
Bharat Forge Share Price: शेयर बाजार में बुधवार को भारी गिरावट के बाद गुरुवार को जोरदार रिकवरी देखी जा रही है। सेंसेक्स 500 अंकों से ज्यादा के उछाल के साथ 79,647 के लेवल पर पहुंच गया,जबकि निफ्टी 50 इंडेक्स लगभग 180 अंक चढ़कर 24,650.80 के लेवल पर आ गया। आज के कारोबार में बंपर खरीदारी की वजह से BSE पर लिस्टेड सभी कंपनियों के मार्केट कैपिटल में 3.9 लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई है। इसी बीच, भारत फोर्ज (Bharat Forge) के शेयरों में भी बड़ी हलचल देखने को मिली। ऑटो कम्पोनेंट बनाने वाली इस कंपनी के शेयर आज के शुरुआती कारोबार में 3.5% तक उछलकर 1904 के स्तर पर ट्रेड कर रहे थे। वहीं, बुधवार को 1,841.80 रुपये के लेवल पर बंद हुए थे।
भारत फोर्ज के शेयरों में इस तेजी के पीछे FTR इंटेलिजेंस के ताजा आंकड़े हैं। आंकड़ों के मुताबिक, उत्तरी अमेरिका में क्लास 8 ट्रकों के नेट ऑर्डर्स में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। फरवरी महीने में यह आंकड़ा 47,200 यूनिट्स तक पहुंच गया। यह जनवरी के मुकाबले 47% ज्यादा है। वहीं, पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले इसमें 159% का भारी-भरकम उछाल आया है। भारत फोर्ज के निर्यात (Exports) का एक बहुत बड़ा हिस्सा उत्तरी अमेरिका के कमर्शियल और इंडस्ट्रियल व्हीकल सेगमेंट से आता है। जब वहां ट्रकों की मांग बढ़ती है, तो भारत फोर्ज के पास ऑर्डर्स की लाइन लग जाती है।
CNBC TV-18 की रिपोर्ट के मुताबिक, यह आंकड़ा सितंबर 2022 के बाद का उच्चतम स्तर है। यह लगातार तीसरा महीना है जब कुल ऑर्डर्स में पिछले साल के मुकाबले 20% से ज्यादा की बढ़ोतरी देखी गई है। पिछले 10 सालों में फरवरी का औसत ऑर्डर केवल 24,991 यूनिट्स रहा है, जिसके मुकाबले मौजूदा आंकड़े लगभग दोगुना हैं। एक्सपर्ट्स इस उछाल को रिकवरी की शुरुआत मान रहे हैं। आंकड़ों के अनुसार, 2026 के ऑर्डर सीजन (सितंबर 2025 से फरवरी 2026) में पिछले साल के मुकाबले 4% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
कॉमर्शियल व्हीकल सेगमेंट के सीनियर एनालिस्ट डैन मोयर ने कहा, यह तेजी केवल पुरानी गाड़ियों के रिप्लेसमेंट तक सीमित नहीं है। अब बाजार में एक निरंतरता और गहराई दिख रही है। इससे यह संकेत मिलता है कि माल ढुलाई यानी फ्रेट फंडामेंटल्स में सुधार हो रहा है। इसका सीधा मतलब यह है कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था में व्यापारिक गतिविधियां तेज हो रही हैं, जिसका फायदा भारत फोर्ज जैसी सप्लायर कंपनियों को मिलना तय है।
बता दें कि कंपनी अपनी वित्तीय स्थिति को मजबूत करने के लिए इंटर्नल लेवल पर भी कई अहम फैसले ले रही है। बीते कल यानी बुधवार को भारत फोर्ज के बोर्ड की मीटिंग हुई। इस बैठक में कंपनी ने 800 करोड़ रुपये के अनसेक्योर्ड रुपी टर्म लोन लेने की मंजूरी दी है। इसके अलावा, कंपनी ने टर्म लोन, नॉन-कन्वर्टिबल डिबेंचर (NCDs)या अन्य डेट सॉल्यूशंस के जरिए 2000 करोड़ रुपये जुटाने के लिए मंजूरी दी है। इस फंड को जुटाने की प्रक्रिया की जिम्मेदारी कंपनी की इन्वेस्टमेंट कमेटी को सौंपी गई है।
डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल केवल जानकारी के लिए है। ऊपर दिए गए विचार और सिफारिशें, व्यक्तिगत विश्लेषकों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, न कि मिंट के। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि वे कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से जांच करें।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.