
Ather Energy Q1 Results: इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर मैन्युफैक्चरर एथर एनर्जी ने सोमवार को फाइनेंशियल ईयर 2025-26 के पहले क्वार्टर के लिए अपना रिजल्ट जारी कर दिया है। कंपनी ने बताया कि उसके शुद्ध घाटे में 3 प्रतिशत की मामूली गिरावट आई है। यह 178 करोड़ रुपये दर्ज किया गया, जबकि बीते साल की समान अवधि में 183 करोड़ रुपये रिकॉर्ड किया गया था। हालांकि, इस दौरान ऑपरेशनल कमाई में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है। यह 79% बढ़कर 645 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले साल की समान तिमाही में 360.5 करोड़ रुपये था। इसके साथ कंपनी के खर्चों में भी उछाल देखने को मिला है। यह 851 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले साल की समान तिमाही में 551 करोड़ रुपये था। यानी 54 प्रतिशत खर्च बढ़ गया है। प्रति शेयर नुकसान में सुधार हुआ है। यह -7 रुपये से घटकर -5 रुपये प्रति शेयर हो गया।
कंपनी की ओर से दाखिल एक्सचेंज फाइलिंग के मुताबिक, एथर एनर्जी ने मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 46,000 इलेक्ट्रिक स्कूटरों की बिक्री, जो बीते साल की समान अवधि के मुकाबले 97% अधिक है। कंपनी का EBITDA मार्जिन भी सुधरा है। यह पिछले साल के -33% से बढ़कर 16% हो गया। यानी 1,700 बेसिस पॉइंट्स की बढ़त हासिल की है। इससे पता चलता है कि कंपनी मुनाफे की ओर तेजी से बढ़ रही है।
एथर एनर्जी के एक्जिक्यूटिव डायरेक्टर और CEO तरुण मेहता ने कहा, 'इस फाइनेंशियल ईयर का आगाज बेहतरीन रहा है। हमारे नए मॉडल रिज्टा की सफलता और रिटेल नेटवर्क के विस्तार ने हमें मजबूत स्थिति दी है। इस तिमाही में हम साउथ इंडिया में मार्केट शेयर के मामले में नंबर 1 रहे। अब हम मध्य भारत में तेजी से विस्तार कर रहे हैं, जो उम्मीद से ज्यादा तेजी से बढ़ रहा है। अगली कुछ तिमाहियों में हम उत्तरी भारत में अपने नेटवर्क को और मजबूत करेंगे। हमारी मार्जिन में भारी बढ़ोतरी हुई है, जो मुनाफे पर हमारे फोकस को दिखाता है। पैन-इंडिया विस्तार के बावजूद हमारा औसत बिक्री मूल्य (ASP) स्थिर रहा और मार्केट शेयर लगातार बढ़ रहा है।'
बता दें कि एथर एनर्जी ने कारोबारी सत्र के दौरान ही अपना परिणाम घोषित किया। रिजल्ट आने के बाद इसके शेयरों में 13 फीसदी की जोरदार बढ़ोतरी देखने को मिली और 392 रुपये के स्तर पर पहुंचकर 52 सप्ताह के उच्चतम स्तर पर पहुंच गए। मई 2025 में शेयरों में थोड़ी सुस्ती रही, इस दौरान यह अपने इश्यू प्राइस 328 रुपये से केवल 2 प्रतिशत प्रीमियम पर था। लेकिन तब से अब तक इसने 25 फीसदी का उछाल दर्ज कर लिया है।
डिस्क्लेमर: यह लेख केवल शैक्षिक उद्देश्यों के लिए है। ऊपर दिए गए विचार और सिफारिशें व्यक्तिगत विश्लेषकों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, न कि मिंट के। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि वे कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से जांच करें।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.