BEL Share Price Target: शेयर बाजार में आज तूफानी तेजी देखी जा रही है। इसी बीच, नवरत्न पीएसयू डिफेंस कंपनी भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) के शेयरों में 1.5 फीसदी तक का उछाल आया है। बुधवार, 18 मार्च को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर इसके शेयर 1.57% की शानदार बढ़ोतरी के साथ 446.25 रुपये के भाव पर पहुंच गए। इस मल्टीबैगर डिफेंस स्टॉक में यह तेजी कंपनी की तरफ से 1,011 करोड़ रुपये के नए ऑर्डर मिलने की जानकारी देने के बाद आई है।
कंपनी को मिले ₹1,010 करोड़ के नए ऑर्डर
BEL की इस तेजी के पीछे की सबसे बड़ी वजह इसकी मजबूत ऑर्डर बुक है। हाल ही में कंपनी ने ₹1,010 करोड़ के नए ऑर्डर हासिल किए हैं। इन ऑर्डर्स में कम्युनिकेशन इक्विपमेंट, रडार वार्निंग रिसीवर्स और फायर कंट्रोल सिस्टम जैसे महत्वपूर्ण रक्षा उपकरण शामिल हैं। इसके अलावा, कंपनी फाइटर एयरक्राफ्ट के लिए इलेक्ट्रो-ऑप्टिक साइट्स और फायर डिटेक्शन सिस्टम पर भी काम कर रही है। खास-बात यह है कि बीईएल हाई एनर्जी लेजर और ऑटोमैटिक ट्रेन सुपरविजन सिस्टम जैसे सेक्टर में भी अपनी पकड़ मजबूत कर रही है। इसके साथ ही, वित्त वर्ष 2026 में अब तक कंपनी को कुल 21,620 करोड़ रुपये के ऑर्डर मिल चुके हैं।
गोल्डमैन सैक्स ने दी BUY रेटिंग
इस स्टॉक पर दिग्गज ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म गोल्डमैन सैक्स ने अपना भरोसा जताया है और BUY रेटिंग दी है। ब्रोकरेज का मानना है कि आने वाले समय में यह स्टॉक 470 रुपये के लेवल को हिट कर सकता है, जो मौजूदा बाजार भाव से 5% से अधिक की बढ़त का संकेत है। ब्रोकरेज की मानें, तो कई बड़े प्रोजेक्ट्स अभी पाइपलाइन में हैं। चौथी तिमाही के आखिर तक NGC प्रोजेक्ट का पहला हिस्सा फाइनल होने की उम्मीद है, जिसकी वैल्यू 3,000-4,000 करोड़ रुपये के बीच है। इसके साथ ही 3,000 करोड़ रुपये का शत्रुघात प्रोजेक्ट और लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट के लिए 2,400 करोड़ रुपये के LRU ऑर्डर्स भी फाइनल स्टेज में हैं। इन कॉन्ट्रैक्ट्स को देखते हुए गोल्डमैन सैक्स ने कहा कि कंपनी वित्त वर्ष 2026 के लिए तय किए गए 27,000 करोड़ रुपये के ऑर्डर इनफ्लो टार्गेट को आसानी से हासिल कर लेगी।
BEL शेयर प्रदर्शन
बता दें कि हाल के दिनों में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) के शेयरों पर दबाव देखा गया है, लेकिन लॉन्ग टर्म में इन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया है। पिछले एक महीने के दौरान इसके शेयर 1 फीसदी नीचे गए हैं, जबकि 6 महीने में 8 फीसदी से ज्यादा का उछाल आया है। अगर साल 2026 के प्रदर्शन की बात करें, तो इस साल अब तक BEL के शेयर 11 प्रतिशत से ज्यादा का रिटर्न दे चुके हैं। वहीं, एक वर्ष की अवधि में 55 फीसदी की शानदार बढ़ोतरी हुई है। अगर 5 साल के आंकड़ें देखें, तो इस दौरान निवेशकों के लिए मल्टीबैगर साबित हुआ है। 5 साल में BEL के शेयर 900 प्रतिशत से ज्यादा का मुनाफा दिए हैं।
डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल केवल जानकारी के लिए है। ऊपर दिए गए विचार और सिफारिशें, व्यक्तिगत विश्लेषकों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, न कि मिंट के। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि वे कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से जांच करें।