Banking sector Q3 Results: ICICI, IDBI और UCO बैंक के तिमाही नतीजे, जानें किसका कितना मुनाफा-किसे हुआ घाटा

Q3 Results: तीसरी तिमाही में बैंकों के नतीजे मिले-जुले रहे। ICICI बैंक के मुनाफे में हल्की गिरावट दिखी, IDBI बैंक का प्रदर्शन लगभग स्थिर रहा, जबकि UCO बैंक ने मजबूत बढ़त दर्ज की। कुल मिलाकर बैंकिंग सेक्टर में अलग-अलग रुझान सामने आए।

Priya Shandilya( विद इनपुट्स फ्रॉम एजेंसियां)
अपडेटेड17 Jan 2026, 08:24 PM IST
ICICI से लेकर UCO तक, बैंकों के Q3 नतीजे
ICICI से लेकर UCO तक, बैंकों के Q3 नतीजे(Bloomberg)

Q3 Results: तीसरी तिमाही के नतीजों में बैंकिंग सेक्टर की अलग-अलग तस्वीर सामने आई है। निजी बैंक से लेकर सरकारी बैंक तक, कहीं मुनाफे पर दबाव दिखा तो कहीं कमाई ने रफ्तार पकड़ी। आइए, ICICI Bank, IDBI Bank और UCO Bank के Q3 नतीजे जानते हैं।

ICICI Bank तिमाही नतीजे: मुनाफा घटा, लेकिन आय और एसेट क्वालिटी में सुधार

निजी क्षेत्र के ICICI Bank का एकल शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही (अक्टूबर–दिसंबर 2025) में सालाना आधार पर 4.02 प्रतिशत घटकर 11,318 करोड़ रह गया। हालांकि इस दौरान बैंक का कुल राजस्व 2 प्रतिशत बढ़कर 49,334 करोड़ पहुंच गया। ब्याज से आय 41,966 करोड़ रही, जबकि ब्याज पर खर्च घटकर 20,034 करोड़ रह गया। एसेट क्वालिटी के मोर्चे पर भी सुधार दिखा और सकल एनपीए का अनुपात 1.96 प्रतिशत से घटकर 1.53 प्रतिशत और शुद्ध एनपीए 0.42 प्रतिशत से कम होकर 0.37 प्रतिशत रह गया।

जमा और लोन में ग्रोथ

बैंक के औसत जमा सालाना आधार पर 8.7 प्रतिशत बढ़कर 15,86,088 करोड़ हो गए और औसत CASA अनुपात 39 प्रतिशत दर्ज किया गया। घरेलू ऋण 11.5 प्रतिशत की बढ़त के साथ 14,30,895 करोड़ पहुंच गया, जिसमें खुदरा और बिजनेस बैंकिंग, दोनों सेगमेंट में इजाफा हुआ। इसी बीच, बैंक के निदेशक मंडल ने आईसीआईसीआई बैंक के निदेशक मंडल ने प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी संदीप बक्शी को दो साल के लिए पुनर्नियुक्त करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। पुनर्नियुक्ति 04 अक्टूबर 2026 से 03 अक्टूबर 2028 तक के लिए होगी। बैंक के कार्यकारी निदेशक अजय कुमार गुप्ता को भी 27 नवंबर 2026 से 26 नवंबर 2028 तक पुनर्नियुक्त करने के प्रस्ताव को निदेशकमंडल की मंजूरी मिली है।

IDBI Bank तिमाही नतीजे: आय घटी, लेकिन एसेट क्वालिटी सुधरी

IDBI बैंक का दिसंबर 2025 को समाप्त तिमाही में शुद्ध लाभ लगभग स्थिर रहा। बैंक ने शनिवार को बताया कि इस दौरान उसने 1,935 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया है। पिछले साल इसी अवधि में यह 1,908 करोड़ था। हालांकि, कुल आय घटकर 8,282 करोड़ रह गई और बैंक की ब्याज आय भी पिछले साल के 7,816 करोड़ रुपये से कम होकर 7,074 करोड़ रुपये पर आ गई।

सकारात्मक पक्ष यह रहा कि बैंक की परिसंपत्ति गुणवत्ता में सुधार दिखा। सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (NPA) अनुपात घटकर 2.57 प्रतिशत रह गया, जबकि शुद्ध एनपीए 0.18 प्रतिशत पर स्थिर रहा। पूंजी पर्याप्तता अनुपात भी बेहतर होकर 24.63 प्रतिशत पहुंच गया। दूसरी ओर बैंक की परिसंपत्तियों पर प्रतिफल (ROA) में मामूली कमी देखी गई और यह वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही में घटकर 1.83 प्रतिशत रह गया, जो वित्त वर्ष 2024-25 की इसी तिमाही में 1.99 प्रतिशत था।

UCO Bank तिमाही नतीजे: मुनाफे में बढ़त

यूको बैंक ने Q3 में शानदार प्रदर्शन किया। दिसंबर 2025 तिमाही में बैंक का शुद्ध लाभ 16 प्रतिशत बढ़कर 740 करोड़ हो गया, जो पिछले साल 639 करोड़ था। कुल आय बढ़कर 7,521 करोड़ रही जो पिछले साल इसी अवधि में 7,406 करोड़ रुपये थी। वहीं, बैंक की ब्याज आय भी पिछले साल के 6,220 करोड़ रुपये से बढ़कर 6,652 करोड़ रुपये पर आ गई।

शुद्ध ब्याज आय (NII) 11.27 प्रतिशत की बढ़त के साथ 2,646 करोड़ पहुंची, जबकि परिचालन लाभ भी 5.93 प्रतिशत बढ़कर 1,680 करोड़ हो गया। एसेट क्वालिटी के मोर्चे पर भी सुधार दिखा- सकल एनपीए 2.41 प्रतिशत और शुद्ध एनपीए 0.36 प्रतिशत पर आ गया। पूंजी पर्याप्तता अनुपात भी सुधरकर 17.43 प्रतिशत हो गया।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़मार्केटBanking sector Q3 Results: ICICI, IDBI और UCO बैंक के तिमाही नतीजे, जानें किसका कितना मुनाफा-किसे हुआ घाटा
More
बिजनेस न्यूज़मार्केटBanking sector Q3 Results: ICICI, IDBI और UCO बैंक के तिमाही नतीजे, जानें किसका कितना मुनाफा-किसे हुआ घाटा