सप्लाई भी करती है। इस कंपनी के ग्रोथ की अपार संभावनाएं हैं।
लॉन्ग टर्म ग्रोथ की भारी उम्मीद
मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि यह मजबूत मांग दिखाता है कि निवेशक एयक्वेस के लॉन्ग टर्म ग्रोथ की संभावनाओं पर पूरा भरोसा कर रहे हैं, भले ही कंपनी को शॉर्ट टर्म वित्तीय दबावों का सामना करना पड़ रहा हो। बता दें कि JM फाइनेंशियल लिमिटेड इस इश्यू के लिए बुक रनिंग लीड मैनेजर था, जबकि Kfin टेक्नोलॉजीज लिमिटेड रजिस्ट्रार थी।