Airtel Q3 Results: मुनाफा 55% गिरा, लेकिन राजस्व और ग्राहकों में बढ़त! क्या खर्च कंपनी की रणनीति पर भारी पड़ रहा है?

Bharti Airtel Q3 Results: एयरटेल का तीसरी तिमाही का शुद्ध लाभ 55% घटकर 6,631 करोड़ रुपये रहा। खर्च बढ़ने से दबाव आया, लेकिन राजस्व, ग्राहक आधार और ARPU में बढ़त दर्ज हुई। कंपनी ने इसे मजबूत रणनीति का नतीजा बताया और आगे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।

Priya Shandilya
पब्लिश्ड5 Feb 2026, 08:40 PM IST
Airtel Q3 Results: भारती एयरटेल का तीसरी तिमाही में शुद्ध लाभ 55 प्रतिशत घटकर 6,631 करोड़ रुपये।
Airtel Q3 Results: भारती एयरटेल का तीसरी तिमाही में शुद्ध लाभ 55 प्रतिशत घटकर 6,631 करोड़ रुपये।

Airtel Q3 Results: भारती एयरटेल ने वित्त वर्ष 2025-26 की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही के नतीजे जारी किए हैं। कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ सालाना आधार पर करीब 55 फीसदी गिरकर 6,630.5 करोड़ रुपये रह गया। पिछली साल की इसी तिमाही में एयरटेल ने 14,781.2 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया था। हालांकि राजस्व और ग्राहक आधार में बढ़ोतरी ने कंपनी को मजबूती दी है।

मुनाफा क्यों घटा?

कंपनी ने बताया कि इस गिरावट की बड़ी वजह नेटवर्क संचालन की बढ़ती लागत, लाइसेंस और स्पेक्ट्रम से जुड़े शुल्क, और कर्मचारियों पर बढ़ा खर्च है। तिमाही के दौरान लाइसेंस शुल्क और स्पेक्ट्रम फीस पर खर्च 7 फीसदी बढ़कर 3,846 करोड़ रुपये पहुंच गया। वहीं कर्मचारियों पर खर्च भी 21 फीसदी उछलकर 1,958 करोड़ रुपये हो गया।

निवेश पर फोकस, कैपेक्स में जोरदार बढ़ोतरी

एयरटेल ने नेटवर्क को मजबूत करने और भविष्य की जरूरतों के लिए निवेश जारी रखा। समीक्षा अवधि में कंपनी का कुल पूंजीगत व्यय 28 फीसदी बढ़कर 11,787 करोड़ रुपये हो गया। भारत में ही कैपेक्स 16 फीसदी बढ़कर 9,249.5 करोड़ रुपये पहुंच गया। इससे साफ है कि कंपनी 5G और नेटवर्क विस्तार को लेकर आक्रामक रणनीति पर काम कर रही है।

कमाई में मजबूती, रेवेन्यू ने दिया सहारा

जहां मुनाफे पर दबाव दिखा, वहीं कमाई के मोर्चे पर तस्वीर ज्यादा मजबूत रही। तीसरी तिमाही में एयरटेल की परिचालन आय 19.6 फीसदी बढ़कर 53,982 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 45,129.3 करोड़ रुपये थी।। भारत में कंपनी की आय 13.2 फीसदी की सालाना बढ़त के साथ 39,226 करोड़ रुपये पहुंची। बेहतर कलेक्शन और बढ़ते ग्राहकों की वजह से मोबाइल सेवाओं से रेवेन्यू में भी 9.1 फीसदी का इजाफा हुआ।

ग्राहक आधार और ARPU में सुधार

ग्राहकों के मोर्चे पर एयरटेल ने अच्छी रफ्तार दिखाई। तिमाही के दौरान कंपनी का कुल ग्राहक आधार 11.8 फीसदी बढ़कर 57.6 करोड़ हो गया। भारत में ग्राहकों की संख्या 12.6 फीसदी बढ़कर 41.38 करोड़ पहुंची, जबकि अफ्रीकी कारोबार में यह 10 फीसदी बढ़कर 17.93 करोड़ हो गई।

साथ ही, प्रति ग्राहक औसत कमाई यानी ARPU भी 5.7 फीसदी बढ़कर 259 रुपये हो गई, जो पिछले साल इसी तिमाही में 245 रुपये थी।

मैनेजमेंट का क्या कहना है

कंपनी के कार्यकारी वाइस चेयरमैन गोपाल विट्टल ने कहा कि तीसरी तिमाही भी परिचालन के लिहाज से मजबूत रही। उनके मुताबिक, 53,982 करोड़ रुपये का एकीकृत राजस्व एयरटेल की विविध और संतुलित रणनीति को दिखाता है, जो आगे भी ग्रोथ को सपोर्ट करेगी।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़मार्केटAirtel Q3 Results: मुनाफा 55% गिरा, लेकिन राजस्व और ग्राहकों में बढ़त! क्या खर्च कंपनी की रणनीति पर भारी पड़ रहा है?
More
बिजनेस न्यूज़मार्केटAirtel Q3 Results: मुनाफा 55% गिरा, लेकिन राजस्व और ग्राहकों में बढ़त! क्या खर्च कंपनी की रणनीति पर भारी पड़ रहा है?