BHEL OFS Opens: भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (BHEL) के निवेशकों के लिए आज का दिन बेहद अहम होने वाला है। केंद्र सरकार ने इस दिग्गज सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी (PSU) में अपनी हिस्सेदारी बेचने का बड़ा फैसला लिया है। बुधवार, 11 फरवरी से ऑफर फॉर सेल (OFS) खुल रहा है। इसके जरिए आम निवेशक मार्केट प्राइस से काफी कम कीमत पर निवेश कर सकते हैं। सरकार इस प्रक्रिया के जरिए अपना विनिवेश लक्ष्य पूरा कर रही है। इसके साथ महारत्न कंपनी की लिक्विडिटी भी बढ़ेगी।
BHEL OFS फ्लोर प्राइस
सरकार ने इस ऑफर फॉर सेल (OFS) के लिए 24 रुपये का प्रति शेयर का फ्लोर प्राइस तय किया है। अगर हम मंगलवार को बंद भाव (275.90 - 276.05 रुपये) पर गौर करें, तो सरकार लगभग 8 प्रतिशत के डिस्काउंट पर ये शेयर बेच रही है। योजना के मुताबिक, शुरुआती तौर पर कंपनी की 3 प्रतिशत हिस्सेदारी यानी लगभग 10.44 करोड़ इक्विटी शेयर बेचे जाएंगे।
बेची जा सकती है 2% अतिरिक्त हिस्सेदारी
हालांकि, सरकार ने इसमें एक ग्रीनशू ऑप्शन भी रखा है। इसका मतलब है कि निवेशकों की ओर से जबरदस्त मांग आती है और रिस्पॉन्स अच्छा रहता है, तो सरकार अतिरिक्त 2 प्रतिशत हिस्सेदारी करीब 6.96 करोड़ शेयर और बेच सकती है। इस तरह कुल विनिवेश 5 प्रतिशत तक जा सकता है। भारी उद्योगों के मंत्रालय के माध्यम से राष्ट्रपति इस समय भेल की प्रमोटर हैं और वर्तमान में उनकी हिस्सेदारी 63.17 प्रतिशत है।
दो दिन खुली रहेगी सब्सक्रिप्शन विंडो
शेयर बाजार की मानक प्रक्रियाओं के तहत, यह बिक्री दो अलग-अलग दिनों में होगी। बुधवार, 11 फरवरी को केवल नॉन-रिटेल इन्वेस्टर्स के लिए विडों ओपन हो रही है। नॉन-रिटेल इन्वेस्टर्स सुबह 9:15 बजे से दोपहर 3:30 बजे के बीच अपनी बोलियां लगा सकते हैं। वहीं, छोटे और व्यक्तिगत निवेशकों के लिए सबसे महत्वपूर्ण दिन गुरुवार, 12 फरवरी का होगा। रिटेल निवेशक और कंपनी के कर्मचारी कल अपनी बोलियां जमा कर सकेंगे। खुदरा निवेशकों के लिए कुल 1,04,46,189 शेयर रिजर्व रखे गए हैं।